खेल

IND W vs NEP W Asia Cup: ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 82 रनों से दी शिकस्त, सेमीफाइनल में बनाई जगह

IND W vs NEP W Asia Cup: आज महिला टी20 एशिया कप के अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में टीम इंडिया ने नेपाल को 82 रनों से हरा दिया है, इस जीत के साथ अब टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. श्रीलंका में दांबुला के रणगिरि दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में तीन विकेट पर 178 रन बनाए. जवाब में नेपाल 20 ओवर में नौ विकेट पर 96 रन ही बना सकी. भारत ने यह मैच 82 रनों से जीत लिया। बता दें कि मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है.



बता दें कि इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा और दयालन हेमलता ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी की. हेमलता ने 42 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 26 गेंदों में टूर्नामेंट का दूसरा अर्धशतक लगाया और 48 गेंदों में 81 रन बनाकर आउट हुईं, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल था। सजीवन सजना 10 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट हुईं, जबकि जेमिमा और ऋचा क्रमशः 28 और 6 रन बनाकर नाबाद रहीं। नेपाल के लिए सीता राणा ने दो और कबिता जोशी ने एक विकेट लिया.

नेपाल की पारी
नेपाल के बल्लेबाजों को इस मैच में भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया. इस मैच में नेपाल के लिए सीता राणा मगर ने उच्चतम रन बनाए. उन्होंने कुल 18 रनों की पारी खेली. इसके अलावा समझना ने सात, कबिता ने छह, कप्तान इंदू ने 14, रुबीना ने 15, पूजा ने दो, कबिता जोशी ने शून्य, डॉली ने पांच और काजल ने तीन रन बनाए. वहीं, बिंदू और सबनम क्रमश: 17 और एक रन बनाकर नाबाद रहीं. भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए जबकि अरुंधति और राधा को दो-दो विकेट मिले. इसके अलावा रेणुका सिंह को एक सफलता मिली.

ग्रुप ए से भारत-पाकिस्तान ने किया क्वालिफाई
ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। दोनों टीमें इस ग्रुप में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर रहीं। भारत ने ग्रुप स्टेज पर लगातार तीन मैचों में जीत दर्ज की जबकि पाकिस्तान को सिर्फ दो मुकाबलों में जीत मिली। भारत के खाते में अब छह अंक हो गए हैं और उनका नेट रनरेट +3.615 है। वहीं, पाकिस्तान के खाते में चार अंक और नेट रनरेट +1.102 है।

ग्रुप बी में श्रीलंका और थाईलैंड सेमीफाइनल के लिए प्रमुख दावेदार
ग्रुप बी में श्रीलंका और थाईलैंड ने अब तक उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और वे सेमीफाइनल के लिए प्रमुख दावेदार हैं. श्रीलंका ने ग्रुप स्टेज में अपने दोनों मैचों में जीत दर्ज की है और वे ग्रुप के टॉप पर हैं. उनका नेट रनरेट +4.243 है. थाईलैंड ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और एक मुकाबले में जीत हासिल की है, जिससे उनका नेट रनरेट +0.098 है और वे ग्रुप के दूसरे स्थान पर हैं.

बांग्लादेश की बात की जाए तो इस टीम ने अपने एक मैच में जीत और एक में हार का सामना किया है, जबकि मलेशिया ने दोनों मैच हारे हैं. बांग्लादेश के खाते में दो अंक और नेट रनरेट -0.024 है, जबकि मलेशिया के खाते में कोई अंक नहीं है और उनका नेट रनरेट -4.150 है.

 

Leave Your Comment

Click to reload image