छत्तीसगढ़
रायपुर: छत्तीसगढ़ बजट 2024 पर कांग्रेस कमेटी की प्रतिक्रिया
रायपुर: छत्तीसगढ़ बजट 2024 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार का पहला बजट आम जनता के अपेक्षा और उम्मीदों के विपरीत घोर निराशाजनक रहा है. ना इसमें युवाओं के रोजगार के संदर्भ में कोई रोड मैप दिख रहा है, ना ही महंगाई से निपटने कोई ठोस रणनीति है. 1 लाख़ युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा था, लेकिन बजट में नई नौकरियों के लिए कोई प्रावधान नहीं हैं, उल्टे बेरोजगारी भत्ता की राशि खा गए. कॉलेज जाने वाले छात्रों से यात्रा भत्ता देने का वादा था, जिसके लिए कोई बजट प्रावधान नहीं है. 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा करने वाले भाजपाई गैस सब्सिडी के लिए एक रुपए का भी बजट प्रावधान नहीं कर पाए हैं.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बजट 1 साल के लिए होता है, लेकिन झांसा 2047 तक का? छत्तीसगढ़ में प्रस्तुत आज का बजट अभिभाषण पूरी तरह से भाजपा के चुनावी जुमलों की तरह ही था. झूठ और लफ्फाजी के कसीदे पढ़े गए. मोदी की चरण वंदना में समर्पित इस बजट में छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्र सरकार की अपेक्षा और भेदभाव का कोई जिक्र नहीं था. केंद्रीय करों में रोके गए राज्य की हिस्सेदारी और कोल की रायल्टी के पेनल्टी का पैसा वर्षों से लंबित है उस पर एक शब्द भी नहीं बोल पाए.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के द्वारा प्रस्तुत पिछले बजट में छत्तीसगढ़ में चार-चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की व्यवस्था दी गई थी. इस बजट में एक भी नया मेडिकल कॉलेज या इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का प्रावधान नहीं है. 25 लाख तक विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना संचालित थी, हमर अस्पताल, हमार लैब, हाट बाजार क्लिनिक, मोहल्ला क्लीनिक, स्लम स्वास्थ्य चिकित्सा योजना संचालित थी.
बैज ने कहा, पिछले बजट में 19488 करोड़ का प्रावधान शिक्षा के लिए रखा गया था, जो कुल बजट का 19.4 प्रतिशत था. इस बजट में यह राशि घटाकर 15.95 प्रतिशत कर दिया गया है, जो लक्ष्य या जीडीपी दोगना करने का बताया जा रहा है. पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार ने करके दिखाया है. राज्य की जीएसडीपी 2017-18 में मात्र 2 लाख़ 70 हजार करोड़ थी, जो बढ़कर पूर्ववर्ती कांग्रेस के शासनकाल में ही 5 लाख 9 हजार करोड़ तक हो गया, अर्थात कांग्रेस के 5 साल में राज्य का जीडीपी दोगुना हुआ था. विगत 3 वर्षों से प्रदेश सरकार ने कोई नया कर्ज नहीं लिया था, भाजपा की सरकार आते ही पिछले 2 महीने में चार बार नया कर्ज लिया गया. 5000 करोड़ से अधिक का नया कर्ज अब तक विष्णु देव साय सरकार ले चुकी है. 2022-23 में राजस्व आधिक्य 2661 करोड़, 2023-24 में 3500 करोड़, इस बार राजस्व आधिक्य घटकर मात्र 1060 करोड़, कुल मिलाकर विष्णुदेव साय सरकार के पहले बजट ने छत्तीसगढ़ की जनता को निराश किया है.
रायपुर: छत्तीसगढ़ का वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट सामाजिक-आर्थिक विकास को सुनिश्चित करने वाला बजट है
रायपुर: छत्तीसगढ़ का वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पेश किया. इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि आने वाले कई वर्षों तक छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा और दशा संवारने वाला बजट है. यह बजट प्रदेश का राजस्व बढ़ाने वाला बजट है. इस बजट में कर का कोई नया प्रस्ताव नहीं है, न ही मौजूदा करों की दरों में वृद्धि का कोई प्रस्ताव है. यह बजट सभी वर्गों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करने वाला और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने वाला बजट है. अमृतकाल का छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा.
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बजट में हमारा फोकस GYAN यानि गरीब, युवा, अन्नदाता किसान और नारी सशक्तिकरण पर केन्द्रित है. बजट में सभी वर्गों की चिन्ता की गई है. यह बजट हमारी सरकार का विजन डॉक्युमेंट भी है, जो छत्तीसगढ़ के चौमुखी विकास की परिकल्पना को दर्शाता है. हमारा प्रयास आने वाले पांच वर्षों में राज्य की जीडीपी को दोगुना करने का होगा. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव और विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद और वित्त सचिव अंकित आनंद भी उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री ने बजट के प्रमुख बिन्दुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आदिवासी बहुल बस्तर और सरगुजा के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं. तेन्दूपत्ता संग्राहकों के लिए तेन्दूपत्ता संग्रहण दर 4000 रूपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रूपए प्रति मानक बोरा करने और बोनस का प्रावधान किया गया है. तेन्दूपता संग्राहकों के लिए हम चरण पादुका योजना पुनः शुरू करेंगे. इसी तरह दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना में भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार रूपए की वार्षिक सहायता के लिए बजट में 500 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है. युवाओं के भविष्य के साथ अब खिलवाड़ न हो, इसके लिए राज्य सरकार ने पीएससी की अनियमितताओं की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया है. बजट में युवाओं के रोजगार के लिए प्रावधान किया गया है.
साय ने कहा कि कृषि उन्नति योजना के लिए बजट में 10 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है. इस योजना में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले प्रदेश के 24 लाख 72 हजार से अधिक किसानों को अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा. महिला सशक्तिकरण के लिए बजट में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 3000 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है. इस योजना में विवाहित महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रूपए की सहायता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पांच हॉर्स पॉवर कृषि पंपों के लिए निःशुल्क बिजली की आपूर्ति के लिए 3500 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है. इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए मुख्य बजट में 8369 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है. इसके पहले द्वितीय अनुपूरक में 3800 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है. पेयजल की बेहतर व्यवस्था के लिए जल जीवन मिशन के लिए पीएचई विभाग के बजट को दोगुना करते हुए 5047 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट केवल पैसे का लेखा-जोखा नहीं, अपितु छत्तीसगढ़ के भविष्य की उन्नति की आधारशीला है. इस बजट में कोई नया कर प्रावधान नहीं किया गया है, न ही किसी कर की दर में वृद्धि का प्रस्ताव है. इसके बावजूद बजट के आकार में बढ़ोत्तरी हुई है. बजट के माध्यम से टेक्नालॉजी के उपयोग को बढ़ावा देने का प्रावधान किया गया है. यह बजट सामाजिक-आर्थिक विकास के हर आयाम को छूने वाला और मोदी जी के गांरटी को पूरा करने वाला बजट है.
