ट्रैक्टर ने स्कूटी को मारी टक्कर, मौत
|
01 Oct 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 1 अक्टूबर। नवापारा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
राजिम निवासी अख्तर अली (55) सब्जी लेने और अन्य जरूरी काम से नवापारा आए थे। काम निपटाने के बाद वे एक होटल में चाय पीने पहुंचे। इसके बाद स्कूटी से राजिम वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मैडम चौक के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अख्तर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल अख्तर अली को नवापारा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल नवापारा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में दिन-रात रेत से भरे ट्रैक्टर और अन्य वाहनों का आवागमन होता है। कई वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने रेत परिवहन करने वाले वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।