मनोरंजन

‘गांधी चौक’ उपन्यास पर बनी छत्तीसगढ़ी में पहली वेब सीरीज Sarkari Afsar रिलीज, CGPSC की तैयारी कर रहे युवाओं की है कहानी …

 फिल्मों के अलावा इन दिनों वेब सीरीज का प्रचलन बढ़ गया है. ओटीटी के आने से रीजनल कंटेंट का दायरा भी बढ़ रहा है. ओटीटी में कई नए कलाकारों को मौका भी दिया जा रहा है. जिससे अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले युवाओं के लिए स्कोप बढ़ रहा है. वहीं, अब पहली बार छत्तीसगढ़ी भाषा में एक वेब सीरीज बनाई गई है. जिसका नाम “सरकारी अफसर : मंजिल नहीं शुरुवात हे” (Sarkari Afsar) है. यह वेब सीरीज गांधी चौक उपन्यास पर बनी है. जिसके लेखक आनंद कश्यप हैं.



बता दें कि इस छत्तीसगढ़ी वेब सीरीज में छत्तीसगढ़ के कई बड़े कलाकार इस पर नजर आएंगे. बहुचर्चित छत्तीसगढ़ी गाना “सोन मछरी” की निर्माता नीरा वर्मा के प्रोडक्शन एन.वी. एंटरटेनमेंट के यूट्यूब पर वेब सीरीज “सरकारी अफसर : मंजिल नहीं शुरुवात हे” (Sarkari Afsar) का पहला एपिसोड रिलीज कर दिया गया है. यह सीरीज पांच पार्ट में बनने जा रही है. इसमें युवाओं के तैयारी के संघर्ष, घोटाले, सरकार की भूमिका समेत कई ऐसे अनछुए पहलुओं पर चर्चा की जाएगी.


नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को प्रेरणा दे रही सीरीज
ये छत्तीसगढ़ी वेब सीरीज सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को प्रेरणा देने की कहानी दिखा रही है. “सरकारी अफसर : मंजिल नहीं शुरुवात हे” (Sarkari Afsar) सीरीज में एक परिवार के संघर्ष और सीजीपीएससी (CGPSC) की तैयारी के दौरान आप बीती को बताया गया है. इसके अलावा सीजीपीएससी (CGPSC) की तैयारी पर आधारित इस सीरीज में रोमांस का भी कलेवर दिखा रहा है.

ये कलाकार हैं वेब सीरीज का हिस्‍सा
“सरकारी अफसर : मंजिल नहीं शुरुवात हे” (Sarkari Afsar) सीरीज में फुफु के नाम से प्रसिद्ध कलाकार अनिल सिन्हा (Anit Sinha), फेमस कॉमेडियन अमन सागर (Aman Sagar), वैष्णवी जैन (Vaishnavi Jain), हर्षवर्धन पटनायक और क्रांति दीक्षित, सुरेश गोंडले, विक्रम राज जैसे मंझे हुए कलाकार भी अलग अलग भूमिका में नजर आ रहे हैं. इनके अलावा मुंबई में अब तक 25 से ज्यादा वेब सीरीज में काम कर चुके फेमस एक्टर साईं भरत भी नजर आने वाले हैं. वह इस वेब सीरीज में निर्देशक के रूप में काम कर रहे हैं.

बिलासपुर के गांधी चौक की दिख रही कहानी
बता दें कि यह वेब सीरीज छत्तीसगढ़ की सबसे प्रचलित परीक्षा सीजीपीएससी (CGPSC) पर आधारित एक कहानी है, जिसमें बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ का मुखर्जी नगर कहे जाने वाले “गांधी चौक” में हर साल हजारों की तादाद में आने वाले एस्पिरेंट्स की कहानी है, इस वेब सीरीज में CGPSC तैयारी कर रहे 4 अलग अलग किरदारों की कहानी है. जिसमें मुख्य भूमिका में फूफू के नाम से प्रसिद्ध और हंडा, दस्तावेज जैसी छत्तीसगढ़ी फिल्मो में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अनिल सिन्हा नजर आ रहे हैं.

“सरकारी अफसर : मंजिल नहीं शुरुवात हे” (Sarkari Afsar) सीरीज का प्रोडक्शन इनसाइड मी ओरिजनल्स की टीम ने किया है और निर्देशन TVF की टीम में 20 से अधिक वेब सीरीज में काम कर चुके साईं भरथ (Sai Bharath) ने किया है. इसके लेखक आनंद कश्यप हैं.

Leave Your Comment

Click to reload image