बेमेतरा: ग्राम नेवनारा में मिली अज्ञात महिला की अधजली लाश मामले में आरोपी पति को रायपुर से गिरफ्तार किया गया।
बेमेतरा: बेरला ब्लॉक के ग्राम नेवनारा में 18 जनवरी को मिली अज्ञात महिला की अधजली लाश के मामले में बेमेतरा पुलिस नेआखिरकार सफलता हासिल कर ली. पुलिस ने महिला के आरोपी पति को रायपुर से गिरफ्तार किया है.
बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चरित्र शंका एवं पारिवारिक विवाद के चलते सतीश कुमार सनसनवाल ने अपने पत्नी सोनिया की हत्या की घटना को अंजाम दिया था. आरोपी धोखे से अपनी पत्नी को रायपुर रोड ग्राम नेवनारा ले गया, जहां उसकी दुप्पटे से गला घोटने के बाद पेचकश से गले और छाती से वार कर हत्या कर दी. साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपी ने पेट्रोल डालकर पत्नी को जलाने का प्रयास किया.
अधजली लाश मिलने की सूचना पर तत्काल पुलिस, फॉरेनसिक टीम और डॉग स्क्वाड के साथ घटना स्थल पहुंचकर तहकीकात में जुट गई. मौके पर मिले विभिन्न साक्ष्य और सबूतों के आधार पर छानबीन करते हुए आरोपी पति तक पहुंची, जिसे रायपुर से गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
छत्तीसगढ़ बजट: महिलाओं के लिए विशेष प्रावधानों के साथ पेश किया गया।
रायपुर: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार आज अपना पहला बजट पेश कर रही है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी अपना पहला मुख्य बजट पेश कर रहे हैं. यह बजट पेपर लेस है और छत्तीसगढ़ के इतिहास का पहला डिजिटल बजट भी है. इस बजट में साय सरकार ने महिलाओं के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है.
सदन में बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि, PM मोदी के महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को साल में 12,000 रुपये यानी हर माह 1000 रुपये दिया जाएगा. इसके लिए 117 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है.
स्व-सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को रोजगार देने के लिए 561 करोड रुपए का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तरीय महिला सदन बनाने के लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है.
छत्तीसगढ़ बजट: 10 लाख करोड़ के लक्ष्य का इस्तेमाल कर रही है सरकार, विकास के कई क्षेत्रों में प्राथमिकता।
रायपुर: प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार ने अपने कार्यकाल का पहला बजट प्रस्तुत कर दिया है. बजट के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 10 लाख करोड़ के बजट के लक्ष्य तक हमें पहुंचना है. संघ और राज्य समन्वय के साथ छत्तीसगढ़ का इतिहास लिखेगा. इस दौरान वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास लिए 10 आधार स्तम्भ बताए. जो इस प्रकार है-
- आर्थिक विकास केंद्र बिंदु- “ज्ञान”
- तकनीक आधारित रिफॉर्म्स
- अधिकतम कैपेज
- अर्थ सेवा क्षेत्र पर जोर
- निजी निवेश सुनिश्चित करना
- बस्तर और सरगुजा पर फोकस
- विकेन्द्रित नीति
- छत्तीसगढ़ी संस्कृति का विकास
- क्रियान्वयन का महत्व
- विभागों को तकनीकी समृद्ध करने के लिए 266 करोड़ का प्रावधान
इसके अलावा बजट में अन्य घोषणाएं की गई है. वित्त मंत्री ने कहा कि ऑनलाइन रॉयल्टी को हटाकर लाल फीताशाही ऑफलाइन तरीके को अपनाया जाएगा. हम ऑनलाइन माध्यम से सरकार के राजस्व में ऐतिहासिक वृद्धि करके दिखाएंगे. विभिन्न विभागों को तकनीकी समृद्ध करने के लिए 266 करोड़ का प्रावधान किया गया है.
पीपीपी मॉडल को बढ़ावा
पूंजीगत व्यय में गत वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत वृद्धि हुई है. 20 प्रतिशत कैपेक्स वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है. साथ ही ईको टूरिज्म के लिए रोडमैप तैयार करने का प्रावधान किया गया है. सरकार की सारी क्षमताओं के अतिरिक्त निजी निवेश भी सुनिश्चित होगा. पीपीपी मॉडल को बढ़ावा दिया जाएगा. प्राइवेट इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा मिलेगा.
स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में विकसित होंगे ये शहर
बजट में बस्तर और सरगुजा को आर्थिक विकास की दृष्टि से मजबूत करने की बात कही गई है. बस्तर में लघु वन उपज के प्रसंस्करण के लिए उद्योगों की स्थापना की जाएगी. रायपुर और भिलाई के आसपास के इलाकों को स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में विकसित किया जाएगा.
नया रायपुर में आईटी हब विकसित किया जाएगा. कोरबा, रायगढ़, उरला, सिलतरा जैसे क्षेत्रों में उद्योगों को और आगे बढ़ाया जाएगा. हम प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बढ़ाने के लिए सत्य कार्य करेंगे. देश और दुनिया में चल रहा है बेस्ट प्रैक्टिस को हम अपनाएंगे. छत्तीसगढ़ एडवाइजरी काउंसिल का गठन करेंगे.
छत्तीसगढ़ आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन
वित्त मंत्री अपने बजट में कहा कि छत्तीसगढ़ आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन किया जाएगा. मर्यादापुरुषोत्तम श्रीराम के राम राज से बड़ा सुशासन का मॉडल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलता. तुलसीदास जी ने रामराज्य की अवधारणा समझाई है. रामराज्य की अवधारणा को आदर्श मानकर हम लगातार काम करेंगे. वर्ष 2030 तक सकल घरेलू उत्पाद के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमें पूंजीगत में पर्याप्त वृद्धि करनी होगी. हमारी जीडीपी में अभी भी सेवा क्षेत्रों का योगदान 31% है इसे बढ़ाने की आवश्यकता है. आवास योजना के लिए दूसरे अनुपूरक में हमने 3800 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था. अब 8369 करोड़ का प्रावधान अब कर रहे हैं.
किसानों और युवाओं के लिए किए गए ये प्रावधान
- कृषि उन्नति योजना के लिए 10 हजार करोड़ का प्रावधान.
- नल जल योजना के लिए 4, 500 करोड़ रुपए का प्रावधान.
- युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ उद्यम क्रांति योजना.
- दीनदयाल उपाध्याय भूमि कृषि मजदूर योजना प्रारंभ करने के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान.
- युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ उद्यम क्रांति योजना का इसी बजट में प्रावधान.
- स्टेट कैपिटल योजना के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान.
- कृषि बजट में 33% की वृद्धि हुई है, अब इसका कुल 13,438 करोड़ रुपए का प्रावधान हुआ है.
- कुनकुरी, रामचंद्रपुर, खडग़ांव, शीलफिलि में कृषि एवं उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी.
- दुर्ग एवं सरगुजा जिले में कृषि यंत्री कार्यालय की स्थापना.
- 14 विकासखंड में नवीन नर्सरी की स्थापना.
- सिंचाई परियोजनाओं के लिए 300 करोड रुपए का प्रावधान.
- केलो परियोजना के तहत रायगढ़ में सिंचाई परियोजनाओं को गति देने के लिए 100 करोड रुपए का प्रावधान.
- सिंचाई बांधों के लिए 72 करोड रुपए का प्रावधान.
