छत्तीसगढ़ /

मनोकामना ज्योति कलशों का विसर्जन, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोण्डागांव, 21 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को नगर के बाजारपारा स्थित शीतला माता मंदिर (माता गुड़ी) परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाअष्टमी पर रविवार शाम हवन, पूजन और आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सोमवार को महानवमी पर कन्या भोज के बाद प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महानवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में स्थापित 1751 मनोकामना ज्योति कलशों के विसर्जन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि जल को दूषित होने से बचाने के लिए मुख्य कलश सहित केवल 21 ज्योति कलशों का राम मंदिर तालाब में विधि-विधान से विसर्जन किया गया। विसर्जन से पहले दीपों में मौजूद तेल और घी निकाल लिया गया, ताकि जल की शुद्धता बनी रहे। शेष मनोकामना ज्योति कलशों का मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विसर्जन किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image