भ्रष्ट भूपेश सरकार को बर्खास्त किया जाए- चंद्राकर*
"भाजपा सारे घोटालेबाजों को भेजेगी जेल- शिवरतन*
2004 से अब तक क्या ताली बजाकर नाच रही थी कांग्रेस
रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता तथा राज्य के पूर्व मंत्री विधायक अजय चंद्राकर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक शिवरतन शर्मा ने आज एकात्म परिसर भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्र वार्ता में भूपेश बघेल सरकार और कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी दल कभी पहले की सरकार के घोटालों की लिस्ट जारी नहीं करते बल्कि यदि कोई घोटाले हुए हैं तो उनकी जांच कराते हैं। कांग्रेस घोटालों की लिस्ट जारी कर रही है और उसकी सरकार देश की ऐसी पहली सरकार है जिसने अपना ही खजाना लूटा है।
यदि भाजपा के शासनकाल में कोई घोटाले हुए तो जब 2003 में भाजपा की पहली सरकार बनी थी, उसके कुछ समय बाद से 2014 तक कांग्रेस के मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे तब यह कांग्रेसी क्या ताली बजा रहे थे? 10 साल में क्यों कोई जांच नहीं कराई गई? पौने 5 साल से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। इतने समय से क्या कर रहे थे? क्या मुजरा कर रहे थे? अगर मुजरा कर रहे थे तो भूपेश बघेल यह करना छोड़ें और स्वतंत्र जांच कराएं।
भाजपा मुख्य प्रवक्ता पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि 1 दिन पहले कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने आरोप लगाए हैं 26 बिंदुओं पर। मैं कांग्रेस और कांग्रेस सरकार से यह पूछना चाहता हूं कि अब तक क्या कर रहे थे? कहां सो रहे थे? कहीं पर भी देश में सत्तारूढ़ दल घोटालों की लिस्ट जारी नहीं करते, जांच करवाते हैं।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल में हिम्मत है, नैतिकता है तो जांच करवाएं। नहीं है तो इस्तीफा दे दे और घर पर बैठे। जिन घोटालों पर बात करते हो उनके बिंदुओं पर, तथाकथित घोटाले में, जिन दो अधिकारियों के खिलाफ प्रधानमंत्री से लेकर संबंधित मंत्रालय तक चिट्ठी लिखी,वे इस सरकार के लाड़ले हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि मोहन मरकाम ने विधानसभा में जो डीएमएफ घोटाले का विषय रखा, मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने डीएमएफ घोटाले की जांच की मांग की थी, क्या भूपेश बघेल ने जयसिंह अग्रवाल की चिट्ठी पर जांच कराई? क्या बे कार्रवाई करेंगे? टीएस सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री बना दिया। जब उन्होंने पंचायत विभाग के मंत्री से इस्तीफा दिया था, तब सवाल उठाए थे। आरोप लगाया था कि भूपेश बघेल सरकार के चलते छत्तीसगढ़ के 8 लाख गरीब परिवार प्रधानमंत्री आवास से वंचित हैं।
छत्तीसगढ़ में इस पर मुख्यमंत्री क्या बोलेंगे? उनका कहना था कि उनके विभाग में स्ट्राइक कराई गई, इस पर मुख्यमंत्री क्या कहेंगे? पीएससी घोटाले की बात है तो जिसे पीएससी का चेयरमैन बनाया गया क्या उसे चेयरमैन बनाने से पहले उसका ट्रेक रिकॉर्ड चेक किया गया था? उस के खिलाफ कितने आरोप थे कितने आरोपों पर जांच चल रही थी। इस सरकार में वे सिरमौर हैं जिन पर भूपेश बघेल ने कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी थी।
जो व्यक्ति भाजपा सरकार में आरोपी बनाने लायक था, वह भूपेश बघेल सरकार में क्या कर रहे हैं? पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जो घोटाले की लिस्ट जारी की है, वह भी एक घोटाला है। बिजली का उत्पादन घट गया। सिंचाई का रकबा घटा दिया। किसानों को खाद नहीं मिल रहा। यह प्राइवेट सेक्टर को खाद देते हैं। खाद की कालाबाजारी चल रही है।
कांग्रेस के हो तो पूरी नदी की रेत साफ कर सकते हो, गुंडागर्दी कर सकते हो, सबसे ज्यादा आत्महत्या हो रही है, सबसे ज्यादा हत्या हो रही है, सबसे ज्यादा सामूहिक हत्या हो रही है। 1 मिनट भी कुर्सी पर रहने का अधिकार नहीं है। इस सरकार को बर्खास्त करने की मांग केंद्रीय गृहमंत्री से करेंगे भ्रष्टाचार और लूट चरम सीमा पर है। कांग्रेस ठेका पद्धति की सरकार चला रही है। सारे भ्रष्टाचार का ठेका दिया गया है।