- सिंचाई के लिए रकबे के विस्तार के लिए 3000 करोड़ रुपए राशि का प्रावधान.
- कुनकुरी में कृषि अनुसंधान केंद्र की स्थापना की जाएगी.
शक्तिपीठ परियोजना के लिए 5 करोड़ का प्रावधान
- शक्तिपीठ परियोजना के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान.
- श्री रामलला दर्शन योजना के लिए 35 करोड़ का प्रावधान.
अन्य घोषणाएं-
- 10 करोड़ से अधिक के 156 कार्यों के लिए प्रावधान.
- केलो परियोजना के नहर निर्माण कार्य 100 करोड़ से पूरा किया जाएगा.
- राज्य जल केंद्र की स्थापना के लिए 1 करोड़ का प्रावधान.
- सिंचाई बांधो की सुरक्षा के लिए 72 करोड़ रुपए का प्रावधान.
- स्व सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को रोजगार देने के लिए 561 करोड रुपए का प्रावधान.
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास के अंतर्गत 70 हजार 539 करोड़ का प्रावधान, 70 प्रतिशत वृद्धि.
- ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार हेतु 2887 करोड़ का प्रावधान.
- सड़कों के लिए 841 करोड़ का प्रावधान.
- कचरा प्रबंधन की योजनाओं के लिए 400 करोड़ का प्रावधान.
कला, शिक्षा, विधि क्षेत्रों में की गई घोषणाएं
- कला साहित्य खेल के क्षेत्र में युवाओं के योगदान को प्रोत्साहित और उन्हें सम्मान देने के लिए 1 करोड़ 50 लाख का प्रावधान.
- राज्य पुलिस बल में 1089 पदों की वृद्धि.
- नक्सल क्षेत्र में तैनात जवानों की सुरक्षा के लिए स्पीक रेजिस्टेंट बूट देने का निर्णय लिया गया है.
- ई-कोर्ट के लिए 596 पदों का सृजन.
- अमृत मिशन योजना के लिए 796 करोड रुपए का प्रावधान.
- नागरिक क्षेत्र के स्लम बस्तियों में स्वास्थ्य सुविधा के लिए 300 करोड रुपए का प्रावधान.
- नालंदा परिसर की तर्ज पर प्रदेश के 22 स्थान में लाइब्रेरी बनाई जाएगी.
- हिंदी व छत्तीसगढ़ी से गोंडी भाषा के ट्रांसलेशन के लिए सॉफ्ट वेयर का निर्माण किया जाएगा.
रैपिड रिस्पांस टीम का गठन
- रायपुर, बिलासपुर स्मार्ट सिटी के लिए 402 करोड़ का प्रावधान.
- पर्यटन एवं संस्कृति मुख्यमंत्री जन पर्यटन योजना प्रारंभ की जाएगी.
- गोंडी भाषा के विकास हेतु 2 करोड़ 50 लाख का प्रावधान.
- आदिभाषाओ के संरक्षण और विकास के लिए प्रावधान.
- संवर्धन से जुड़े कार्यों के क्रियान्वयन के लिए कैम्पा में 1 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान.
- चरण पादुका के लिए 35 करोड़ का प्रावधान.
- हाथी मानव द्वंद से बचाव के लिए रैपिड रिस्पांस टीम के गठन के लिए 20 करोड़ का प्रावधान.
सिम्स के नवनिर्माण के लिए 700 करोड़ रुपये का प्रावधान
- पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में फॉरेंसिक साइंस की प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी.
- नवा रायपुर अटल नगर में संगीत महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा.
- नवीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पिपरिया में.
- राजधानी में साइंस सिटी के लिए 34 करोड़, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 1500 करोड रुपए का प्रावधान.
- सिम्स के नवनिर्माण के लिए 700 करोड़ रुपए का प्रावधान.
- मेकाहारा रायपुर के लिए 773 करोड़, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी में 220 बिस्तर वाले अस्पताल की स्थापना की जाएगी.
बिजली बिल हाफ योजना के लिए 1 हजार 274 करोड़ का प्रावधान
- शासकीय अस्पतालों में लैब टेक्निशियन के 373 पदों पर भर्ती की जाएगी.
- दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर योजना प्रारंभ करने का इस बजट में प्रावधान किया गया है.
- प्रत्येक परिवारों को प्रतिवर्ष 10000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. 500 करोड़ का प्रावधान.
- अटल श्रम शक्ति योजना के लिए 123 करोड रुपए का बजट प्रावधान.
- श्रमेव जयते पोर्टल के विकास के लिए 2 करोड रुपए प्रावधान.
- युवा को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ उद्यम क्रांति योजना प्रारंभ की जाएगी.
- सौर सिंचाई सुविधाओं को विस्तार देने के लिए 170 करोड रुपए का प्रावधान.
- स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करने के लिए यूनिटी मॉल की स्थापना की जाएगी. इसके लिए 80 करोड़ रूप का प्रावधान.
- 200 करोड़ की लागत से यूनिटी माल की स्थापना होगी.
- 6 लाख 96 हजार कृषि पम्पों को लाभ दिलाने योजना.
- बिजली बिल हाफ योजना के लिए 1 हजार 274 करोड़ का प्रावधान.
- एकल बत्ती के लिए 540 करोड़ का प्रावधान.
- प्रदेश में अधो संरचना विकास को प्रोत्साहित करने के लिए 8,317 करोड रुपए का प्रावधान.
- प्रदेश के सभी एयरपोर्ट में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान.
- कटघोरा से डोंगरगढ़ रेल लाइन निर्माण को तीव्र गति से करने के लिए 300 करोड़ का प्रावधान.
