2 नवंबर को एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव
|
23 Oct 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 22 अक्टूबर। आगामी राज्योत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज संयुक्त जिला कार्यालय (कलेक्टोरेट) के डंकनी सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. भार्गव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्योत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
इस वर्ष जिले में 02 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन सशक्त नारी, युवा उड़ान थीम पर किया जाएगा। इस थीम के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को जोडऩे पर विशेष जोर दिया जाएगा। राज्योत्सव के दौरान जिले में संचालित विकास कार्यों, उपलब्धियों और विभिन्न विभागों की योजनाओं को प्रदर्शित करने के साथ ही स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में सीईओ श्री भार्गव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्था, मंच सज्जा, विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आमंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने तथा आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।