राज्य स्तर बास्केटबॉल स्पर्धा के लिए गुंडाधुर महाविद्यालय की 4 छात्राओं का चयन
|
27 Oct 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 26 अक्टूबर। शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोण्डागांव की 4 छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल महिला प्रतियोगिता के लिए किया गया है। सभी छात्राएं इस प्रतियोगिता में कांकेर सेक्टर बास्केटबॉल महिला दल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
छात्राओं पुष्पा मरकाम, मोना दुग्गा, नंदनी, लक्ष्मी देवांगन का चयन भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर में आयोजित सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ। उक्त प्रतियोगिता में कांकेर सेक्टर के महाविद्यालयों से दलों ने सहभागिता की थी।
राज्य स्तरीय बास्केटबॉल महिला प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 27 अक्टूबर तक गजानंद अग्रवाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भाटापारा जिला बलौदाबाजार में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य की 12 सेक्टर की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाडिय़ों के लिए भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर में 24 से 25 अक्टूबर तक विशेष प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया है।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी एच.आर. यदु ने बताया कि प्राचार्या डॉ. सरला आत्राम के कुशल मार्गदर्शन से महाविद्यालय में जुलाई से ही उच्च शिक्षा विभाग में शामिल विभिन्न खेलों का नियमित एवं व्यवस्थित अभ्यास कराया जा रहा है। इसी सतत अभ्यास एवं परिश्रम का परिणाम है कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
छात्राओं के इस गौरवपूर्ण चयन पर महाविद्यालय परिवार के समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थीगण ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा आशा व्यक्त की कि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।