पुलिस की विशेष अभियान कार्यवाही: बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
यातायात रायपुर :राजधानी रायपुर में बढ़ते सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं वाहन चालकों में सुरक्षा उपायों (हेल्मेट व सीट बेल्ट) का पालन कराये जाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा शहर से गुरजने वाले रिंग रोड नं-01 सेरीखेड़ी से तेलीबांधा थाना तिराहा एवं तेलीबांधा थाना तिराहा से टाटीबंध चौक तक इसी प्रकार रिंग रोड नं. 02 में टाटीबंध चौक से भनपुरी चौक तक बिना हेलमेट दोपहिया एवम् बिना सीट बेल्ट बांधे चार पहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाने जा रही है । जिसके तहत यातायात पुलिस रायपुर के अधिकारी/कर्मचारी रिंग रोड नम्बर 01 व 02 में जगह जगह चेकिंग पाइंट लगाकर ऐसे उल्लंघनकर्ताओं के विरूद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही किया जायेगा।
इसी प्रकार नया रायपुर में भी बढ़ते दुर्घटनाओं को देखते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गो पर यातायात पुलिस के अधिकारी कर्मचारी चेंकिंग पाइंट लगाकर बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट के वाहन चालकों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही किया जायेगा।
इस विशेष अभियान के दौरान आम लोग भी यातायात पुलिस के हेल्पलाईन नंबर 9479191234 पर बिना हेलमेट या सीटबेल्ट धारण किए वाहन चालक का फोटो खींचकर व्हाट्सप कर सकते है, जिसमें शिकायतकर्ता का नाम उजागर नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायत में फोटो के साथ गाड़ी का नंबर, स्थान का नाम व समय का उल्लेख आवश्यक होगा।
बता दे कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रकरणों में मरने वालों की संख्या सबसे अधिक दोपहिया वाहन चालकों की है जिसका प्रमुख कारण हेलमेट नही पहनने के कारण सर में गंभीर चोट आने से होता है। जिसके लिए यातायात पुलिस रायपुर द्वारा विगत कई वर्षो से हेलमेट जनजागरूकता अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों को वाहन चालन के दौरान अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने अपील की जाती है किन्तु वाहन चालकों का हेलमेट लगाने के प्रति उदासीन होने के कारण सड़क दुर्घटना के दौरान अकारण काल के गाल में समा जा रहें है। इसी प्रकार चार पहिया वाहन (कार) चालकों द्वारा भी सीट बेल्ट लगाने में लापरवाही बरतने के परिणाम स्वरूप सड़क दुर्घटना के दौरान हो रही घातक/ मृत्यु के प्रकरणों को रोकने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रायपुर द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालने वाले एवं बिना सीट बेल्ट लगाये चार पहिया वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध विशेष अभियान की आवश्यकता महसूस करते हुए सेरीखेड़ी से तेलीबांधा चौक तथा शहर से गुजरने वाले रिंग रोड नम्बर 01 में (तेलबांधा से टाटीबंध चौक तक) एवं रिंग रोड नम्बर 02 में (टाटीबंध चौक से भनपुरी चौक) तक विशेष अभियान चलाकर चेकिंग कार्यवाही की जायेगी।
अपील:- वाहन चालकों से अपील है, कृपया नियमों का पालन कर वाहन चलाएं, सुरक्षा उपायों का उपयोग करें, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन न चलाए, नाबालिक बच्चों को वाहन चलाने न दे ।
संयमित चले-सुरक्षित रहें
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने के लिए कर्मचारी संघ की मुलाकात
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा सचिव माननीय श्री प्रसन्ना आर .( IAS ) सर जी से कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार नामदेव एवं सचिव श्री संदीप खरगवंशी ने मुलाकात कर विश्वविद्यालय में कार्यरत 01.01. 2004 के बाद नियुक्त हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने एवं विश्वविद्यालय में दैनिक वेतन भोगी से नियमित हुए कर्मचारी को पेंशन का लाभ देने के और और शासन स्तर में जितने भी आदेश कर्मचारी हित के लिए होते हैं
उसमें विश्वविद्यालय को प्रतिलिपि प्रदाय करने के साथ ही विश्वविद्यालय से 01.01.2016 के बाद सेवा निवृत हुए कर्मचारियों को सातवें वेतनमान में पेंशन निर्धारण करने के संबंध में आदरणीय उच्च शिक्षा सचिव जी को पत्र देकर विस्तार से चर्चाएं की गई
छत्तीसगढ़: पहली बार पेश होगा पेपरलेस डिजिटल बजट
रायपुर: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार का पहला बजट ऐतिहासिक रूप से चिर स्मरणीय होगा। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के द्वारा पेश किया जाने वाला यह बजट पेपर लेस होगा और छत्तीसगढ़ के इतिहास का पहला डिजिटल बजट होगा। इसके साथ ही इस बजट का ब्रीफकेस भी छत्तीसगढ़ की लोक कला, लोक संस्कृति, युवा, महिला और किसान एवं आधुनिकता के समावेश को दर्शाएगा।
वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी द्वारा आज विधानसभा में पेश किए जाने वाले बजट को जिस ब्रीफकेस में प्रस्तुत किया जा रहा है वो काफी खास है। यह ब्रीफ़केस छत्तीसगढ़ के आदिम जनजाति के पारंपरिक सुप्रसिद्ध ढोकरा शिल्प को समेटे हुए है । गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ग्रीस के प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ की डोकरा कलाकृति भेंट की गई थी जिससे इस कला की पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है।
श्री ओपी चौधरी के बजट ब्रीफकेस में भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो है जो यह दर्शा रही हैं कि विकसित भारत निर्माण में छत्तीसगढ़ प्रदेश का योगदान बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। ब्रीफकेस पर छत्तीसगढ़ शासन का लोगो जिसमे धान की बाली है, यह दर्शाती है कि यह किसान हितैषी सरकार है और किसानों के हित को सदैव प्राथमिकता में रखेगी।
इस ब्रीफकेस में छत्तीसगढ़ के मैप को स्वर्णिम रूप में दर्शाया गया है जो ये बताता है कि सरकार सुशासन के साथ छत्तीसगढ़ के युवा, महिला व किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य के साथ कार्य करेगी और छत्तीसगढ़ राज्य को देश में एक स्वर्णिम राज्य के रूप मे स्थापित करेगी।
इस ब्रीफकेस में अमृतकाल के नींव का बजट लिखा हुआ है जो यह दर्शाता है कि केंद्र की सभी योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता को निरंतर मिलता रहेगा। इसके साथ ही ब्रीफ़केस के पीछे GREAT CG लिखा है जो Guarantee, Reform, Economic Growth, Achievement, Technology, Сарех तथा Good Governance को दर्शाता है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी के पहले बजट के इस ब्रीफ़केस में छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार की नीति व नियत साफ़ झलक रही है जो यह दर्शाती है कि यह सरकार मोदी की गारंटी को पूरा कर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास के सिद्धांतों पर चलकर छत्तीसगढ़ की जनता के विकास के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
छत्तीसगढ़: राजनांदगांव में देश का पहला सबसे बड़ा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सौर ऊर्जा संयंत्र
रायपुर: सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डोंगरगढ़ रोड पर ग्राम ढ़ाबा के आस-पास के 4-5 गांव के पहाड़ी क्षेत्र में स्थापित किया गया है। संयंत्र के साथ स्थापित बैटरी सिस्टम के माध्यम से रात्रि में भी बिजली प्रदाय की सुविधा रहेगी। इससे प्रतिदिन 5 लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन होगा और लगभग 4.5 लाख मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, इससे हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलेगा।
