छत्तीसगढ़
पंडित श्यामाचरण शुक्ल जी की जयंती पर रायपुर में समर्थकों का समारोह
रायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री पं श्यामाचरण शुक्ल जी की जयंती प्रतिमा स्थल, गौरव पथ, गांधी उद्यान के पास पूर्व मंत्री श्री अमितेष शुक्ल की मुख्य उपस्थिति में मनाई गई. समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर श्याम भैया अमर रहे, जब तक सूरज चांद रहेगा श्याम भैया का नाम रहेगा का घोष किया.
श्री अमितेष शुक्ल ने स्व. श्री श्यामाचरण शुक्ल जी को स्मरण करते हुए कहा कि वे सिद्धांतवादी नेता थे. सिंचाई, शिक्षा, उद्योगों के विकास के लिये वे सदैव याद किये जायेंगे. नगर पालिक निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष आकाश तिवारी, एमआईसी सदस्य सुंदर जोगी ने भी उन्हें याद करते हुए किसानों, युवाओं के लिये किये गये कार्यों का स्मरण किया. कार्यक्रम में प्रमुख रुप से पूर्व कार्यवाहक महापौर मनोज कंदोई, नितिन कुमार झा, सुरेश मिश्रा, गौतम मिश्रा, अनुभव शुक्ला, अनुपम शुक्ला, कुणाल शुक्ला, सुनील बाजारी, किशन बाजारी, रवि शर्मा सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन एवम् शुक्ल समर्थकगण उपस्थित थे.
फर्जी जाति प्रमाणपत्र मामले पर विधानसभा में चर्चा
रायपुर: विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सरकारी विभागों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र से नौकरी का मुद्दा गूंजा. भाजपा विधायक आशाराम नेताम के सवाल पर मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि अलग-अलग अफसरों के खिलाफ केस मिले हैं, इस संबंध में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है.
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि 232 कुल मामले दर्ज किए गए थे, 102 के खिलाफ कार्रवाई लंबित है. 130 प्रकरणों में सरकार के द्वारा कार्रवाई की गई. 60 प्रकरण विभाग में कार्रवाई के लिए लंबित है. 33 प्रकरण बिलासपुर हाईकोर्ट में लंबित है. 6 प्रकरण बिलासपुर हाईकोर्ट में विचाराधीन है.
बालेश्वर साहू ने पावर प्लांट स्थापना के मुद्दे पर उठाया सवाल
रायपुर: विधानसभा बजट सत्र के 16वें दिन प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने जैजैपुर में पावर प्लांट स्थापना का मुद्दा उठाया. मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने आश्वस्त किया कि अधिग्रहित भूमि पर उद्योग लगेगा और लोगों को नौकरी भी मिलेगी.
कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने मोजर वेयर द्वारा तय समय पर प्लांट नहीं खोलने पर सवाल किया. मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि 65 से 70 माह के भीतर प्लांट खोलना था, लेकिन तय समय पर प्लांट नहीं खुल सका. वर्तमान में अधिग्रहित जमीन भूमि बैंक में संरक्षित है.
बालेश्वर साहू ने कहा कि किसानों ने अपनी जमीन बेच दी पर प्लांट शुरू नहीं हो सका. आज किसान न वहां खेती कर पा रहे हैं न लोगों को प्लांट में नौकरी ही मिल पा रही है. मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि अधिग्रहित भूमि पर उद्योग लगेगा और लोगों को नौकरी भी मिलेगी.
महासमुंद पुलिस अधीक्षक की निर्देशित मुहिम: अवैध शराब रखने/बिक्री करने वालों पर कार्रवाई के लिए आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक महासमुंद द्वारा अपराध एवं अपराधिक गतिविधियों तथा अवैध शराब रखने/बिक्री करने/परिवहन करने वालों के ऊपर अंकुश लगाने की मुहिम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है.
