छत्तीसगढ़
"छत्तीसगढ़: संस्कृत दिवस के अवसर पर शिक्षा मंत्री का विचार, संस्कृत के महत्व को प्रमोट करने के प्रयास"
रायपुर: संस्कृत दिवस श्रावण पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् द्वारा राज्य स्तर पर सप्ताह का आयोजन रक्षाबंधन के 3 दिन पूर्व और 3 दिवस बाद तक किया जाता है। विभिन्न जयंतियों - वाल्मिकि जयंती, कालीदास जयंती, गीता जयंती, गुरू पूर्णिमा का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता रहती है। संस्कृत दिवस के दिन वेद शास्त्रों की पूजा एवं महत्ता पर चर्चा एवं विद्वत्संगोष्ठी का आयोजन किया जाता है।
भारत की प्राचीनतम भाषा संस्कृत में भारत का सर्वस्व संन्निहित है। देश के गौरवमय अतीत को हम संस्कृत के द्वारा ही जान सकते हैं। संस्कृत भाषा का शब्द भण्डार विपुल है। यह भारत ही नहीं अपितु विश्व की समृद्ध एवं सम्पन्न भाषा है। भारत का समूचा इतिहास संस्कृत वाड्मय से भरा पड़ा है। आज प्रत्येक भारतवासी के लिए विशेषकर भावी पीढ़ी के लिए संस्कृत का ज्ञान बहुत ही आवश्यक है।
संस्कृत भाषा ने अपनी विशिष्ट वैज्ञानिकता के कारण भारतीय विरासत को सहेजकर रखने में अपना अप्रतिम योगदान दिया है। संस्कृत ऐसी विलक्षण भाषा है जो श्रुति एवं स्मृति में सदैव अविस्मरणीय है। अतिप्राचीन काल में संरक्षित-संग्रहित भारत की यह विपुल ग्रंथ सम्पदा संस्कृत के कारण ही सुरक्षित रही है। संस्कृत की महत्ता को सम्पूर्ण विश्व ने स्वीकारा है। संस्कृत को भारतीय शिक्षा में अनिवार्य करना आवश्यक है। शिक्षा में इसकी अनिवार्यता को लेकर केन्द्रीय संस्कृत आयोग ने 1959 में - माध्यमिक स्कूलों में संस्कृत को अनिवार्य शिक्षा करने के साथ मातृभाषा तथा क्षेत्रीय भाषा पढ़ाई जाने की अनुसंशा की। संस्कृत शाला एवं संस्कृत महाविद्यालय प्रारंभ करने के लिए शासन द्वारा 90 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की गई है।
संस्कृत परिष्कृत, संस्कारित एवं वैज्ञानिक भाषा है। आदिकाल से वेद, रामायण, महाभारत सहित विशिष्ट विषयों को भारतीय मस्तिष्क में संस्कृत के संबल पर सहेज कर रखा है। वेद, रामायण, महाभारत आदि ग्रंथ श्रुति एवं स्मृति परिचारों में सुरक्षित रखते हुए आज लिपिबद्ध रूप में गोचर हो रहे हैं। इससे बड़ा प्रमाण कोई नहीं हो सकता।
संस्कृत भाषा का अपना एक वैज्ञानिक महत्व है। नासा के वैज्ञानिकों के अनुसार संस्कृत एक सम्पूर्ण वैज्ञानिक भाषा है। प्राचीन भारत में बोल-चाल की भाषा में संस्कृत का ही उपयोग किया जाता था। इससे नागरिक अधिक और मानसिक रूप से अधिक संतुलित रहा करते थे। संस्कृत के मंत्रों का उच्चारण करते समय मानव स्वास्थ्य पर विशेष प्रभाव पड़ता है। मंत्रोच्चार के समय वाइब्रेशन से शरीर के चक्र जागृत होते हैं और मानव का स्वास्थ्य बेहतर रहता है। बहुत सी विदेशी भाषाएं भी संस्कृत से जन्मी हैं। फ्रेंच, अंग्रेजी के मूल में संस्कृत निहित है। संस्कृत में सबसे महत्वपूर्ण शब्द ‘ऊँ’ अस्तित्व की आवाज और आंतरिक चेतना एवं ब्रम्हाण्ड का स्वर है। प्राचीन धरोहर की खोज करने का मुख्य मापदण्ड संस्कृत है। संस्कृत की महत्ता को देखते हुए जर्मनी में 14 से अधिक विश्व विद्यालयों में संस्कृत का अध्ययन कराया जाता है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का कहना है कि हमारे वेद पुराण और गीता आदि संस्कृत में लिखे गए हैं। हमें अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए राज्य शासन द्वारा हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार के प्रयास से संस्कृत शिक्षा की प्रगति हो रही है। संस्कृत अध्ययन प्रोत्साहन राशि संस्कृत शालाओं में पढ़ने वाले उत्तर मध्यमा स्कूल प्रथम वर्ष कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को दी गई। इससे कक्षा पहली, छठवीं और 9वीं को दी गई थी। गैर अनुदान प्राप्त संस्कृत शालाओं को स्तरवार वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस वर्ष से गैर अनुदान प्राप्त विद्यालयों को उनके प्रत्येक स्तर को जोड़ते हुए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। प्रवेशिका प्राथमिक स्तर को 10 हजार रूपए प्रतिवर्ष, प्रथमा मिडिल स्तर को 20 हजार रूपए प्रतिवर्ष, पूर्व मध्यमा प्रथम एवं उत्तर मध्यमा प्रथम (हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी) को 40 हजार रूपए प्रतिवर्ष की दर से राशि प्रदान की जाती है। केन्द्रीय जेल रायपुर और अम्बिकापुर में संस्कृत पाठशाला संचालित की जा रही है। प्रदेश में संस्कृत उत्तर मध्यमा कक्षा को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 12वीं के समकक्ष मान्यता प्रदान की गई है। राज्य में कक्षा तीसरी से 12वीं तक संस्कृत की शिक्षा स्कूलों में दी जा रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भी संस्कृत की शिक्षा देने के लिए शिक्षक नियुक्त किए गए है।