क्रेडा द्वारा राजनांदगांव में ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापना का कार्य सोलर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सेकी) एवं छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को सौंपा गया। इस कंपनी द्वारा 01 फरवरी 2024 को संयंत्र स्थापना कार्य पूर्ण कर कार्यशील किया गया। यह देश का पहला ऑनग्रिड सोलर सिस्टम है, जिसमें 100 मेगावॉट का सोलर संयंत्र स्थापित किया गया है। इस प्लांट की प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें 660 वॉट क्षमता के कुल 2 लाख 39 हजार बाईफेसियल सोलर पैनल स्थापित किये गये हैं, जिससे पैनल के दोनों ओर से प्राप्त सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली का निर्माण किया जा रहा है। इसकी कुल परियोजना लागत 960 करोड़ रूपये हैं, जो कि सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन कर आगामी सात वर्षों तक प्राप्त हो जाएगी।
इस पार्क के माध्यम से प्रति दिन लगभग 5 लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे लगभग 4.5 लाख मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आ रही है एवं हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन मिल रहा है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में यह परियोजना देश एवं प्रदेश में उत्कृष्ट मॉडल के रूप में देखा जाएगा। साथ ही ऐसे अनेक परियोजनाओं पर क्रेडा द्वारा कार्य किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ शासन द्वारा राजनांदगांव जिले के बैरन पहाड़ी क्षेत्र के उत्तम उपयोग के दृष्टिकोण से देश एवं प्रदेश के प्रथम सोलर पार्क की स्थापना का निर्णय लिया गया। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रारंभ वर्ष 2016 में हुआ। इसके तहत् ग्रिड कनेक्टेड मेगा साईज सोलर पावर प्लांट की स्थापना हेतु छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के द्वारा दो चरणों में सोलर पार्क की स्थापना का कार्य प्रस्तावित किया गया तथा इस हेतु कुल 17 गांव की 626.822 हेक्टेयर शासकीय भूमि की मांग की गई थी जिसमें कुल 09 गांव की 377.423 हेक्टेयर भूमि जिला प्रशासन, राजनांदगांव द्वारा आबंटित की गई।
सोलर पार्क स्थापना के प्रथम चरण में 05 गांव के (16 खसरे) कुल 181.206 हेक्टेयर शासकीय भूमि का सर्वे कर आबंटन प्राप्त किया गया, इनमें प्रमुखतः ग्राम ढाबा, कोहका, रेंगाकठेरा, डुंडेरा, अमलीडीह तहसील व डोंगरगांव सम्मिलित थे तथा द्वितीय चरण में 04 गांव के 196-217 हेक्टेयर शासकीय भूमि का सर्वे कर आबंटन प्राप्त किया गया। इनमें प्रमुखतः ग्राम ओडारबंध, गिरगांव, टोलागांव, घुघुवा तहसील डोंगरगांव सम्मिलित थे।
छत्तीसगढ़: राज्यपाल के समक्ष बजट सत्र में प्रदेश के वित्तीय ढ़ाचे को मजबूत करने की प्राथमिकता
रायपुर:छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन द्वारा बजट सत्र के शुभारंभ के अवसर पर दिए गए अभिभाषण पर आज चर्चा के बाद राज्यपाल महोदय के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्यपाल महोदय के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि हमने प्रदेश में सुशासन की स्थापना का संकल्प लिया है। हम छत्तीसगढ़ की जनता के जीवन में खुशहाली और समृद्ध लाने के लिए मोदी जी हर गारंटी को पूरा करेंगे। हमारी पहली प्राथमिकता जीर्ण-शीर्ण हो चुके प्रदेश के वित्तीय-ढांचे को फिर से मजबूत करने और फिर से कुशल वित्तीय प्रबंधन की स्थापना करने की होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने हमें विरासत में खाली खजाना और भारी कर्ज सौंपा है। अपने बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए संसाधनों का इंतजाम हमारे सामने बड़ी चुनौती हो सकती थी, लेकिन जनता-जनार्दन के आशीर्वाद, विश्वास, समर्थन और सहयोग से ऐसी तमाम तरह की चुनौतियों पर विजय पाने में हम कामयाब हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का फोकस किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं पर रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए जो गारंटियां दी हैं, उनका फोकस भी मुख्य रूप से इन्हीं वर्गों पर है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिए सुविधाओं में बढ़ोतरी करना, सामाजिक और भौतिक विकास में तेजी लाने के लिए अधोसंरचनाओं का निर्माण करना, शिक्षा, चिकित्सा, संस्कृति, संस्कार, रोजगार, व्यापार जैसे क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ राज्य सरकार काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और नीतियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि नवा रायपुर में मध्यभारत इनोवेशन हब बनाने की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस इनोवेशन हब के जरिए लाखों की संख्या में रोजगार के नये अवसरों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि हम राजिम को फिर से देश के मानचित्र पर महत्वपूर्ण तीर्थ के रूप में पहचान दिलाएंगे। राजिम कुंभ के आयोजन की परंपरा को फिर शुरू करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने विकसित-भारत के निर्माण और भारत को दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने का लक्ष्य देश के सामने रखा है। इन लक्ष्यों को हासिल करने में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भागीदारी होगी। छत्तीसगढ़ सरकार के वित्तीय वर्ष 2023-24 के दूसरे अनुपूरक बजट का उद्देश्य मोदी जी की गारंटियों के क्रियान्वयन की शुरुआत करना था, तीसरा अनुपूरक बजट शुरू हो चुके काम को आगे बढ़ाने तथा गति देने के लिए प्रस्तुत किया गया था। इसी सत्र में वर्ष 2024-25 के लिए हमारी सरकार पहला मुख्य बजट प्रस्तुत करने जा रही है, जो अनेक मायनों में ऐतिहासिक बजट होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित-छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए हम केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति के अनुरूप उन्होंने सभी वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए कार्यक्रम और योजनाएं लागू करने की गारंटी दी है, जिसे हम पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि जब कोई सरकार नेक-नीयती और ईमानदारी के साथ काम करती है, तब जनता-जनार्दन दिल खोलकर आशीर्वाद देती है।
18 लाख परिवारों को आवासों की स्वीकृति
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मोदी जी की गारंटियों को पूरा करने के क्रम में शपथ-ग्रहण के दूसरे ही दिन कैबिनेट की पहली ही बैठक में 18 लाख परिवारों के आवासों के निर्माण के लिए हमारी सरकार ने स्वीकृति दे दी थी। विधानसभा में दूसरा अनुपूरक बजट प्रस्तुत कर आवासों के निर्माण के लिए 3799 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान पारित कराया गया था। इसी तरह मोदी जी की गारंटी के अनुरूप पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन, सुशासन दिवस 25 दिसंबर 2023 को राज्य के 12 लाख किसानों को दो साल के बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है। इस तीसरे अनुपूरक अनुमान में कृषक उन्नति योजना के लिए 12000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