उक्त निर्देशो का पालन करते हुए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के धर पकड़ अभियान में 25 फरवरी को थाना पटेवा क्षेत्रान्तर्गत घटनास्थल ग्राम तेन्दूवाही आरोपी के घर बाडी में आरोपी ध्वजा पटेल पिता स्व गोरखनाथ पटेल उम्र 37 वर्ष साकिन तेन्दूवाही थाना पटेवा जिला महासमुंद (छ.ग.) द्वारा अवैध रूप से बिक्री हेतु देशी महुआ शराब बिक्री हेतु रखे पाये जाने से आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की दस लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन में करीबन 08 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित देशी महुआ शराब कीमती करीबन 2400 रूपये को जप्त कर आबकारी एक्ट की कार्यवाही कर आरोपी के विरुद्ध थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 37/2024 धारा 34(2) आबकारी एक्ट पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
प्रधानमंत्री ने 41,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया
बिलासपुर : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 41,000 करोड़ रुपये से अधिक की लगभग 2000 रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी और राष्ट्र को समर्पित किया । 500 रेलवे स्टेशनों और 1500 अन्य स्थानों से लाखों लोग विकसित भारत विकसित रेलवे कार्यक्रम से जुड़े ।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी ने छतीसगढ़ राज्य में लगभग 2700 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे 21 स्टेशनों तथा 83 रोड ओवर ब्रिज/ रोड अंडर ब्रिज का शिलान्यास/लोकार्पण किया । आज के समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 2900 करोड़ की लागत से कुल 37 अमृत भारत तथा 185 रोड ओवर ब्रिज/ रोड अंडर ब्रिज का शिलान्यास/लोकार्पण किया । इन स्टेशनों में कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, सरोना, भाटापारा, डोंगरगढ़, भिलाईनगर, हथबंध, बिल्हा, बैकुंठपुर रोड, अम्बिकापुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, जांजगीर नैला, चांपा, बाराद्वार, दल्लीराझरा, भानुप्रतापपुर, निपनिया, मंदिरहसौद, भिलाई, बेलपहाड़, ब्रजराजनगर, शहडोल, उमरिया, अनुपपुर, बिजुरी, इतवारी, कांप्टी, आमगांव, भंडारा रोड, तुमसर रोड, मांडला फोर्ट, बालाघाट, नैनपुर, छिंदवाड़ा एवं सिवनी स्टेशन शामिल है ।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का कार्यक्रम नए भारत की नई कार्य संस्कृति का प्रतीक है । उन्होंने कहा, “भारत आज जो कुछ भी करता है, वह अभूतपूर्व तेजी से और बड़े पैमाने पर करता है । हम बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए अथक परिश्रम करते हैं। यह संकल्प इस विकसित भारत विकसित रेलवे कार्यक्रम में दिखाई देता है ।” उन्होंने कहा कि 12 राज्यों के 300 जिलों में 550 रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण किया जा रहा है । 1500 से अधिक ओवरब्रिज/अं डर ब्रिज परियोजनाओं के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नए भारत की महत्वाकांक्षा और संकल्प के पैमाने और गति को रेखांकित किया ।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज 40,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू हुई । इस अवसर पर उन्होंने कुछ महीने पहले अमृत भारत स्टेशन परियोजना की शुरुआत को याद किया, जहां देश में 500 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने का काम शुरू हुआ था । उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम इस संकल्प को और भी मजबूत करता है और भारत की प्रगति की गति की एक झलक प्रदान करता है । प्रधानमंत्री मोदी ने आज की रेलवे परियोजनाओं के लिए लोगों को बधाई दी ।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज की विकास परियोजना के लिए भारत की युवा शक्ति को विशेष रूप से बधाई दी, क्योंकि वे ही विकसित भारत के वास्तविक लाभार्थी हैं । उन्होंने कहा कि आज की विकास परियोजनाओं से जहां लाखों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी फायदा होगा । प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं को यह तय करने का अधिकतम अधिकार है कि विकसित भारत कैसे आगे बढ़ेगा । उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विकसित भारत में रेलवे के सपनों को साकार करने के लिए युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और विजेताओं को बधाई भी दी । उन्होंने युवाओं को आश्वासन दिया कि उनके सपने और कड़ी मेहनत के साथ-साथ प्रधानमंत्री का संकल्प विकसित भारत की गारंटी है ।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि ये अमृत भारत स्टेशन विकास और विरासत दोनों के प्रतीक होंगे । उन्होंने बताया कि ओडिशा में बालेश्वर रेलवे स्टेशन को भगवान जगन्नाथ मंदिर की थीम पर डिजाइन किया गया है, सिक्किम के रंगपुर में स्थानीय वास्तुकला की छाप होगी, राजस्थान में सांगनेर स्टेशन 16वीं शताब्दी की हैंड-ब्लॉक प्रिंटिंग प्रदर्शित करेगा, तमिलनाडु में कुंभकोणम स्टेशन चोल प्रभाव को प्रदर्शित करेगा, अहमदाबाद स्टेशन मोढेरा सूर्य मंदिर से प्रेरित है, द्वारका स्टेशन द्वारकाधीश मंदिर से प्रेरित है, आईटी सिटी गुरुग्राम स्टेशन आईटी थीम पर आधारित होगा, जिसका अर्थ है कि अमृत भारत स्टेशन उस शहर की विशेषताओं को दुनिया से परिचित कराएगा । उन्होंने कहा कि ये स्टेशन दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल होंगे ।