भारतीय विरासत के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में आयुर्वेद, योग, प्रवचन, वेद, ज्योतिष जैसे संस्कृत के वैज्ञानिक विषयों का अध्ययन-अध्यापन संस्कृत पाठशालाओं में किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की संस्कृत पाठशालाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को संस्कृत में शास्त्रों के अध्ययन के साथ-साथ आधुनिक विषयों जैसे गणित, विज्ञान, वाणिज्य आदि का समन्वित ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। प्रदेश में संस्कृत पढ़ने वाले विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने में समर्थ हैं।
प्रदेश में संस्कृत का अतीत समृद्ध है। यहां बलौदाबाजार में तुरतुरिया महर्षि वाल्मीकि और सरगुजा जिले के उदयपुर में रामगढ़ की पहाड़ियां महाकवि कालीदास का क्षेत्र माना जाता है। प्रदेश रामायणकालीन एवं महाभारतकालीन धरमकर्मों से जुड़ा हुआ है। यहां का बड़ा भू-भाग दण्डकारण्य क्षेत्र में आता है, जो ऋषियों का क्षेत्र कहा गया है। छत्तीसगढ़ वासियों का आचार-विचार, व्यवहार और संस्कार संस्कृत से पुरित हैं।
प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री रविन्द्र चौबे एवं अध्यक्ष छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् डॉ. सुरेश कुमार शर्मा संस्कृत के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत् है। राज्य के पांच जिलों में संचालित आठ शासकीय अनुदान प्राप्त विद्यालयों को शासन के द्वारा सहायता प्रदान की जाती है। इनमें रायपुर के गोलबाजार में संचालित श्रीराम चन्द्र संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर में श्री निवास संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़ जिले के लैलुंगा में श्री रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत पूर्व माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़ के गहिरा में श्री रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत पूर्व माध्यमिक विद्यालय और गहिरा में ही श्री रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर जिले दुर्गापारा में श्री रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सामरबार और श्री रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत पूर्व माध्यमिक विद्यालय सामरबार, बलरामपुर जिले के जवाहर नगर में श्री रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीकोट शामिल हैं। प्रदेश में एक शासकीय संस्कृत विद्यालय गरियाबंद जिले के राजिम में संचालित है।
"रक्षाबंधन पर सिलेंडर सस्ता: भाजपा नेताओं का पीएम मोदी को आभार व्यक्त, राष्ट्रीय महिला नेताओं ने की सरकार की प्रशंसा"
रायपुर: उज्ज्वला योजना के तहत रक्षाबंधन पर देशवासियों को केंद्र सरकार ने सौगात दी है. केंद्र सरकार ने सिलेंडर 200 रुपये सस्ता कर दिया है. अब देश के रसोई गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर की कीमत पर 200 रुपये में मिलेगा. केंद्र सरकार के इस फैसले को लेकर पूर्व सीएम और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, सरोज पांडेय, भाजपी महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत समेत प्रदेश के नेताओं ने पीएम मोदी का आभार जताया है. वहीं सरोज पांडेय ने पीएम को राष्ट्रभ्राता बताया.
नेताओं ने रक्षाबंधन पर बेटियों, महिलाओं और माताओं को सौगात देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया. साथ ही नेताओं ने कहा कि इससे प्रदेश 34 लाख लाभार्थी परिवारों को लाभ मिलेगा.
गरीब और मध्यम वर्ग के लिए राहत भरी घोषणा- रमन सिंह
रमन सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है. 33 करोड़ एलपीजी उपभोक्ताओं को 200 रुपये प्रति सिलेंडर राहत देने का काम किया गया है. जिसके बाद 1100 का सिलेंडर अब बहनों को 900 रुपये में मिलेगा. वहीं 10 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं को 200 रुपये सब्सिडी मिलाकर कुल 400 रुपये की राहत मिलेगी. साथ ही 75 लाख नए उज्ज्वला कनेक्शन देने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं.
पीएम ने निभाया राष्ट्रभ्राता का धर्म- सरोज पांडेय
वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सिलेंडर पर 200 रुपये कम करके बहनों को अनोखा तोहफा दिया है. उन्होंने सही मायने में अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है. प्रधानमंत्री ने राष्ट्रभ्राता होने का धर्म निभाया है. उन्होंने देश की महिलाओं को सम्मान देने के साथ ही उन्हें सशक्त बनाने के प्रयास किए हैं. मोदी जी ने देश भर में हर घर में उन्नत शौचालय का निर्माण करा कर हमारी बहनों को वह राहत दी है जो दशकों से अपेक्षित थी. मोदी जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए हैं जिसका सर्वाधिक फायदा हमारी बहनों बेटियों माताओं को मिला है. मोदी जी ने भारत की सभी महिलाओं को समानता का अधिकार दिया है. वे सभी महिलाओं को समान रूप से समर्थ होने का अवसर दे रहे हैं. महिलाओं को राहत देने के लिए ही उन्होंने गैस सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की है. जिसका लाभ छत्तीसगढ़ सहित सभी देशवासियों को मिलेगा. उन्होंने छत्तीसगढ़ की बहनों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया है.
