छत्तीसगढ़ / रायपुर

*क्या घोटालों की ट्रेनिंग देंगे कांग्रेस के मास्टर ट्रेनर- चौधरी*

रायपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस द्वारा  मास्टर ट्रेनर भेजकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर प्रशिक्षण देने की योजना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह विचारहीन भ्रष्ट पार्टी अब तक वैकेंसी निकालकर वक्ता नियुक्त करने साक्षात्कार ले रही थी और अब बूथों के कार्यकर्ताओं को गुर सिखाने मास्टर ट्रेनर भेजकर क्या भ्रष्टाचार का हुनर सिखाएगी? छत्तीसगढ़ में हर प्रकार के घपले घोटाले करके भ्रष्टाचार का विश्व कीर्तिमान गढ़ने वाली पार्टी चुनावी भ्रष्टाचार घपलेबाजी का हुनर सिखाने निकलने वाली है लेकिन हर बूथ पर तैनात भाजपा के सजग कार्यकर्ता कांग्रेस को किसी तरह की धांधली नहीं करने देंगे। कांग्रेस बूथ कमेटी तक गठित करने की हैसियत में नहीं है, यह बात जगजाहिर हो गई है। अब धांधली सिखाई जा रही है लेकिन कांग्रेस की करतूतों के कारण  उसकी विदाई तय है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार की पर्याय बन गई है और कांग्रेस पहले से ही भ्रष्टाचार का नरवा है तो यह पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को वही सिखा सकती है, जिसमें उसकी मास्टरी है। कांग्रेस को दस हजार नेताओं को 23 हजार बूथ पर भेजने की क्या जरूरत है। इस पार्टी में कार्यकर्ता हैं कहां? कांग्रेस 10 हजार नेताओं की सूची बना रही है तो स्पष्ट है कि कांग्रेस में सब नेता हैं, कार्यकर्ता नहीं हैं और ये सारे नेता फुल ट्रेंड हैं घोटालों के लिए। फिर मास्टर ट्रेनर की भी जरूरत नहीं है। कांग्रेस के पास सबसे बड़ा कलाकार उपलब्ध है। सारे गोरखधंधे सिखाने में उनके जैसा ट्रेनर पूरी दुनिया में नहीं होगा। एक कैम्प लगाएं और घोटालों के सरताज से घुट्टी पिलवा दें। 

Leave Your Comment

Click to reload image