पृष्ठभूमि
प्रधानमंत्री ने अक्सर रेलवे स्टेशनों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया है । इस प्रयास में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी । 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले इन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा । ये स्टेशन शहर के दोनों किनारों को जोड़ते हुए 'सिटी सेंटर' के रूप में कार्य करेंगे । इनमें रूफ प्लाजा, सुंदर भूदृश्य, इंटर मॉडल कनेक्टिविटी, स्टेशन का बेहतरीन अगला हिस्सा, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, कियोस्क, फूड कोर्ट आदि जैसी आधुनिक यात्री सुविधाएं होंगी । इन्हें पर्यावरण अनुकूल और दिव्यांग अनुकूल के रूप में पुनर्विकसित किया जाएगा । इन स्टेशन भवनों का डिज़ाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा ।
प्रधानमंत्री ने 1500 रोड ओवर ब्रिज और अंडरपास का शिलान्यास और उद्घाटन किया । 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले इन रोड ओवर ब्रिज और अंडरपास पर कुल लागत लगभग 21,520 करोड़ रुपये है । इन परियोजनाओं से भीड़भाड़ कम होगी, सुरक्षा और कनेक्टिविटी बढ़ेगी, रेल यात्रा की क्षमता और दक्षता में सुधार होगा ।
गुरुकुल महिला महाविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का उद्घाटन समारोह आयोजित
गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रोड़, रायपुर (छ.ग.) में भारत सरकार के नेशनल काउसिंल ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी एवं छत्तीसगढ़ कौंसिल ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी द्वारा उत्प्रेरित एवं प्रायोजित राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का उद्घाटन समारोह गुरुकुल प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभांरभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर मार्ल्यापण एवं दीप प्रज्जवलन से हुआ।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. ए.के. त्रिपाठी, डीन, कॉलेज ऑफ डेयरी साइंस एण्ड फुड टेक्नोलॉजी, रायपुर का स्वागत प्राचार्य अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा किया गया। डॉ. त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को विज्ञान विषय का सही अर्थ समझाते हुए साइंस शब्द का पूरा नाम (सिस्टमैटिक कंप्रिहेंसिव इन्वेस्टिगेशन एड एक्सप्लोरेशन ऑफ़ नेचुरल कास एंड इफैक्ट्स) को बताया।
छात्राओं को प्रत्येक शब्द का अर्थ समझाया और बताया कि यह हमारे जीवन के प्रत्येक क्षण से जुड़ा हुआ है। कार्यक्रम के प्रथम स्पीकर डॉ. दीप्ति जैन अग्रवाल प्राचार्य, रुंगटा कॉलेज ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी ने छात्राओं को एनवायरमेंटल मैनेजमेंट सिस्टम के बारे में जानकारी दी तथा समझाया कि इसके लिए छात्राओं को अपनी ओर से क्या कदम उठाने चाहिए जिससे हमारा पर्यावरण सुरक्षित और संरक्षित रहे।
डॉक्टर अग्रवाल मैडम ने छात्राओं से प्रश्न पूछ कर जानकारी ली। वर्तमान समय में आप पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अपनी ओर से क्या जिम्मेदारी उठा रहे हैं। छात्राओं ने उत्तर देते हुए उनको संतुष्ट किया। द्वितीय सत्र के स्पीकर डॉ. भानुश्री गुप्ता, सिनियर असिस्टेंट प्रोफेसर, सेन्टर फॉर बेसिक साइंस, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर (छ.ग.) ने आइ.क्य.ू ई.क्यू और ए.क्यू पर प्रकाश डाला। छात्राओं को समझाया कि वे इंटेलेक्चुअल क्वोशेंट, इमोशनल क्वोशेंट तथा अरैंजमेंट क्वोशेंट को विकसित करें ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।
तीसरे स्पीकर श्री दिलीप कुमार साहू, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ कम्प्यूटर एप्लीकेशन, गव्हमेंन्ट व्ही.वाय.टी. पी.जी. आटोनॉमस कालेज, दुर्ग (छ.ग.) ने छात्राओं को ई-वेस्ट मैनेजमेंट करके पर्यावरण को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी उठाने के लिए जानकारी दी। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता, शासी निकाय अध्यक्ष श्री अजय तिवारी, सचिव श्रीमती शोभा खण्डेलवाल, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्रायें उपस्थित थे। कल दिनांक 27 /2/2824 को विज्ञान विषय पर पोस्टर, मॉडल प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी ।
रायपुर: विधायक ने सदन में गोबर खरीदी के भुगतान में गड़बड़ी, साथ ही पैरा परिवहन में अनियमितता का मामला सदन में उठाया,देखे...