मोदी सरकार के फैसले से मिली बड़ी राहत- अरुण साव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि राखी और ओणम के त्योहार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गैस सिलेंडर के दाम घटाकर हमारी बहनों बेटियों माताओं को बहुत बड़ा तोहफा दिया है. इससे देश के 33 करोड़ रसोई गैस उपभोक्ता परिवारों को फायदा मिलेगा. साव ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने 75 लाख नए उज्ज्वला कनेक्शन बांटने का फैसला भी लिया है. जिससे देश की निर्धन वर्ग की महिलाओं को धुएं वाले चूल्हे से मुक्ति मिलेगी और वह बेहतर माहौल में अपने घर की रसोई तैयार कर सकेंगी.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी रसोई गैस उपभोक्ताओं को मोदी सरकार के इस फैसले से बड़ी राहत मिली है. राज्य में 59 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा. लगभग 34 लाख उज्ज्वला योजना हितग्राहियों को दोहरा लाभ मिला है. उज्ज्वला हितग्राहियों को केंद्र सरकार पूर्व से ही सब्सिडी दे रही है. ताकि गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ ना पड़े. आज मोदी जी ने उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों सहित सभी रसोई गैस उपभोक्ताओं को त्यौहार का उपहार दिया है.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि मोदी जी ने देश की आधी आबादी अर्थात मातृशक्ति का प्राथमिकता के साथ ध्यान रखा है. मोदी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के देश की सभी महिलाओं के हित में फैसले लिए हैं चाहे वह किसी भी धर्म वर्ग या पंथ से जुड़ी हुई क्यों न हों. एक देश में महिलाओं को समान अवसर मिलना चाहिए. इस दिशा में भारत में पहली बार नीतियां बनी हैं तो यह नीतियां मोदी जी की देन हैं. महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले मोदी जी ने सबसे पहले हमारी बहनों बेटियों माताओं को उनके घर पर शौचालय निर्माण के जरिए सम्मान दिया है. मोदी जी ने गरीब महिलाओं को पक्के मकान की सौगात दी है. उन्होंने अब रसोई गैस के दाम में बड़ी कटौती करने का जो फैसला लिया है, उससे केंद्र सरकार पर 7680 करोड़ का अतिरिक्त बोझ आएगा. लेकिन बहनों की खुशी से बढ़कर पीएम मोदी और भाजपा के लिए और कुछ भी नहीं है. यही कारण है कि महिलाओं के हित में यह फैसला लिया गया है. जिसका असर पूरे देश के आम नागरिकों पर दिखाई देगा. देश के हर निवासी, हर परिवार को इस राहत का लाभ मिलेगा.
छत्तीसगढ़ की बहनें पीएम को भेजेंगी राखी- लता उसेंडी
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व महिला बाल विकास मंत्री लता उसेंडी ने केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस सस्ती किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि पीएम मोदी ने देश की बहनों को राखी का उपहार दे दिया है. अब हम बहनें उनको रक्षा सूत्र भेजकर यह कामना करती हैं कि वह आने वाले समय में भी इसी तरह महिलाओं के हित में कदम उठाते रहें. उन्होंने महिलाओं के कल्याण के लिए जितनी योजनाएं संचालित की हैं उतनी आजादी के बाद दशकों तक देश पर शासन करने वाली व्यवस्था ने कुल मिलाकर भी नहीं की. उन्होंने जब से देश की शासन व्यवस्था संभाली है तब से भारत की महिलाओं का सम्मान बढ़ा है. महिला सशक्तिकरण की दिशा में देश ने ऐतिहासिक प्रगति की है. भारत की अर्थव्यवस्था में नारी शक्ति बेहतर योगदान दे रही है. ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जिसमें पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने महिलाओं के लिए प्राथमिकता न दी हो. आज भारत की महिलाएं देश की रक्षा में भागीदारी कर रही हैं तो ये पीएम मोदी के प्रयासों का परिणाम है.
पीएम मोदी ने दी बहनों को बड़ी सौगात- शालिनी राजपूत
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि पीएम मोदी ने राखी के त्योहार पर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की बहनों बेटियों माताओं को यह उपहार दिया है. वे देश की मातृ शक्ति के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कमजोर आय वर्ग के परिवारों की महिलाओं को राहत देने के लिए उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के साथ ही सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी पहले से ही दे रखी है. इस राखी पर उज्ज्वला योजना के छत्तीसगढ़ के लाभार्थी 34 लाख परिवारों के साथ ही सभी रसोई गैस उपभोक्ता परिवारों को एकमुश्त बड़ी राहत दी गई है.
"डेंगू संकट: भाजयुमो का प्रदर्शन, राजधानी में डेंगू के केसों का विरोध"
रायपुर: राजधानी में डेंगू के केस को लेकर भाजयुमो ने मंंगलवार को प्रदर्शन किया. शास्त्री चौक स्थित दाउ कल्याण सिंह अस्पताल के सामने जिला भाजयुमो अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मच्छरदानी ओढ़कर प्रदर्शन किया. मीडिया प्रभारी आकाश तिवारी ने बताया राजधानी रायपुर में लगातार डेंगू अपने पैर पसार रहा है. हर दिन डेंगू के मरीज शहर के अलग-अलग चिकित्सालयों में अपना ईलाज करवाने पहुंच रहे हैं. सरकार की नाकामियों की वजह से प्रदेश के बड़े सरकारी हॉस्पिटल मेकाहारा में ही डेंगू के करीब 200 से 250 मरीज ईलाज करवाने आ रहे हैं. पिछले 1 हफ्तों में 4 से ज्यादा पीड़ितों ने डेंगू की बीमारी से लड़ते हुए दम तोड़ दिया है.
जिलाध्यक्ष गोविंदा गुप्ता ने कहा प्रदेश और राजधानी डेंगू जैसी भयावह बीमारी से जूझ रहा है. हर दिन किसी न किसी परिवार को डेंगू की वजह से अपना सदस्य खोना पड़ रहा है. आज हम डीकेएस हॉस्पिटल के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं.