छत्तीसगढ़ में अब तक सबसे ज्यादा रिकॉर्ड धान खरीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी की गारंटी को पूरा करते हुए हमने राज्य में 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी की और इस साल प्रदेश में सर्वाधिक धान खरीदी का नया रिकॉर्ड बनाया है। हमने इस साल 144.92 लाख मीटरिक टन धान खरीदी की है। इस साल 24 लाख 72 हजार 440 किसानों ने धान बेचा है, जो पिछले साल के 23 लाख 42 हजार से 1 लाख 30 हजार ज्यादा है। पिछले साल की तुलना में इस साल 37 लाख मीटरिक टन ज्यादा धान उपार्जित किया गया है। हमने न सिर्फ अब तक की सर्वाधिक मात्रा में धान की खरीदी की है, बल्कि इस बार धान बेचने वाले किसानों की संख्या भी सर्वाधिक रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मांग पर हमने धान खरीदी की अवधि में बढ़ोतरी भी की थी। अवधि बढ़ाने से 19 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए और वे भी अपना धान बेच पाए। चालू खरीफ विपणन वर्ष में प्रदेश में 130 लाख मीटरिक टन धान के उपार्जन का अनुमान था, लेकिन रिकॉर्ड खरीदी के चलते अनुमानित उपार्जन का आंकड़ा काफी पीछे छूट गया है। राज्य में कस्टम मिलिंग का काम भी तेजी से जारी है। उपार्जित धान 144.92 लाख टन में से 106.04 लाख टन धान के उठाव का डीओ जारी किया जा चुका है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 100.94 लाख टन धान का उठाव किया जा चुका है।
महतारी वंदन योजना को लेकर महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती देने, लैंगिक और सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना शुरू कर दी गई है। यह योजना भी मोदी जी की गारंटियों में शामिल है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की प्रत्येक पात्र विवाहित महिला को 12,000 रुपए की वार्षिक सहायता प्रदान की जाएगी। दूसरे अनुपूरक बजट में इसके लिए 1200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया था। योजना को कैबिनेट में स्वीकृति मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा योजना के विस्तृत दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह योजना 1 मार्च 2024 से लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 5 फरवरी 2024 से ऑनलाईन व ऑफ लाईन आवेदन का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। कल 7 फरवरी तक इस तरह केवल 3 दिनों में ही 16 लाख 82 हजार आवेदन भरे जा चुके हैं। इस योजना को लेकर महिलाओं में बहुत उत्साह है। उनका उत्साह और खुशी देखकर मुझे भी बहुत खुशी और संतुष्टि मिली रही है।
रामलला दर्शन योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ भारत का सदियों का सपना पूरा हो गया है। रामलला प्रत्येक भारतीय की आत्मा में रचे-बसे हैं। छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम का अटूट नाता है। वे हमारे भांजे हैं। छत्तीसगढ़ के लोग भी अयोध्या जाकर श्री रामलला के दर्शन करना चाहते हैं। राज्य सरकार हर साल रामलला दर्शन योजना के तहत हजारों यात्रियों को रामलला के दर्शन कराएगी।
चारधाम परियोजना की तर्ज पर 05 शक्तिपीठों का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बड़ा सौभाग्य है कि इस प्रदेश को प्रभु श्रीराम के साथ-साथ शक्ति का भी आशीर्वाद प्राप्त है। यहां अनेक शक्तिपीठ हैं। ये शक्तिपीठ छत्तीसगढ़ के लोगों की श्रद्धा और आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति के भी केंद्र हैं। राज्य शासन ने चारधाम परियोजना की तर्ज पर 05 शक्तिपीठों- कुदरगढ़, चंद्रपुर, रतनपुर, दंतेवाड़ा तथा डोंगरगढ़ को विकसित करने के लिए कार्ययोजना के निर्माण के लिए काम शुरू कर दिया है।
तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा हेतु नवीन योजना शुरू होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी की एक और गारंटी को पूरा करते हुए आदिवासी बन्धुओं के लिए हरा सोना कहे जाने वाले तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर को अब 4000 रूपए प्रतिमानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रूपए प्रति मानक बोरा प्रदान करने का निर्णय लिया जा चुका है। कैबिनेट ने तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा हेतु नवीन योजना संचालित किए जाने का निर्णय लिया है।
यूपीएससी की तर्ज पर होंगी पीएससी की परीक्षाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्टाचारी हाथों से प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य का गला घोंटा है। उन्हें हम बख्शेंगे नहीं। पीएससी की परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों से बड़ी मात्रा में शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मोदी जी ने इन शिकायतों की जांच कराने की गारंटी दी थी। उनकी गारंटी के अनुरूप पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई से कराने का निर्णय राज्य शासन द्वारा लिया गया है। इस मामले में ईओडब्लू ने पीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष और सचिव पर धोखाधड़ी एवं भ्रष्टाचार के मामले पर कल एफआईआर दर्ज कर ली है। पीएससी की परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता हो इसके लिए हम इसे यूपीएससी की तर्ज पर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
अटल मॉनिटरिंग पोर्टल से होगी योजनाओं की निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए खनिज के परिवहन और परमिट को मैनुअल पद्धति से जारी करने का आदेश पारित करा दिया था। हमने प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए प्रदेश में खनिज के परिवहन और परिमिट को पुनः ऑनलाईन कर दिया है। भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण के वादे को पूरा करने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाते हुए 25 दिसंबर 2023 को अटल जी की जयंती के अवसर पर अटल मॉनिटरिंग पोर्टल लांच कर दिया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की निगरानी और समीक्षा की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरे अनुपूरक में केंद्र शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी बजट अनुमान प्रस्तुत किया गया था। प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित स्वास्थ्य, चिकित्सा, महिला सुरक्षा एवं महिला कल्याण, अधोसंरचना, युवा कल्याण, विद्युत जैसे विषयों के लिए भी तीसरे अनुपूरक में अनुमान प्रस्तुत किया गया था, जिन्हें सदन ने पारित कर दिया है।
कानून का राज स्थापित करने के लिए राज्य सरकार संकल्पित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए संकल्पित है। हम छत्तीसगढ़ से माओवादी-आतंकवाद के पूरी तरह से उन्मूलन के लिए कटिबद्ध हैं। माओवादी हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार शांति और सुरक्षा स्थापित करते हुए तेजी से बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करेगी। हमारी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए राज्य में फिर से भयमुक्त वातावरण का निर्माण किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि सुशासन के बिना विकास संभव नहीं है। हमारे वर्तमान यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का भी हमारे लिए यही संदेश है। हम लोग जिसे सुशासन कहते हैं उसी का एक नाम रामराज भी है। छत्तीसगढ़ में भी रामराज का सपना शीघ्र साकार होगा।
मुख्यमंत्री की पहल: सुकमा जिले के इत्तेपारा गांव में एक वर्ष बाद बिजली की रौशनी से जगमगाया, ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों का विकास तेज गति से हो रहा है। बस्तर अंचल के दूरस्थ इलाकों में भी प्राथमिकता से बुनियादी सुविधाएं सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी और बिजली पहंुचायी जा रही है। सुकमा जिले के इत्तेपारा गांव में एक वर्ष बाद लोगों को फिर से बिजली मिलने लगी है। पूरा गांव रौशनी से जगमगा उठा है।