रायपुर: कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने गोबर खरीदी के भुगतान में गड़बड़ी का मामला सदन में उठाया. उन्होंने कहा कि जिसके पास मवेशी कम हैं उन्हें ज्यादा भुगतान किया गया है. तो कहीं गोबर कम खरीदा गया और भुगतान ज्यादा किया गया है. गड़बड़ी हुई है. जांच कराएंगे क्या? इस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जारी की गई राशि की जानकारी दी.
इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने आसंदी से कहा कि चारा कम खाए हैं, गोबर ज्यादा कैसे दिए? किस नस्ल की गाय और भैंस है इसकी जांच करानी होगी. इस पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रश्न संदर्भ समिति इसकी भी जांच करेगी. जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने सहमति दे दी.
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पैरादन और पैरा के परिवहन का मामला सदन में प्रश्नकाल के दौरान उठाया. उन्होंने पूछा कि गोधन न्याय योजना के तहत पैरा परिवहन किया जा सकता है क्या? जिस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गोधन न्याय योजना से अनुदान दिया जाता है. इसके लिए 14वें-15वें वित्त से भी पैरा परिवहन के लिए राशि दी जाती है.
अजय चंद्राकर ने आगे प्रश्न किया कि पैरा ढुलाई के लिए सेस से भी राशि दी गई है. इसकी जांच करवाएंगे क्या? जिस पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पूर्व मंत्री इसमें भ्रष्टाचार की बात कह रहे हैं. इसलिए इस मामले की वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराएंगे.
अजय चंद्राकर ने आगे कहा कि 53 करोड़ रुपये कागज में खर्च हुए हैं. जबकि पैरादान हुआ ही नहीं है. विधानसभा की समिति से इस मामले की जांच होनी चाहिए. जिस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा की प्रश्न संदर्भ समिति से जांच कराने की घोषणा की.
कवर्धा हत्याकांड: रायपुर में नेताओं ने उठाया मामले को लेकर सवाल
रायपुर: नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने सदन में शून्यकाल के दौरान कवर्धा हत्याकांड का मामला उठाया है. उन्होंने भाजपा को घेरते हुए सवाल उठाया कि कवर्धा में लगातार हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं. वहीं कांग्रेस विधायक उमेश पटेल, विक्रम मंडावी, द्वारकाधीश यादव ने भी कहा, कवर्धा में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद गंभीर है. गृहमंत्री का क्षेत्र होने के बाद भी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
बता दें कि रविवार को कवर्धा एसपी ऑफिस के सामने एक मकान में मां और बेटी की खून से लथपथ सड़ी-गली लाश मिली थी. जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रायपुर से फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. मृतकाें में बेटी का नाम वसुंधरा वैष्णव बताया जा रहा है. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, मकान के दो रूम में अलग-अलग मां-बेटी की लाश मिली थी. पड़ोसियों ने घर से बदबू आने पर पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पुलिस पहुंची तो घर के गेट में ताला लगा था. इसके बाद रायपुर से फॉरेंसिक की टीम भी वहां पहुंची और ताला तोड़कर मां-बेटी का शव बाहर निकाला. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. लाश मिलने से लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं.
50 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तारी: सरायपाली पुलिस की कार्रवाई
सरायपाली पुलिस ने 24 फरवरी को मुखबिर की सुचना पर अवैध शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर अवैध शराब जप्त किया गया है. आरोपी अरिजीत निषाद पिता कल्प राम निषाद उम्र 40 वर्ष निवासी नीमऊगुड़ा और विशाल चौहान पिता रतनलाल चौहान उम्र 24 वर्ष निवासी निमाऊगुड़ा अपने स्कूटी क्रमांक CG 06 जीजे - 8732 मे महुआ शराब परिवहन कर रहे थे. जप्त शराब की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई.
आरोपियों के खिलाफ धारा-34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया एवं आरोपी को गिरफ्तार का न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.