प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, पार्षद मृत्युंजय दुबे, भाजयुमो संभाग प्रभारी रोहित माहेश्वरी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष रितेश मोहरे, प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास मित्तल, उपाध्यक्ष राहुल यादव, आशीष आहूजा, जिला महामंत्री द्वय अर्पित सूर्यवंशी, प्रणय साहू, बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारीगण मंडलों के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
"मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चम्पारण मंदिर में किए निर्माण कार्यों का लोकर्पण: राम वन गमन पर्यटन परिपथ का उद्घाटन"
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चम्पारण के श्री चम्पेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के तहत कराए गए निर्माण कार्यों का लोकर्पण किया.
बता दें कि, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चम्पेश्वर महादेव का दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए चम्पारण में 3 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत से प्रभु श्रीराम की प्रतिमा, रामवाटिका, दीप स्तम्भ, भव्य प्रवेश द्वार, रामायण इंटरप्रिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया, पर्यटन सूचना केन्द्र, गजीबो, लैण्डस्केपिंग, बाउंड्रीवाल, विद्युतीकरण, प्लंबिंग कार्य, पब्लिक टायलेट एवं विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण किया.
इस दौरान संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, लोकसभा सांसद दीपक बैज, विधायक धनेन्द्र साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री डॉ. महंत राम सुन्दर दास और राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष नंद कुमार साय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
"छत्तीसगढ़ में ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार: बिजली बिल में दरों में कमी का संदेश"
रायपुर: केंद्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार की अधिसूचना के अनुसार बिजली बिल में वेरियेबल कॉस्ट एडजेस्टमेंट (वीसीए) शुल्क के स्थान पर अब ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार (एफपीपीएएस) अधिरोपित किया जा रहा है. बीते महीने छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी व्दारा बिजली लागत में 16 पैसे प्रति यूनिट की कमी हुई है. लिहाजा अगस्त महीने की खपत पर उपभोक्ताओं को 14.23 प्रतिशत की जगह 11.43 प्रतिशत ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार लगेगा. यानी उपभोक्ताओं से 400 यूनिट खपत पर 10 से 12 पैसे प्रति यूनिट की दर से कमी आएगी.
पूर्व में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के अनुसार बिजली क्रय की निर्धारित दर तथा वास्तविक क्रय की दर के अंतर का समायोजन वीसीए के माध्यम की जाती थी, परन्तु केंद्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार व्दारा 29 दिसंबर 2022 को अधिसूचित विद्युत (संशोधन) नियम 2022 के अनुसार आयोग ने निर्धारित फार्मूले के अनुसार टैरिफ आदेश में ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार लेने के निर्देश दिए हैं. अब आयोग व्दारा निर्धारित विद्युत क्रय दर एवं पारेषण दर से वास्तविक विद्युत क्रय दर एवं पारेषण दर में अन्तर की राशि को एफपीपीएएस के माध्यम से सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं पर उनके द्वारा खपत की गई विद्युत के उर्जा प्रभार पर प्रतिशत अनुसार किये जाने की व्यवस्था की गई है.
जून महीने में ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार 14.23 प्रतिशत की दर से ली गई थी, जो जुलाई महीने में 11.43 प्रतिशत हो गई है. इसका कारण छत्तीसगढ़ राज्य उत्पादन कंपनी की बिजली 5.41% सस्ती हुई है एवं एनटीपीसी की बिजली 7.87% और अंतरराज्यीय स्रोतों से प्राप्त बिजली की दरों में 2.67% की कमी हुई है. अतः जुलाई में की गई बिजली खपत में ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार 53 पैसे के स्थान पर 43 पैसे प्रति यूनिट अधिरोपित किया जाएगा. इस तरह 100 एवं 200 यूनिट खपत पर 10 पैसे प्रति यूनिट, 300 यूनिट पर 12 पैसे और 400 यूनिट पर 13 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिल में कमी संभावित है. 500 से एक हजार यूनिट तक खपत करने वाले उपभोक्ताओं के बिल में 18 से 24 पैसे प्रति यूनिट की दर से ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन अधिभार में कमी संभावित है.
"शाहरुख़ ख़ान की कंपनी में लेखक मनीष गायकवाड़: रायपुर आर्ट लिटरेचर और फ़िल्म फ़ेस्टिवल में शामिल होंगे"
शाहरुख़ ख़ान की कंपनी "रेड चिली इंटरटेनमेंट" में स्क्रिप्ट क्रिएटिव के तौर पर मनीष गायकवाड़ रायपुर आर्ट लिटरेचर और फ़िल्म फ़ेस्टिवल में शामिल हो रहे हैं। यह जानकारी फ़ेस्टिवल डायरेक्टर कुणाल शुक्ला ने प्रदान की है।
मनीष गायकवाड़ रायपुर में छत्तीसगढ़ के युवा लेखकों को यह बताने आ रहे हैं कि अगर उनके पास कोई अच्छी कहानी है तो वे बॉलीवुड में ब्रेक कैसे प्राप्त कर सकते हैं। पत्रकार और लेखक मनीष गायकवाड़ ने नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रही वेब सीरीज "She" का लेखन किया है। उन्होंने "बधाई 2" में स्क्रिप्ट कंसल्टेंट के रूप में भी काम किया है, और उनकी दो किताबें "लीन डेज" और "द लास्ट कूर्टीज़न" को Hopper Collins ने प्रकाशित किया है।
"द लास्ट कूर्टीज़न" किताब में मनीष गायकवाड़ ने अपनी माँ के बारे में लिखा है।
कुणाल शुक्ला ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग और टूरिज़म बोर्ड की सहायता से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, और इसका उद्घाटन 3 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशवासियों का मुफ़्त प्रवेश होगा।
"छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: उम्मीदवारों की सूची में हलचल, सियासी गलियारों में गरमाहट"
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है. बीजेपी ने 21 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. वहीं कांग्रेस में भी टिकट को लेकर हलचल तेज हो गई है. टिकट मिलने की उम्मीद लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया है. जिसके बाद पार्टी में प्रत्याशियों की लंबी लाइन लगी हुई है. इस बीच प्रदेश के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान सामने आया है.