पिछले एक साल से लालटेन और दीये के युग में जी रहे इत्तेपारा के ग्रामीणों के लिए गांव में फिर से बिजली का आना विकास की नई रौशनी के समान है। दुर्गम भौगोलिक बसाहट थी उस पर सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र के रूप में भी चिन्हित गांव की किस्मत अब बदलने जा रही है। अंधेरे में रहने की परेशानी छटने से ग्रामीण अत्यन्त प्रसन्न है। अब यह गांव रोशनी से जगमगा रहा है, गांव के घर भी रोशन हो उठे है। ग्रामीणों के चेहरों में खुशी है। एक वर्ष पूर्व में बिजली न होने से होने वाली दिक्कतों के संबंध में ग्रामीण बताते है कि उन्हें शाम ढलते तक अपने पूरा काम धाम निपटाकर घरों में बंद हो जाना पड़ता था और रात में मजबूरीवश कहीं आने-जाने के लिए लालटेन और दीया का ही उनका सहारा था।
इत्तेपारा गांव की स्थिति अब बदल गई है और यह रोशनी से जगमगा रहा है और इन गांव में रहने वाले परिवार के घर भी रोशन हो उठे है। इस प्रकार इत्तेपारा में बिजली पहुंचने से ग्रामीणों के चेहरों में खुशी है। पूर्व में बिजली न होने से होने वाली दिक्कतों के संबंध में ग्रामीण बताते है कि उन्हें शाम ढलते तक अपने पूरा काम धाम निपटाकर घरों में बंद हो जाना पड़ता था और रात में मजबूरीवश कहीं आने-जाने के लिए लालटेन और दीये का ही सहारा था। बहरहाल लालटेन और दीए के युग में जी रहे इत्तेपारा के ग्रामीणों के लिए गांव में विद्युतीकरण का होना विकास का उजाला लेकर आया है। इसके लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का धन्यवाद किया।
गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा को 3 फरवरी को माओवादी आतंक प्रभावित सुकमा जिले के प्रवास के दौरान ग्राम इत्तेपारा का भ्रमण किया था और लोगों से मुलाकात की थी। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि उनके गांव में पिछले एक वर्ष से बिजली नही है। एक वर्ष पहले यहां बिजली थी। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
छत्तीसगढ़ में साउथ कोरियन छात्रों के प्रतिनिधिमण्डल से शिक्षा मंत्री अग्रवाल की मुलाकात
रायपुर: शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से साउथ कोरियन छात्रों के प्रतिनिधिमण्डल ने सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान पर्यावरण, मानवाधिकार और जन कल्याण जैसे मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। अग्रवाल ने कहा कि विदेशी छात्रों का छत्तीसगढ़ी संस्कृति से प्रभावित होना हमारे लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ASEZ साउथ कोरिया छात्रों से मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संबंधित समस्या सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए हमें सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। शिक्षण संस्थानों में पर्यावरण जागरूकता पर जोर देकर हम छात्रों को पर्यावरण के महत्व के बारे में शिक्षित कर सकते हैं। इन संस्थानों में वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए। पर्यावरण के अनुकूल बुनियादी ढांचे जैसे कि सौर ऊर्जा का उपयोग, जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन पर हमें विशेष ध्यान देना होगा।
गौरतलब है कि ASEZ विश्वविद्यालय के छात्र स्वयंसेवकों का एक वैश्विक संगठन है। जो दुनियाभर में ‘‘सेव द अर्थ‘‘ मुहिम चलाती है। इसके तहत पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न मुद्दों पर जनजागरूकता के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। यह दल पिछले दो सप्ताह से छत्तीसगढ़ के भ्रमण पर है। इस दौरान छात्रों के इस दल ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति और खान-पान की प्रशंसा की। प्रतिनिधि मंडल में साउथ कोरिया के चार्ली, केविन, लुक, एरिक शामिल थे।
सेंट विंसेंट पैलोटी कॉलेज में "आरोहण मार्चिंग टुवर्ड्स एक्सीलेंस" वार्षिक उत्सव का शानदार आयोजन
सेन्ट विंसेंट पैलोटी कॉलेज में 'आरोहण'-मार्चिंग टुवर्ड्स एक्सीलेंस, वार्षिक उत्सव का शानदार आयोजन हुआ। इस रंगारंग कार्यक्रम के विशेष अतिथि श्री पुरंदर मिश्रा विधायक रायपुर उत्तर ,पद्ममश्री अनुज शर्मा विधायक धरसीवा, एवं वेरी रेव्ह फादर विपिन किशोर मिंज, प्रोविंशियल रैक्टर रायपुर प्रोविंस रहे। कॉलेज के डायरेक्टर रेव्ह फादर अमित तिर्की के द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत अपने उद्बोधन के द्वारा किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे ने कॉलेज के उपलब्धियां के बारे में विस्तृत जानकारी अपने उद्बोधन में प्रदान किया, जिसमें शैक्षणिक एवं खेलकूद की विभिन्न गतिविधियों में महाविद्यालय की उपलब्धियां पर प्रकाश डाला गया।
तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वल एवं सेंट विंसेंट पैलोटी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया । कार्यक्रम के अतिथि माननीय पुरान्दर मिश्राजी ने अपने उद्बोधन में महाविद्यालय के द्वारा क्वालिटी एजुकेशन के लिए किया जा रहे प्रयासो की सराहना तथा छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान की ।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय स्तर में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले तथा खेलकूद में नेशनल, राज्य स्तरीय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर महाविद्यालय का नाम रौशन करने वाली विद्यार्थियों को श्री अनुज श्रर्मा के करकमलों से पुरस्कृत किया गया ।श्री शर्मा ने विद्याथियों को विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी को याद दिलाया.
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मधुर प्रेयर सॉन्ग के द्वारा हुई तत्पश्चात एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति विद्यार्थियों के द्वारा दी गई जिसमें मुख्य रूप से विकसित भारत "2047" नृत्य द्वारा भारत के सुनहरे भविष्य का मॉडल प्रस्तुत किया गया । गणेश वंदना ने सारे माहौल को भक्तिमय में कर दिया। सुघर छत्तीसगढ़ और राउत नाचा ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य की अद्भुत छटा मंच पर बिखेरे। हॉरर डांस ने सारे अतिथियों को अपने प्रदर्शन से चौंका दिया।
देश के विभिन्न संस्कृतियों का प्रदर्शन विभिन्न नृत्य के माध्यम से किया गया जिसमें मुख्य रूप से कालबेलिया नृत्य ने राजस्थानी लोक संस्कृति द्वारा अतिथियों का स्वागत किया । दक्षिण के कांतारा नृत्य की बात ही निराली थी । फ्री डांस के माध्यम से मॉडर्न डांस का प्रदर्शन किया गया। छोटा नागपुरी द्वारा सरगुजा की लोक संस्कृति का प्रदर्शन विद्यार्थियों ने किया। बैकबेंचर्स ने स्टेज पर रॉकिंग प्रस्तुति दी। बीट ब्रेकर्स ग्रुप के द्वारा शानदार नृत्य प्रस्तुत किया गया। पंजाबी नृत्य ने भागड़ा की प्रस्तुति दी। सितार और तबला की जुगलबंदी और कॉलेज बैड के सिंगर ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
धन्यवाद ज्ञापन वाइस प्रिंसिपल डॉ. जी पदमा गौरी के द्वारा दिया गया।
आरोहण वार्षिक उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रभारी महाविद्यालय की सांस्कृतिक gv कमेटी की संयोजक श्रीमती यशस्वी लोनकर थी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभागों के विभाग के अध्यक्ष ,शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक एवं बड़ी संख्या में पालक ,छात्र-छात्राएं , गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
एयर फोर्स ने जीती महंत राजा सर्वेश्वर दास अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता: खेल मंत्री ने किया पुरस्कृत