बिलासपुर: पुलिस ने गांजा तस्करों के पास से 4 लाख 50 हजार का गांजा जब्त किया
बिलासपुर: नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गांजा तस्करों के पास से 4 लाख 50 हजार का गांजा जब्त किया है. मामलें में 4 तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
बता दें कि बलांगीर ओडिशा से चारों आरोपी गांजा खरीदकर कार से आ रहे थे. इस दौरान सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की टीम ने भारतीय नगर मुक्तिधाम के पास कार को रोककर तलाशी ली तो गाड़ी से 45 किलो गांजा बरामद हुआ. जब्त गांजे की कीमत साढ़े चार लाख रुपए आंकी जा रही है.
वहीं मामले में पुलिस ने आरोपी गोलू खटिक, अभिषेक खटिक, सुन्दर तेवर और डेविड डिसुजा निवासी बिलासपुर को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
बिलासपुर में नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण के जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ
उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर में नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण के जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। आज वितरित नए राशन कार्ड से 1 मार्च से उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न मिलेगा। उप मुख्यमंत्री साव ने बिलासपुर शहर सहित तखतपुर एवं बिल्हा विकासखंड के 50 से अधिक महिला हितग्राहियों को नए राशन कार्ड वितरित कर शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम में कहा कि आगामी 8 मार्च को महतारी वंदन योजना के तहत पहली किस्त की राशि महिलाओं के खातों में जमा की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जब से नई सरकार बनी है, तब से मोदी जी की गारण्टी के अनुरूप जनहित में बड़े-बड़े फैसले लिए जा रहे हैं।
नई सरकार के गठन के 13 दिन बाद हमने 25 दिसम्बर को किए गए वादे के अनुरूप 3716 करोड़ की राशि किसानों के खातों में डाली। इन योजनाओं से लोगों की आमदनी बढ़ी है और उनके जीवन स्तर में बदलाव परिलक्षित हो रहा है। बिलासपुर के कलेक्टर श्री अवनीश शरण, नगर निगम के आयुक्त श्री अमित कुमार और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि इस दौरान मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले में पांच लाख 38 हजार 311 राशन कार्ड हैं। इनमें से अब तक चार लाख 55 हजार कार्ड नवीनीकृत हो चुके हैं। वहां कुल राशन कार्ड के 85 प्रतिशत का नवीनीकरण किया जा चुका है। राज्य सरकार ने बचे हुए हितग्राहियों को मौका देते हुए आगामी 15 मार्च तक नवीनीकरण की तिथि बढ़ा दी है। नए राशन कार्ड के मुख पृष्ठ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के फोटो हैं। कार्ड में वन नेशन वन राशन कार्ड, ईपॉश मशीन, लोक सेवा गारण्टी-2011, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, फोर्टिफाईड चावल, शिकायत एवं निवारण संबंधी जानकारी शामिल हैं।
जूनियर नेशनल सॉफ्टबाल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को रजत और कांस्य पदक
रायपुर: बिहार की राजधानी पटना में आयोजित 41वीं जूनियर नेशनल सॉफ्टबाल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ बालक वर्ग का ग्रैंड फाइनल में छत्तीसगढ़ की टीम उप विजेता रही। छत्तीसगढ़ का मुकाबला राजस्थान के साथ हुआ राज्य की टीम को रजत पदक प्राप्त हुआ। बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम को कास्य पदक से संतोष करना पड़ा।
छत्तीसगढ़ की टीम ने बालक वर्ग में अपने सुपर-8 के तीनों मुकाबले में सबसे पहले चंडीगढ़ को 11-0 से हराया उसके बाद पंजाब को 10-2 से हराया तथा आखिरी मैच में केरल को 4-0 से हराकर अपने पूल में टॉप किया। पुल टॉपर के मैच में छत्तीसगढ़ ने आंध्र प्रदेश को 5-3 से हराया और ग्रैंड फाइनल में प्रवेश किया।
इसी प्रकार बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम ने फर्स्ट सुपर-8 के मुकाबले में मध्य प्रदेश को 1-0 से हराया और दूसरे मैच में केरल को 2-1 से हराया तथा आखिरी मुकाबले में आंध्र प्रदेश के साथ 3-2 रहा। जिसके बाद फर्स्ट फाइनल मैच तेलंगाना से हुए मुकाबले में स्कोर 3-4 रहा। छत्तीसगढ़ को अब ग्रैंड फाइनल में पहुंचने के लिए एक मैच और बचा। इस मैच में राज्य की टीम का मुकाबला केरल के साथ हुआ और उसे कास्य पदक से संतोष करना पड़ा।
बीजापुर जिले से बालक वर्ग में राकेश करती और सुशील कुडियम, वहीं बालिका वर्ग में रेणुका तेलम, चंद्रकला तेलम और विमल तेलम छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह जानकारी अकादमी के हेड कोच श्री सोपान कर्णेवार ने दी है।
नई शिक्षा नीति 2020 पर मंथन: नए ज्ञान को आत्मसात करने की जरुरत-कुलपति प्रो. झा
भिलाई: श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी भिलाई के आईक्यूएसी सेल द्वरा शनिवार 23 फ़रवरी 2024 को नई शिक्षा नीति 2020 के सफल क्रियान्वयन, विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को जानकारी प्रादान करने एवं प्रचार-प्रसार हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. आयोजन के मुख्यवक्ता प्रो. (डॉ.) जी.ए. घनश्याम, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम मॉडल कालेज, बिलासपुर रहें. कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. डॉ. ए.के. झा ने की. विशिष्ट अतिथि के रूप में पी.के. मिश्रा, कुलसचिव एवं प्रो. (डॉ.) सुशीलचन्द्र, डायरेक्टर, यूनिवर्सिटी, डेवलपमेंट उपस्थित रहें.