सिंहदेव ने कहा कि उनके विधानसभा से 109 दावेदारों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है. उन्होंने कहा कि उन्हें खुद अपनी टिकट को लेकर चिंता है. सिंहदेव ने आगे कहा कि इस बार युवाओं को मौका मिलेगा. नए चेहरों को मौका मिलेगा.
वहीं कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा करने के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि 3 तारीख को स्क्रीनिंग कमेटी, 4 तारीख को स्टेट इलेक्शन कमेटी और 6 तारीख को संभवत: दिल्ली में सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक है. इस प्रक्रिया के बाद ही उम्मीदवारों की सूची तय होगी.
"राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे का मिनट-बाई-मिनट कार्यक्रम"
रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रही हैं. इस दौरान वे रायपुर और बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी. राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 अगस्त की सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी. इसके बाद वे रायपुर स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय ट्रस्ट शांति सरोवर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी. अगले दिन बिलासपुर में महामाया मंदिर के दर्शन करेंगी और गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी.
31 अगस्त का कार्यक्रम
- सुबह 9ः25 बजे दिल्ली से रवाना होंगी.
- सुबह 11.05 बजे पर रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगी.
- 11:05 बजे पर 11ः20 बजे तक गार्ड ऑफ ऑनर.
- 11ः20 बजे पर एयरपोर्ट से शांति सरोवर, विधानसभा पहुंचेंगी.
- 11:50 बजे पर ‘ईयर ऑफ पॉजिटिव चेंज’ थीम की लॉन्चिंग करेंगी.
- 12ः50 बजे कार्यक्रम से रवाना होंगी.
- 1ः00 बजे राजभवन में ब्रम्हाकुमारी द्वारा आयोजित भोज में शामिल होंगी.
- शाम 4ः00 बजे राजभवन से रवाना होकर 4ः10 बजे महंत घासीदास संग्रहालय पहुंचेगी..
- 35 मिनट तक राजभवन में रुकने के बाद राजभवन रवाना होंगी.
- शाम 5 बजे राजभवन में पौध रोपण करेंगी.
- शाम 7ः30 बजे राज्यपाल द्वारा आयोजित भोज में शामिल होंगी.
- राष्ट्रपति रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगी.
1 सितम्बर का कार्यक्रम
- सुबह 8ः45 बजे राष्ट्रपति राजभवन से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी.
- सुबह 9ः05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगी.
- 9ः15 बजे एयरपोर्ट से बिलासपुर के लिए रवाना होंगी.
- सुबह 10 बजे पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के हेलीपेड पहुंचेंगी.
- यहां से 10ः40 बजे महामाया मंदिर में देवी दर्शन और आरती करेंगी.
- 11ः35 बजे गुरू घासीदास विश्वविद्यालय कोनी, बिलासपुर पहुंचेगी.
- 11ः45 बजे से 12ः30 बजे तक विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी.
- 12ः45 बजे पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के हेलीपेड से रायपुर रवाना.
- 1ः30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी.
- 1ः40 बजे एयरपोर्ट से राजभवन आएंगी.
- 1ः55 बजे लंच लेंगी.
- शाम 4ः15 बजे से 4ः45 बजे तक वे यहां छत्तीसगढ़ की विशेष संरक्षित जनजाति के लोगों से मुलाकात करेंगी.
- शाम 5ः45 बजे राजभवन से रवाना होकर 5ः45 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
- शाम 5ः15 बजे रायपुर से रवाना होंगी.
"आबकारी विभाग के निर्देशों के तहत कठोर कार्यवाही: अवैध मदिरा के बिना विक्रय और परिवहन पर नजर,शिकायत के लिए टोल फ्री नम्बर जारी"
आबकारी आयुक्त श्री जनक प्रसाद पाठक ने आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के मद्देनजर विशेष अभियान चलाकर विभागीय उड़नदस्तों और जिला अधिकारियों को अवैध मदिरा के धारण, परिवहन एवं विक्रय पर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आबकारी विभाग के 31 चेकपोस्टों पर अवैध मदिरा परिवहन की सघन निगरानी रखने को कहा गया है।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद आबकारी विभाग में तेजी से कार्यवाही का सिलसिला शुरू हो गया है। आबकारी आयुक्त के मार्गदर्शन में राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के जांच चौकियों में सघन तलाशी अभियान और जांच की कार्यवाही की जा रही है। पिछले दो दिन 26 और 27 अगस्त को सघन कार्यवाही अभियान चलाकर अवैध रूप से मदिरा परिवहन व विक्रय करने वाले 191 व्यक्तियों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। इन प्रकरणों में 15 लाख 59 हजार 300 रूपए बाजार मूल्य की कुल 2340 लीटर मदिरा जब्त की गई। इस प्रकार 37230 किग्रा महुआ लाहन जब्त किया गया है, जिसका बाजार मूल्य 5 लाख 09 हजार 132 रूपए है। अभियान के दौरान 08 दोपहिया वाहन जब्त किया गया है, जिसका बाजार मूल्य रूपये 3 लाख 80 हजार रूपए है। अभियान के दौरान अन्य प्रांत की 83 लीटर मदिरा भी जब्त की गई हैं।
आबकारी विभाग के आयुक्त पाठक ने बताया कि राज्य के सीमावर्ती जिलों में स्थापित आबकारी विभाग के 31 चेकपोस्टों में अन्य राज्यों से अवैध शराब न आए इसलिए वाहनों की नियमित जांच-पड़़ताल की जा रही है। उक्त दो दिनों में आबकारी विभाग के चेकपोस्टों में जांच दौरान 90 लीटर मदिरा जब्त किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर रोड चेकिंग की कार्यवाही की जा रही है। आबकारी अमले द्वारा रेल्वे पुलिस तथा राज्य पुलिस के साथ मिलकर विभिन्न रेल्वे स्टेशनों, ट्रेनों, बस अड्डो, बसों पर भी जांच जारी है।
