छत्तीसगढ़ /

नवा रायपुर में 406 एकड़ में बनेगा मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क

छत्तीसगढ़ संवाददाता रायपुर, 30 सितंबर। भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत नवा रायपुर में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम बढ़ाया है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक हुई। इसमें छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीआरडीए) के प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के प्रस्ताव पर चर्चा की गई और इसे केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई। नवा रायपुर में करीब 406.72 एकड़ क्षेत्र में यह औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। बैठक में डीपीआर, मास्टर प्लान, भूमि उपलब्धता, अधोसंरचना, लागत, वित्तीय व्यवस्था और भव्य की संचालन गाइडलाइन के संबंध में जानकारी दी गई। कमेटी की मंजूरी के बाद अब सीआरडीए निर्धारित प्रक्रिया के तहत परियोजना का प्रस्ताव केंद्रीय उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग को भेजेगा। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के अगले चरण पर काम शुरू होगा। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक उमेश कुमार झा, एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार और कलेक्टर रायपुर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।

Leave Your Comment

Click to reload image