छत्तीसगढ़ /

जिले के 10 प्रमुख उद्योगों ने अपनाई सौर ऊर्जा, हरित ऊर्जा की ओर बढ़ाए कदम

उद्योगों में 53.03 मेगावॉट से अधिक क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित छत्तीसगढ़ संवाददाता राजनांदगांव, 8 अक्टूबर। राजनांदगांव जिला सौर ऊर्जा के उपयोग और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ जिले के औद्योगिक संस्थान भी स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर इस अभियान में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहे हैं। जिले के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों द्वारा अपने परिसरों में लगभग 53.03 मेगावॉट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं। सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली का उपयोग औद्योगिक गतिविधियों में किए जाने से परंपरागत बिजली की खपत और बिजली बिल में कमी आ रही है। इसके साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। औद्योगिक गतिविधियों के संचालन में बड़ी मात्रा में बिजली की आवश्यकता होती है। ऐसे में सौर ऊर्जा उद्योगों के लिए किफायती, स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा विकल्प के रूप में उभर रही है। जिले के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों ने उपलब्ध परिसर एवं आवश्यकता के अनुरूप सोलर प्लांट स्थापित कर बिजली की जरूरतों की पूर्ति में सौर ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ाई है। इससे उद्योगों को ऊर्जा व्यय कम करने के साथ परंपरागत ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटाने में भी सहायता मिल रही है। बड़े उद्योगों ने अपनाई सौर ऊर्जा जिले के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों में सौर ऊर्जा के उपयोग को लेकर उत्साहजनक पहल की गई है। धनलक्ष्मी पेपर मिल डोंगरगांव में 650 किलोवॉट, डोंगरगांव पेपर मिल में 11 मेगावॉट, यूनीफैब्स स्लीपर प्राइवेट लिमिटेड डोंगरगढ़ में 145 किलोवॉट, राजाराम मेज प्रोडक्ट में 8 मेगावॉट तथा सिम्प्लेक्स इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड में 660 किलोवॉट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं। इसी प्रकार क्रेस्ट स्टील एण्ड पॉवर प्राइवेट लिमिटेड में 300 किलोवॉट, बरार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में 150 किलोवॉट, श्रीराम सीमलेश प्राइवेट लिमिटेड में 125 किलोवॉट, हीरा स्टील खैरझीटी में 17 मेगावॉट तथा एबीस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड बड़भूम डोंगरगांव में 15 मेगावॉट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं। इस प्रकार इन प्रमुख औद्योगिक संस्थानों में कुल मिलाकर लगभग 53.03 मेगावॉट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image