आबकारी आयुक्त ने बताया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के दृष्टिगत आबकारी विभाग द्वारा समस्त आसवनी, बाटलिंग यूनिट, ब्रुअरी तथा समस्त देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों में सतत जांच कर निगरानी रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त मदिरा के अवैध संग्रहण. परिवहन के संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर सतत निगरानी रखी जा रही है। विभाग द्वारा टोल फ्री नम्बर 14405 का संचालन किया जा रहा है, जिस पर अवैध मदिरा से संबंधित/मदिरा दुकानों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज करायी जा सकती है। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाता है।
"मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर आरक्षण और रोजगार के मुद्दों पर आग्रह किया"
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. सीएम ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर अन्य पिछड़ा वर्गों के लिए पृथक से कोड निर्धारित करते हुए राष्ट्रीय जनगणना करवाने का अनुरोध किया है. साथ ही उन्होंने स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए एनएमडीसी का मुख्यालय हैदराबाद से जगदलपुर स्थानान्तरित करने का भी आग्रह किया है.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र में कहा है – अन्य पिछड़ा वर्गों के आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील विषय पर और विलम्ब न करते हुए आवश्यक पहल कर शीघ्र अतिशीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का कष्ट करें.
सीएम बघेल ने लिखा है कि - मेरे द्वारा अप्रैल 2023 में छत्तीसगढ़ राज्य के अन्य पिछड़ा वर्गों के व्यक्तियों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिये जाने तथा इस विषय को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करने का आपसे अनुरोध किया गया था,आप सहमत होंगे कि सदियों से सामाजिक-राजनीतिक अधिकारों से वचित बड़ी आबादी को संविधान प्रदत्त समानता एवं सामाजिक न्याय की भावना के अनुरूप आरक्षण का लाभ दिया जाना आवश्यक है.
सीएम बघेल ने लिखा है – राज्य विधानसभा द्वारा दिसंबर 2022 में सर्वसम्मति से पारित विधेयक में राज्य में अनुसूचित जनजातियों, अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों तथा ई.डब्ल्यू.एस. के लोगों के लिये क्रमशः 32, 13, 27 एवं 4 प्रतिशत आरक्षण लागू करने संबंधी विधेयक पारित किया गया था. दुर्भाग्य से वह विधेयक अभी तक राजभवन में अनुमोदन हेतु लंबित है.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा है- समाज की बड़ी आबादी को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखने से उनके मन में रोष व्याप्त होना स्वाभाविक है. राज्य सरकार के सभी प्रयासों के बाद भी अन्य पिछड़ा वर्गों के लोगों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ न मिल पाना समझ से परे है.
"मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी के अधिकारी की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल, सार्थक जांच की मांग की"
रायपुर: दिल्ली में ईडी के अधिकारी की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा, सीबीआई ने ईडी के अधिकारी को गिरफ्तार किया है. यहां भी एक्सटॉर्शन की बात होती है. यहां भी सही जांच किया जाए तो बहुत लोगों को एक्सटॉर्शन करके यह काम हुआ है.
सीएम ने कहा, दूसरी बात महादेव एप की बात है तो छत्तीसगढ़ में हमने कार्रवाई की है. यह लोग हमको बदनाम करने की कोशिश करने में लगे हैं. बड़ी बात यह है कि महादेव ऐप को बंद भारत सरकार कर सकती है, राज्य सरकार नहीं कर सकती है. बीजेपी और केंद्र सरकार बताए कि यह बंद करेंगे कि नहीं करेंगे और नहीं कर रहे हैं तो उनकी हिस्सेदारी क्या है.
"शासकीय नीतियों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सख्त रुख: धान खरीदी और उद्यमिता पर सवाल उठाया"
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बिलासपुर जिले के 3 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित संकल्प शिविर में शामिल होंगे. आज सीएम बघेल कोटा, बेलतरा और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में संकल्प शिविर को संबोधित करेंगे. बिलासपुर रवाना होने से पहले सीएम भूपेश बघेल ने अलग-अलग राज्यों के बीजेपी विधायकों के दौरे पर कहा, इसका मतलब बीजेपी के पास अच्छे प्रत्याशी नहीं है.
सीएम ने भाजपा से सवाल करते हुए कहा, एसईसीएल कोयला उत्खनन करने वाला कंपनी है. दूसरा एनएमडीसी लौह अयस्क उत्पादन करने वाली सबसे बड़ी संस्था है. भारत सरकार ने दोनों को अडानी को दिया है. क्या यह निरस्त होना चाहिए कि नहीं होना चाहिए. अडानी को जो आयरन और कोल खदान दिया गया है उसे निरस्त किया जाना चाहिए कि नहीं किया जाना चाहिए. दूसरा सवाल रायगढ़ में जो गारे पेलमा अडानी को दिया है उसे निरस्त किया जाना चाहिए कि नहीं किया जाना चाहिए.
