सामान्य ज्ञान

गुफा में बंद राजा, मां की सीख से बची जान:कहानी- 9 बातें ध्यान रखें, बड़ी हार के बाद भी जीवन बदल सकता है

पुराने समय में एक राजा के सभी पड़ोसी राज्य दुश्मन हो गए थे। एक दिन सभी शत्रुओं ने एकजुट होकर राजा के राज्य पर हमला कर दिया। राजा और उसके सैनिकों ने बहादुरी से मुकाबला किया, लेकिन शत्रुओं की संख्या बहुत अधिक थी, इस कारण वे ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। देखते ही देखते राजा की सेना के अधिकतर सैनिक मारे गए और बाकी सैनिक भी चारों ओर बिखर गए। राजा को समझ आ गया कि इस समय और युद्ध करना संभव नहीं है। वह अपनी जान बचाने के लिए जंगल की ओर भाग गया। शत्रु सैनिक भी उसका पीछा करने लगे। भागते-भागते राजा को एक गुफा दिखाई दी। वह तुरंत गुफा के अंदर छिप गया। कुछ देर बाद शत्रु सैनिक भी उस गुफा के पास पहुंच गए। उन्होंने ने राजा को गुफा में जाते हुए देख लिया था, शत्रु सैनिक गुफा के अंदर जाने से डर रहे थे। उन्होंने गुफा के मुहाने पर बड़े-बड़े पत्थर रख दिए, ताकि राजा बाहर न निकल सके और अंदर ही भूख-प्यास से मर जाए। गुफा बंद करने के बाद वे वहां से चले गए। गुफा के अंदर राजा बहुत परेशान था। वह युद्ध लड़ते-लड़ते और फिर लगातार भागते हुए बहुत थक चुका था। उसे भूख और प्यास भी लग रही थी। उसे लगने लगा कि अब उसकी जिंदगी यहीं खत्म होने वाली है। तभी उसे अपनी मां की दी हुई सीख याद आई। उसकी मां हमेशा कहा करती थीं, “मुसीबत कितनी भी बड़ी हो, कोशिश करना कभी मत छोड़ना। जब तक रास्ता पूरी तरह बंद न हो, तब तक उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए।” मां की सीख याद आते ही राजा के अंदर फिर से हिम्मत आ गई। उसने गुफा के मुहाने पर लगे पत्थरों को हटाने की कोशिश शुरू कर दी। पत्थर बहुत बड़े-बड़े और भारी थे, लेकिन राजा लगातार कोशिश करता रहा। वह कुछ देर थकता, फिर आराम करता और दोबारा पत्थर हटाने लगता। काफी मेहनत के बाद पत्थरों के बीच एक छोटा सा रास्ता बन गया। राजा किसी तरह उस रास्ते से बाहर निकल आया। वह जंगल के रास्ते अपने मित्र राजा के राज्य में पहुंचा। मित्र राजा ने उसकी सहायता की। कुछ समय बाद राजा ने अपनी सेना फिर से तैयार की और शत्रुओं से अपना राज्य फिर से हासिल कर लिया। कहानी की सीख 1. असफलता जीवन का अंत नहीं होती अगर किसी काम में पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली, तो इसका मतलब यह नहीं है कि हम अब कभी सफल ही नहीं होंगे। हार जीवन का अंत नहीं होती। असफलता हमें बताती है कि हमारी कोशिश में सुधार की जरूरत है। पिछली गलतियों को सुधारते हुए दोबारा शुरुआत करनी चाहिए। 2. छोटी-छोटी कोशिशों का महत्व समझें कई बार हम बड़ी समस्या देखकर डर जाते हैं। हमें लगता है कि इसे हल करना बहुत मुश्किल है। ऐसे समय में पूरी समस्या के बारे में सोचने के बजाय उसे छोटे-छोटे हिस्सों में हल करने की कोशिश करें। छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर बड़ा लक्ष्य पूरा कर सकती हैं। 3. खुद से सकारात्मक बातें करें असफल होने पर मन में बार-बार यह विचार आ सकता है कि “मैं यह काम नहीं कर सकता।” ऐसे विचारों से बचें और खुद से कहें, “अभी सफलता नहीं मिली है, लेकिन मैं फिर कोशिश कर सकता हूं और इस बार सफलता जरूर मिलेगी।” इस तरह सोच-विचार करने से हिम्मत बढ़ती है। 4. समस्या से भागने के बजाय रास्ता खोजें मुश्किल समय में भाग जाना आसान लगता है, लेकिन इससे समस्या खत्म नहीं होती। कुछ देर रुककर सोचें कि आपके पास कौन-कौन से विकल्प हैं। जरूरत पड़े, तो परिवार, दोस्तों या किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लें। समस्या से भागने के बजाय उसका सामना करेंगे, तो सफलता जरूर मिलेगी। 5. धैर्य बनाए रखें सफलता तुरंत नहीं मिलती। कई लोगों को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में लंबे समय तक लगातार मेहनत करनी पड़ती है। इसलिए परिणाम आने में समय लगे, तो निराश न हों। धैर्य न छोड़ें और अपना काम करते रहें। 6. अपनी गलतियों को पहचानें सिर्फ मेहनत करते रहना ही पर्याप्त नहीं है। यह भी देखना जरूरी है कि पिछली कोशिशें क्यों असफल हुईं। अपनी गलती पहचानकर अगली कोशिश में बदलाव करेंगे, तो सफलता मिलने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। 7. अंतिम समय तक प्रयास करें कई बार हमें लगता है कि सभी रास्ते बंद हो गए हैं, जबकि वास्तव में कोई छोटा रास्ता अभी भी बचा होता है। राजा की तरह हमें भी उस छोटे रास्ते को खोजने की कोशिश करनी चाहिए। अंतिम समय तक प्रयास करते रहने से मुश्किल काम भी सफल हो सकता है। 8. खुद पर विश्वास रखें मुश्किल परिस्थितियों में सबसे जरूरी गुण है आत्मविश्वास। अगर हम खुद ही मान लें कि अब हम सफल नहीं हो सकते, तो कोशिश करने की ताकत कम हो जाती है। इसलिए किसी भी स्थिति में आत्मविश्वास कमजोर न होने दें। 9. असफलता के लिए भी सकारात्मक सोच रखें असफलता हमें रोकने के लिए नहीं, बल्कि बेहतर बनाने के लिए भी आ सकती है। इसलिए मुश्किल समय में घबराने के बजाय शांत रहें, अपनी गलतियों से सीखें और तब तक प्रयास करते रहें, जब तक आपके पास कोशिश करने का एक भी रास्ता मौजूद है।

Leave Your Comment

Click to reload image