छत्तीसगढ़ /

सडक़ हादसे में सेना के जवान की मौत, 5 जख्मी

गृहग्राम पल्ली शामपुर में तिरंगे के साथ दी श्रद्धांजलि पेड़ से टकराई थी बोलेरो, साथी जवान सहित 6लोग हुए थे घायल छत्तीसगढ़ संवाददाता कोंडागांव, 25 अक्टूबर। कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के गट्टीपलना मोड़ पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में भारतीय सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई, जबकि उनके साथी जवान मनीष नेताम सहित छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। शनिवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जवान के गृहग्राम पल्ली शामपुर पहुंचकर तिरंगे के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सात लोग पांडेआठगांव में एक कार्यक्रम देखने जा रहे थे। इसी दौरान गट्टीपलना मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना में पल्ली निवासी सुंदरलाल नेताम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में साथी जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार नंदलाल नेताम, दिनेश नेताम, सुनेश मरकाम, तेजलाल नेताम और परदेशी कोर्राम भी घायल हुए। सूचना मिलने पर सडक़ सुरक्षा समिति के सदस्यों ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को फरसगांव अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 2017 में सेना में भर्ती हुए थे सुंदरलाल सुंदरलाल नेताम वर्ष 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। देश की सेवा में जुटे जवान की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार, गांव और पूर्व सैनिक समाज में शोक की लहर है। शनिवार, 24 अक्टूबर को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पल्ली शामपुर पहुंचकर दिवंगत जवान को तिरंगे की सलामी दी और उनके सैन्य सेवा, समर्पण तथा राष्ट्र के प्रति योगदान को नमन किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों ने दिवंगत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, सह सचिव रवि ठाकुर, फरसगांव ब्लॉक सचिव रिकेश कुमार कुंवर, सदस्य रतिराम शोरी और ढालेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave Your Comment

Click to reload image