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, यह लोग बार-बार कह रहे हैं कि केंद्र सरकार धान खरीदती है. यदि केंद्र सरकार धान खरीदती है तो डबल इंजन की सरकार में 15 क्विंटल से 10 क्विंटल क्यों किया गया. दूसरी बात यह है कि पिछली सरकार में 2013-14 में सर्वाधिक धान खरीदी हुई. उसके बाद घटते गया और 55 लाख टन पर आ गया. इसका मतलब यह है कि यह नहीं खरीदते हैं. क्या कारण है लगातार धान खरीदी कम हुई. 15 क्विंटल से 10 क्विंटल क्यों किया गया. इतना घाटा राज्य सरकार उठाती है चाहे बीजेपी की सरकार हो या कांग्रेस की सरकार हो. सीएम ने कहा, लोन राज्य सरकार लेती है गारंटी देती है.
"विधानसभा चुनाव की तैयारी: पुलिस मुख्यालय में सीमावर्ती राज्यों के साथ बैठक सम्पन्न"
रायपुर: प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में सीमावर्ती राज्यों ओड़िशा, झारखंड, मध्यप्रदेश के साथ अन्तर्राज्यीय समन्वय बैठक सम्पन्न हुई. बैठक में नक्सल विरोधी अभियानों और कानून-व्यवस्था संबंधी आपसी समन्वय एवं रणनीति तैयार करने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में पुलिस महानिदेशक ओड़िशा सुनील कुमार बंसल, पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ अशोक जुनेजा और पुलिस महानिदेशक झारखंड अजय कुमार सिंह के अलावा केन्द्रीय एजेंसियों, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों क्रमशः सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा बालाघाट जोन, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य अंतर्गत बस्तर, राजनांदगांव, रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक शामिल हुए. इन पड़ोसी राज्यों से लगे छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक रेंज बिलासपुर एवं सरगुजा, बैठक में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए.
बैठक में जानकारी दी गई कि पूर्व में 25 जुलाई 2023 को हैदराबाद, तेलंगाना में सीमावर्ती राज्य, आंधप्रदेश, तेलंगाना एवं महाराष्ट्र, 19 अगस्त 2023 को इंदौर मध्यप्रदेश में सीमावर्ती राज्य महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं उत्तप्रदेश के साथ अन्तर्राज्यीय समन्वय बैठक सम्पन्न हुई है. इसी प्रकार आज चुनाव के पूर्व छत्तीसगढ़ के सभी सीमावर्ती राज्यों के साथ पुलिस महानिदेशक स्तर की बैठक सम्पन्न हो चुकी है. बैठक में बेहतर अन्तर्राज्यीय समन्वय हेतु भविष्य में रेंज, जिला, अनुविभाग एवं थाना स्तर पर समन्वय बैठकों के आयोजन का निर्णय लिया गया.
बैठक में मुख्य रूप से माओवादी परिदृश्य और चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने के लिए माओवादी रणनीति की समीक्षा की गई तथा सुरक्षा बलों की काउंटर रणनीति पर चर्चा की गई. अन्तर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादियों के विरूद्ध संयुक्त कार्रवाई, माओवादियों के सप्लाई नेटवर्क को अवरूद्ध करने के लिए कार्रवाई, सीमावर्ती सुरक्षा विहीन क्षेत्रों में नवीन फारवर्ड कैम्पों की स्थापना एवं अन्तर्राज्यीय संयुक्त अभियानों के संचालन, सीमावर्ती थाना/कैम्पों के मध्य आपसी समन्वय पर विचार विमर्श किया गया.
बैठक में माओवादियों के क्रॉसिंग पॉइंट और उनके सीमा पार मूव्हमेन्ट को रोकने के लिए कार्रवाई, माओवादी अग्र संगठनों एवं सहयोगियों की पहचान एवं विधिसम्मत कार्रवाई, चुनाव के दौरान अन्तर्राज्यीय सीमा पर स्थायी एवं मोबाइल चेकपोस्ट लगाने, चुनाव के दौरान माओवादी घटनाओं एवं मादक पदार्थाे के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए योजना और क्रियान्वयन सहित चुनाव सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई.
"डेंगू प्रकोप को देखते हुए विधायक विकास उपाध्याय ने अपने क्षेत्र में किया सतर्कता और निगरानी का दौरा"
डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विधायक विकास उपाध्याय ने अपने विधानसभा क्षेत्र का किया दौरा।
स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दौरा कर एन्टी लार्वा का छिड़काव किया गया और निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया की साफ सफाई की व्याप्त व्यवस्था की जाए जिससे डेंगू के मच्छर पनपने न पाए।
अतः जहाँ तात्कालिक सहायता के लिए मेडिकल मोबाइल यूनिट (शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना ) की गाड़ी बुलाकर मौके पर ही वरिष्ठ डॉक्टरों से इलाज करवाया गया।
"रायपुर में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान: छात्रों ने लिया शपथ, पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के साथ किया संयुक्त प्रयास"
रायपुर: राजधानी के गांधी चौक स्थित महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय में आज रायपुर पुलिस और सामाजिक संस्था न वसृजन मंच के संयुक्त तत्वाधान में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम हुआ इसमें महाविद्यालय के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने नशा न करने की शपथ ली इस दौरान आयोजक संस्थाओं के वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को नशे के कारण होने वाले प्रभाव से अवगत कराया आयोजन में मुख्य रूप से रायपुर पुलिस में डीएसपी ललिता मेहर नव सृजन मंच के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सचिन कांतिलाल जैन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर देवाशीष मुखर्जी सामाजिक कार्यकर्ता मनदीप सिंह सुनीता चद सूर्य आदि उपस्थित थे|
आयोजन में डीएसपी ललिता मैहर ने छात्र-छात्राओं को बताया कि नशा एक सामाजिक बुराई है जिसे कभी आदतन नहीं होने देना चाहिए किसी भी प्रकार के नशे के दुष्परिणाम सामने आते हैं इससे पूरा परिवार समाज खत्म हो जाता है उन्होंने कहा की सभी को यह शपथ लेनी चाहिए की ना नशा करेंगे और ना नशा करने देंगे उनके द्वारा छात्र-छात्राओं से सवाल जवाब में नशे के कारण और प्रभाव को बखूबी समझाया गया वहीं आयोजन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर देवाशीष मुखर्जी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा हर व्यक्ति के लिए सामाजिक और मानसिक रूप से शारीरिक रूप से घातक है |
इससे सभी को दूर रहना चाहिए उनका कहना था कि किसी भी स्वरूप में नशे को स्वीकार करना जिंदगी से खिलवाड़ करने के समान है आयोजन में नवसृजन मंच के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा की समाज को स्वस्थ बनाने के लिए नशे की बुराई को दूर करना चाहिए जब तक आप नशे से दूर हैं तरक्की की मार्ग में आगे बढ़ते रहते हैं लेकिन नशे के आगोश में आने के बाद जिंदगी के मायने बदल जाते हैं इसलिए परिवार से टूटने से बचाने के लिए नशे से दूर रहना चाहिए हम सभी को मिलकर अभियान चलाना चाहिए और नशे करने वाले लोगों को समझाइए देना चाहिए
"मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा चम्पारण में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और रामायण महोत्सव में शामिल"
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार 29 अगस्त को रायपुर जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल चम्पारण में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत निर्माण कार्याें का लोकार्पण करेंगे और वहां आयोजित रामायण महोत्सव में शामिल होंगे.