रायपुर: खेल मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने आज राजनांदगांव जिले में आयोजित महंत राजा सर्वेश्वर दास अखिल भारतीय हाॅकी प्रतियोगिता 2024 के विजेता टीम को पुरस्कृत किया। 80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2024 का फायनल मैच एकतरफा रहा, जिसमें इंडियन एयर फोर्स नई दिल्ली ने पेट्रोलियम स्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड नई दिल्ली को 5-1 गोल से हराकर प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा कर लिया। तीसरे व चैथे स्थान के लिए खेला गया मैच भी एकतरफा रहा। जिसमें आर्मी स्पोट्र्स कन्ट्रोल बोर्ड नई दिल्ली ने सेल हॉकी अकादमी राउरकेला को 7-2 गोल से हराकर तीसरे स्थान पर रही।
दिग्विजय स्टेडियम समिति द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेली गई, 80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के फायनल मैच में एयर फोर्स नई दिल्ली ने पेट्रोलियम स्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड नई दिल्ली को 1 गोल के मुकाबले 5 गोल से शिकस्त देकर प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा किया। इसके पूर्व तीसरे व चैथे स्थान के लिए खेले गए मैच में आर्मी इलेवन ने सेल राउरकेला को आसानी से 7-2 गोल से हराकर तीसरा स्थान किया और सेल की टीम चैथे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण करते हुए खेल मंत्री श्री टंकराम वर्मा एवं अन्य अतिथियों ने विजेता टीम को आयोजन समिति द्वारा विशाल चांदी की ट्रॉफी एवं छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री बल्देव सिंह भाटिया द्वारा प्रदत्त 5 लाख रूपए, आयोजन समिति द्वारा उपविजेता टीम को विशाल चांदी की ट्रॉफी एवं समाजसेवी बहादुर अली द्वारा प्रदत्त 3 लाख रूपए, तृतीय स्थान प्राप्त टीम आर्मी इलेवन सी.एन. तिवारी ट्रॉफी एवं श्री रमेश नरेश डाकलिया द्वारा प्रदत्त 51 हजार रूपए और चैथा पुरस्कार सेल अकादमी को अंतर्राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी श्री मृणाल चैबे द्वारा प्रदत्त ट्रॉफी एवं 21 हजार रूपए प्रदान किया गए। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार एयर फोर्स के पी.ई पोन्नना को पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग द्वारा प्रदत्त आकर्षक ट्रॉफी एवं 5 हजार रूपए, श्री राजेश जैन द्वारा प्रदत्त ’मेन ऑफ द मैच’ एवं ’मेन ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार दिया गया। स्पर्धा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी श्री तरूण यादव सेल अकादमी को श्री मनीष कमलेश गौतम द्वारा आकर्षक ट्रॉफी एवं 11 हजार रूपए, स्पर्धा की विजेता उपविपजेता व तीसरे स्थान रही टीम को भिलाई के वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी श्री अनूप श्रीवास्तव द्वारा विशाल आकर्षक कप प्रदान किया गया। इस अवसर पर निर्णायकों को भी पुरस्कृत किया गया।
महतारी वंदन योजना: तीन दिनों में 16 लाख 81 हजार से अधिक महिलाओं ने किया आवेदन
रायपुर: महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आरंभ की गई महतारी वंदन योजना के लाभ के लिए तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में आवेदन भरने का सिलसिला जारी रहा। इस योजना के तहत तीन दिनों में ही प्रदेश में 16 लाख 81 हजार 968 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आज आवेदन भरने के तीसरे दिन 8 लाख 73 हजार 391 महिलाओं ने आवेदन जमा किया। अब तक सर्वाधिक एक लाख 38 हजार 994 आवेदन महासमुंद जिले में भरे गए हैं। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत दुर्ग जिले में एक लाख 23 हजार 546 तथा रायपुर जिले में एक लाख एक हजार 461 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं से सहजता से आवेदन प्राप्त करने एवं उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देने के लिए सभी जिलों में कलेक्टरों के निर्देशन में बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रक्रिया में अधिक समय न लगे इसके लिए प्रशासन ने पात्रता संबंधी नियमों को बताने और जरूरी दस्तावेज चेक करने के लिए कर्मचारी तैनात किए हैं।
प्रदेश में हर तरफ महतारी वंदन का माहौल है। आवेदन भरने को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। सभी जिलों में लग रहे कैंपों में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। इस योजना के लाभ को लेकर महिलाओं में बेहद उत्साह है। महिलाओं का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से हर महीने मिलने वाली एक हजार रूपए की राशि से वह अपनी छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होंगी और सम्मानजनक जीवन निर्वाह कर सकेंगी।
जिलावार प्राप्त आवेदन- महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक बालोद में 56 हजार 983, बलौदाबाजार में 31 हजार 529, बलरामपुर में 40 हजार 328, बस्तर में 68 हजार 621, बेमेतरा में 78 हजार 81 आवेदन जमा किए जा चुके हैं। इस प्रकार बीजापुर में 4 हजार 153, बिलासपुर में 73 हजार 924, दंतेवाड़ा में 24 हजार 973, धमतरी में 39 हजार 54, गरियाबंद में 50 हजार 795, जांजगीर में 98 हजार 849, जशपुर में 59 हजार 197, कांकेर में 27 हजार 401, कवर्धा में 57 हजार 151, कोंडागांव में 54 हजार, कोरबा में 47 हजार 140, कोरिया में 18 हजार 724, मुंगेली में 42 हजार 953, नारायणपुर में 3250, रायगढ़ में 52 हजार 327, राजनांदगांव में 60 हजार 614, सरगुजा में 38 हजार 600, सुकमा में 10 हजार 74, सूरजपुर में 80 हजार 119, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 43 हजार 925, सक्ती में 37 हजार 506, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में 27 हजार 295, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में 8295, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 11 हजार 295, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 71 हजार 550 आवेदन आज तक प्राप्त हो चुके हैं।
भाजपा चुनाव समिति की बैठक आजशाम 6:00 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगी
रायपुर: भाजपा चुनाव समिति की बैठक आज 8 फरवरी को शाम 6:00 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर जी, भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन जी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव जी व चुनाव समिति के सदस्य गण उपस्थित रहेंगे।
अयोध्या से लौटे बस्तर के जनजाति रामभक्तों का भव्य स्वागत
रायपुर: अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर के दर्शन करके लौटे छत्तीसगढ़ के सुदूर बस्तर से जनजाति रामभक्तों का वनवासी विकास समिति ने भव्य स्वागत किया। इस कार्यक्रम में बस्तर से अयोध्या गए जनजाति रामभक्तों ने अपने अनुभव सबके साथ साझा किए। उन्होंने अपने अनुभवों को बताते हुए कहा कि, "हम बहुत आनंदित है कि, श्रीरामलला के दर्शन करने का सौभाग्य हमें प्राप्त हुआ। हमने अपने जीवन में ऐसा सोचा नहीं था कि, प्रत्यक्ष अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम जी के दर्शन कभी हम कर पाएंगे। हमारा जीवन धन्य हो गया।"
जनजाति श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव बताते हुए आगे कहा - "राम हमारे है और हम राम के है। अयोध्या जाकर हमें ऐसा लगा कि, हमें श्रीरामलला ने बुलाया है, हम अपने श्रीराम जी के घर ही आये हैं। टीवी पर बहुत देखते थे। उसे प्रत्यक्ष देखने का जीवन के सुखद आनंद का अनुभव हुआ।"
ज्ञात हो कि, बस्तर क्षेत्र से 40 सदस्य अयोध्या गए थे। जिसमें से लौटते समय रायपुर पधारें 11 जनजाति श्रद्धालुओं का वनवासी विकास समिति ने स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर समिति के प्रान्त अध्यक्ष उमेश कच्छप सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में शबरी कन्या छात्रावास की बहनों ने "राम जी की सेना चली.." गीत गाकर समारोह का वातावरण राममय बना दिया। नगर के गणमान्य नागरिक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।