छत्तीसगढ़ /

नवरात्र पर गरबे के रंग में रंगा कोंडागांव, विधायक लता

उसेंडी भी हुईं शामिल कोंडागांव, 16 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र पर कोंडागांव में भक्ति और गरबे का उत्साह देखने को मिल रहा है। चिखलपुटी स्थित मां दुर्गा माता मंदिर में रासरंग मां दुर्गा समिति द्वारा आयोजित नौ दिवसीय गरबा महोत्सव शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आयोजन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं, वहीं गरबा देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस आयोजन की खास बात यह है कि गरबा खेलने के लिए किसी विशेष ड्रेस कोड की बाध्यता नहीं रखी गई है। इसके चलते प्रतिभागी विभिन्न वेशभूषाओं में शामिल होकर गरबा महोत्सव को रंगीन और आकर्षक बना रहे हैं। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन गरबा आयोजन में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। गुरुवार को पंचमी के अवसर पर कोंडागांव विधायक लता उसेंडी भी चिखलपुटी स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की तरक्की, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद विधायक उसेंडी गरबा आयोजन में भी शामिल हुईं और लोगों के साथ उत्सव का आनंद लिया। उनकी उपस्थिति से आयोजन में उत्साह और बढ़ गया।

Leave Your Comment

Click to reload image