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह, जेल, लोक निर्माण, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे. लोकार्पण कार्यक्रम चंपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दोपहर 3 बजे होगा. इसी प्रकार रामायण महोत्सव शासकीय स्कूल ग्राम डगनिया चम्पारण में आयोजित होगा. इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त विजेता मानस मंडली की प्रस्तुति, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, प्रभंजय चतुर्वेदी भिलाई का राम भजन एवं सुश्री शन्मुख प्रिया मुम्बई की प्रस्तुति होगी.
कार्यक्रम में रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे, परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्र कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अमरजीत भगत, आदिम जाति विकास मंत्री मोहन मरकाम, लोकसभा सांसद सुनील सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम में संसदीय सचिव चिंतामणी महाराज, विकास उपाध्याय, विधायक धनेन्द्र साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री डॉ. महंत राम सुन्दर दास की गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न होगा.
"निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद राज्य सरकार द्वारा तीन साल से जमे अधिकारियों के तबादले की तैयारी शुरू"
रायपुर: तीन साल से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियोंको हटाया जायेगा। निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद अब राज्य सरकार ने एक ही जगह पर तीन साल से जमे अधिकारियों को हटाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। पिछले दिनों चुनाव आयोग की फुल बेंच ने रायपुर में तीन दिनों की मैराथन बैठक की थी। बैठक में उन्होंने इस बात के निर्देश दिये थे तीन साल से ज्यादा वक्त से एक की जगह पर जमे अधिकारियों को हटाया जाये।
आपको बता दें कि इससे पहले चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक IAS अधिकारियों के तबादले राज्य सरकार ने किये थे। चुनाव आयोग ने जून में पत्र जारी कर सभी राज्यों को निर्देश दिया था कि वो 3 साल या तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला करें। जिसके बाद राज्य सरकार ने चुनाव में अहम जिम्मेदारी निभाने वाले कई कलेक्टर-IAS के तबादले किये थे। वहीं कई विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों का भी तबादला किया था।
चुनाव आयोग के निर्देश के बाद अब एक बार फिर से लंबे समय से एक ही जगह पर पदस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले की कार्रवाई राज्य सरकार करेगी। चुनाव आयोग की दलील है कि एक ही जगह पर लंबे समय से पदस्थ रहने से चुनाव को प्रभावित किया जा सकता है। लिहाजा हर बार चुनाव के पहले ऐसे निर्देश चुनाव आयोग की तरफ से राज्य सरकारों को जारी होता है।
संविदाकर्मियों की नहीं लगेगी चुनाव ड्यूटी
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में ये बातें भी कही थी कि सिर्फ सरकारी कर्मचारियों की ही चुनाव में ड्यूटी लगाई जाएगी। संविदाकर्मियों को चुनाव ड्यूटी से अलग रखा जायेगा। वहीं इसके अलावा 80 साल से ऊपर और दिव्यांग मतदाता डाक मत पत्र से वोट कर सकेंगे। साथ ही नई बहुओं को वोटिंग के लिए जागरूक करने नव वधु सम्मान समारोह भी चलाया गया है।मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि इसके लिए 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को इलेक्शन नोटिफिकेशन के 5 दिनों के अंदर आवेदन करना होगा। साथ ही 40 प्रतिशत से ज्यादा दिव्यांगता होने पर ही मतदान कराने के लिए टीम उनके घर पहुंचेगी।
इस दौरान उन्होंने शराब, नकदी, मुफ्त वस्तुओं और नशीली दवाओं की अवैध आवाजाही को रोकने के लिए राज्य में 105 चेक पोस्ट को चालू रखने को कहा गया। साथ ही वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है।राजीव कुमार ने बताया कि राजनीतिक दलों से उन्हें सुझाव मिले हैं। मतदाता पुनरीक्षण की तारीख 31 अगस्त से बढ़ाकर 11 सितंबर कर दी गई है। अब 11 सितंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया चलेगी। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों से सुझाव मिले है, कि चुनाव प्रचार सामग्री वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए। चुनाव में प्लास्टिक का उपयोग कम किया जाए। बता दें कि मतदाता सूची में संशोधन की तारीख 10 दिन तक बढ़ाई गई है, 11 सितंबर तक अब फॉर्म स्वीकार किए जायेंगे।