छत्तीसगढ़ /

जिला अस्पताल में मोबाइल चोरी, 3 आरोपी बंदी

छत्तीसगढ़ संवाददाता कोण्डागांव, 12 अक्टूबर। जिला अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजनों के मोबाइल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दोनों एंड्रॉइड मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी चंद्रसेन सोढ़ी अपनी पत्नी के प्रसव हेतु जिला अस्पताल आए थे। दस अक्टूबर की रात्रि में जब वे और उनके मित्र अस्पताल परिसर में सो रहे थे, तभी अज्ञात चोर उनका रियलमी और उनके मित्र का ओप्पो कंपनी का मोबाइल चुराकर ले गए। प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोण्डागांव में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन और थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों मुकेश कुमार सूर्यवंशी, नागेश्वर दास उर्फ नागेश दास, चमन दास मानिकपुरी तीनों निवासी कोण्डागांव की धरपकड़ की। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए दोनों मोबाइल और एक हीरो मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image