रमन के जन्मदिन कार्यक्रम में राज्यपाल-मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल रहेगा मौजूद
|
09 Oct 2026
छत्तीसगढ़संवाददाता
राजनांदगांव, 9अक्टूबर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के 15 अक्टूबर को जन्मदिन को खास बनाने के लिए उनके समर्थक व पार्टी कार्यकर्ता एक बड़े आयोजन के जरिये इस मौके को यादगार बनाने जोरों से तैयारी कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के अलावा निजी तौर पर भी कई समर्थक आयोजन करने जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में स्थानीय दिग्विजय स्टेडियम में डॉ. सिंह के जन्मदिन मनाने के लिए भव्य कार्यक्रम तैयार किया गया है। कार्यक्रम की रूपरेखा में गीत-संगीत के अलावा प्रदेश की तमाम बड़ी हस्तियों की मौजूदगी बनेगी।
बताया जा रहा है कि 15 अक्टूबर को भाजपा कार्यालय के अलावा डॉ. सिंह के करीबी भावेश बैद की ओर से यादगार बनाने के लिए वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। बताया जा रहा है कि डॉ. सिंह के जन्मदिन के मौके पर प्रदेश के राज्यपाल रामेन डेका व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा छत्तीसगढ़ सरकार के सभी मंत्रीगण भी मौजूद रहेंगे। साथ ही भाजपा संगठन के प्रमुख पदाधिकारी से लेकर निगम-मंडलों के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
विस अध्यक्ष के जन्मदिन को मनाने के लिए शहर में अभी से तैयारी दिख रही है। शहर के चौक-चौराहों में बधाई देने से जुड़े बैनर-पोस्टर भी चस्पा किए जा रहे हैं। थोक के भाव में फ्लैक्स भी तैयार किया जा रहा है। डॉ. सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए समर्थकों ने बड़े होर्डिंग्स को बुक कर लिया है।
इस संबंध में प्रमुख आयोजक भावेश बैद ने छत्तीसगढ़ को बताया कि विस अध्यक्ष डॉ. सिंह के जन्मदिन को जन्मोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। राजनंादगांव की जनता लाडले विधायक के जन्मदिन को मनाने के लिए उत्साह के साथ तैयारी में जुटी हुई है। इधर दिग्विजय स्टेडियम में मंच और अन्य सुविधाओं की तैयारी की जा रही है।
गायक नौटियाल देंगे मनमोहक प्रस्तुति
डॉ. सिंह के जन्मदिन को विस्मरणीय बनाने के लिए बालीवुड सिंगर जुबीन नौटियाल मनमोहक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। जुबीन ने बालीवुड में कई हिट गाने दिए हैं। उनकी सुमधुर आवाज युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। नौटियाल भक्ति आधारित गीतों को भी आवाज देने के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा फिल्मी गानों को भी अपनी सुमधुर आवाज से काफी लोकप्रिय बनाया है। नौटियाल मूलत: उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले हैं। उनकी आवाज के कई दीवाने हैं। युवाओं को उनके गाये गीत काफी सुहाते हैं। राजनांदगांव में पहली बार हो रहे जुबीन के कार्यक्रम को देखने और सुनने के लिए लोगों को 15 अक्टूबर का बेसब्री से इंतजार है।