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहें कुलपति प्रो. झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के संबंध में गांधी जी का तात्पर्य बालक और मनुष्य के शरीर, मन तथा आत्मा के सर्वांगीण एवं सर्वोत्कृष्ट विकास से है। इसी प्रकार स्वामी विवेकानंद का कहना था कि मनुष्य की अंर्तनिहित पूर्णता को अभिव्यक्त करना ही शिक्षा है। इन्हीं सब चर्चाओं के मध्य हम देखेंगे कि 1986 की शिक्षा नीति में ऐसी क्या कमियाँ रह गई थीं जिन्हें दूर करने के लिये नई राष्ट्रीय शिक्षा नति को लाने की आवश्यकता पड़ी।
साथ ही क्या यह नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति उन उद्देश्यों को पूरा करने में सक्षम होगी जिसका स्वप्न महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद ने देखा था? उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भारत की जरूरतों को पूरा करने के लिये भारतीय शिक्षा प्रणाली में बदलाव हेतु जिस नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 को मंज़ूरी दी है अगर उसका क्रियान्वयन सफल तरीके से होता है तो यह नई प्रणाली भारत को विश्व के अग्रणी देशों के समकक्ष ले आएगी।
नई शिक्षा नीति, 2020 के तहत 3 साल से 18 साल तक के बच्चों को शिक्षा का अधिकार कानून, 2009 के अंतर्गत रखा गया है. 34 वर्षों पश्चात् आई इस नई शिक्षा नीति का उद्देश्य सभी छात्रों को उच्च शिक्षा प्रदान करना है जिसका लक्ष्य 2025 तक पूर्व-प्राथमिक शिक्षा को सार्वभौमिक बनाना है। स्नातक शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, थ्री-डी मशीन, डेटा-विश्लेषण, जैवप्रौद्योगिकी आदि क्षेत्रों के समावेशन से अत्याधुनिक क्षेत्रों में भी कुशल पेशेवर तैयार होंगे और युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी. कार्यक्रम के मुख्यवक्ता प्रो. (डॉ.) जी.ए. घनश्याम द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन के साथ-साथ चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम से लेकर विद्यार्थी परिणाम एवं रोजगार 2020 के क्रियान्वयन के साथ-साथ चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम से लेकर विद्यार्थी परिणाम एवं रोजगार के अतिरिक्त विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और परियोजना कार्यों के बारे में पीपीटी के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रो. घनश्याम ने बताया कि यह शिक्षा पद्घति क्रेडिट दी जाएगी।
स्नातक पाठ्यक्रम चार वर्ष का होगा। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एक वर्ष का होगा। पाठ्यक्रम में मेजर माइनर इलेक्टिव व वोकेशनल विषय रहेंगे। प्रत्येक विद्यार्थी की पर्यावरण, दुग्ध उद्योग, बेकरी उद्योग, बागवानी, पैथालॉजी, बैंकिंग कार्यों का प्रोटेक्ट प्रेजेंटेशन इंटर्नशिप, ऑपरेंटिस वर्कशाप, सेमिनार, संगोष्ठी का प्रशिक्षण लेना अनिवार्य होगा। कार्यशाला का प्रो. स्वर्नाली दास पाल आईक्यूएसी सेल की प्रभारी के संयोजन एवं डॉ. रवि श्रीवास्तव, डायरेक्टर, रिसर्च के सह-संयोजन में संपन्न हुआ. कार्यशाला के अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. रवि श्रीवास्तव ने की. प्रशिक्षण कार्यशाला में एसएसटीसी इंजीनियरिंग महाविद्यालय, श्री शंकराचार्य महाविद्यालय,जुनवानी एवं एसएसपीयू के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, कर्मचारियों, अधिकारीयों एवं प्राध्यापकों की बड़ी संख्या में की उपस्थिति रही.
राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 मार्च तक
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का कार्य दिनांक 15 मार्च 2024 तक बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आम नागरिक की सुविधा का ध्यान रखते हुए राशन कार्ड नवीनीकरण की तारीख बढ़ाने के निर्देश दिए थे। ताकि सभी पात्र हितग्राही अपना आवेदन प्राथमिकता से कर सकें । इसी कड़ी में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने ऑनलाईन नवीनीकरण के आवेदन के लिए तारीख आगामी 15 मार्च 2024 तक बढ़ाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं।
खाद्य विभाग के संचालक श्री जितेन्द्र शुक्ला ने सभी जिलों के कलेक्टरों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए हैं। राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग के द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाईल एप्प तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही द्वारा खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है। राशनकार्डधारी अपने मोबाईल में इस एप्प के जरिए नवीनीकरण के लिए इलेक्ट्रानिक आवेदन ऑनलाईन प्रस्तुत कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्राईड मोबाईल नहीं है अथवा जहां पर मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर ऑनलाईन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डों के नवीनीकरण हेतु इलेक्ट्रानिक आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा भी दी जा रही है।
पीएम मोदी का पत्र घर-घर पहुंचाने के लिए रायपुर लोकसभा में 12000 कार्यकर्ता तैनात - बजाज
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के लाभार्थी संपर्क अभियान को लेकर विप्र भवन नवापारा में आयोजित मण्डल स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रायपुर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव संयोजक अशोक बजाज ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत रायपुर लोकसभा क्षेत्र के लगभग 12000 चयनित कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र पहुँचाने घर घर जायेंगें। इसके लिए रायपुर लोकसभा के सभी मंडलों में कायकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होनें कहा कि 1 मार्च से 4 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से भाजपा का जनसमर्थन बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में भाजपा को अप्रत्याशित बढ़त मिलेगी। आज की कार्यशाला में मण्डल अध्यक्ष उमेश यादव, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रकला ध्रुव, अशोक नागवानी, नत्थूराम साहू एवं नवलकिशोर साहू आदि कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
पीएम मोदी: "भारत की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने पर छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे"
रायपुर: विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के लाखो लाभार्थी और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी की आधुनिक जरूरतों को पूरा करने वाले विकास के कामों से विकसित छत्तीसगढ़ का सपना पूरा होगा। छत्तीसगढ़ विकसित होगा, तो भारत को विकसित होने से कोई नहीं रोक सकता। आने वाले पाँच वर्षों में जब भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा तो छत्तीसगढ़ भी विकास की नई बुलंदियों पर होगा। श्री मोदी ने कहा कि यह विशेष रूप से फर्स्ट टाइम वोटर्स के लिए स्कूल-कॉलेज में पढ़ रहे युवा साथियों के लिए बहुत बड़ा अवसर है। विकसित छत्तीसगढ़ उनके सपनों को पूरा करेगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी शनिवार को 'विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़' कार्यक्रम में नौ परियोजनाओं के लोकार्पण व एक परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जब भ्रष्टाचार रुकता है तब विकास की योजनाएँ शुरू होती हैं। रोजगार के अनेक अवसर मिलते हैं।,साथ ही आसपास के क्षेत्रों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य की आधुनिक सुविधाएँ भी जुटती हैं। आज जो ये चौड़ी सड़कें बन रही है, नई रेल लाइनें बन रही हैं, यह भाजपा सरकार के सुशासन का ही नतीजा है। अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए श्री मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को बहुत आशीर्वाद दिया है। जनता के इसी आशीर्वाद का परिणाम है कि आज हम विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आपके बीच में हैं। 'भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही सँवारेगी' यह बात आज के इस आयोजन से और पुष्ट हो रही है। श्री मोदी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण गरीब, किसान, युवा और महिला सशक्तीकरण से ही होगा। विकसित छत्तीसगढ़ की नींव आधुनिक अधोसंरचना से मजबूत होगी। इसलिए आज छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़ी लगभग 35 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं को शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इनमें कोयले से जुड़े, सौर ऊर्जा से जुड़े, बिजली से जुड़े, और कनेक्टीविटी से जुड़े अनेक बड़े प्रोजेक्ट हैं। इनसे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार के और नए अवसर बनेंगे। इन परियोजनाओं के लिए छतीसगढ़वासियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज एनटीपीसी के 1600 मेगावाट के सुपर थर्मल पॉवर स्टेशन स्टेज-1 को राष्ट्र को समर्पित किया गया है। इसके साथ ही इस आधुनिक प्लांट के 1600 मेगावाट के स्टेज-2 का शिलान्यास भी हुआ है। इन प्लांट्स से देशवासियों को कम लागत पर बिजली उपलब्ध होगी। हम छत्तीसगढ़ को सौर ऊर्जा का भी एक बहुत बड़ा केंद्र बनाना चाहते हैं। आज ही राजनांदगाँव और भिलाई में बहुत बड़े सोलर प्लांट्स का लोकार्पण किया गया है। इसमें ऐसी व्यवस्था भी है, जिससे रात में भी आसपास के लोगों को बिजली मिलती रहेगी। भारत सरकार का लक्ष्य सोलर पॉवर से देश के लोगों को बिजली देने के साथ ही उनका बिजली बिल जीरो करने का भी है। मोदी हर घर को सूर्य-घर बनाना चाहता है। मोदी हर परिवार को घर में बिजली बनाकर वही बिजली बेचकर कमाई का एक और साधन देना चाहता है। इसी उद्देश्य के साथ हमने पीएम सूर्य-घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की है। अभी यह योजना एक करोड़ परिवारों के लिए है। इसके तहत घर की छत पर सौर ऊर्जा पैनल लगाने के लिए सरकार मदद देगी, सीधे बैंक खाते में राशि भेजेगी। इससे 300 युनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी और ज्यादा बिजली पैदा होगी, वह सरकार खरीद लेगी। इससे परिवारों को हर वर्ष हजारों रुपयों की कमाई होगी। सरकार का जोर हमारे अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने पर भी है। सोलर पम्प के लिए खेत के किनारे और बंजर जमीन पर छोटे-छोटे सोलर प्लांट लगाने के लिए भी सरकार मदद दे रही है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार जिस प्रकार अपनी गारंटियों को पूरा कर रही है, वह बहुत प्रशंसनीय है। छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को दो वर्ष का बकाया धान बोनस दिया जा चुका है। विधानसभा चुनाव के समय मैंने तेंदूपत्ता संग्राहकों के पैसे बढ़ाने की भी गारंटी दी थी, डबल इंजन सरकार ने यह गारंटी भी पूरी कर दी है। पहले की कांग्रेस सरकार गरीबों के घर बनाने से भी रोक रही थी, रोड़े अटका रही थी। अब भाजपा की प्रदेश सरकार ने गरीबों के घर बनाने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया है। हर घर जल की योजना को भी छत्तीसगढ़ सरकार तेजी से आगे बढ़ा रही है। पीएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों का भी आदेश दे दिया गया है। छत्तीसगढ़ की बहनों को महतारी वंदन योजना के लिए भी बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना से लाखों बहनों को लाभ मिलेगा। ये सारे निर्णय दिखाते हैं कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। इसलिए लोग कहते हैं कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी। श्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास परिश्रमी किसान, प्रतिभाशाली नौजवान और प्रकृति का खजाना है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जो सिर्फ अपने परिवारों के लिए काम करते हैं, वो आपके परिवारों के बारे में कभी नहीं सोच सकते। जो सिर्फ अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाने में जुटे हैं, वो आपके बेटे-बेटियों के भविष्य की चिंता कभी नहीं कर सकते। लेकिन मोदी के लिए तो आप सब ही मोदी का परिवार है। आपके सपने ही मोदी का संकल्प है। इसलिए आज विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ की बात की जा रही है। 140 करोड़ देशवासियों को उनके इस सेवक ने अपने परिश्रम, अपनी निष्ठा की गारंटी दी है। 2014 में मोदी ने गारंटी दी थी कि सरकार ऐसी होगी कि पूरी दुनिया में हर भारतीय का माथा गर्व से ऊँचा होगा। मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज, सस्ती दवाएँ, गरीबों के घर, हर घर नल से जल, घर-घर गैस कनेक्शन, हर घर शौचालय, ये सारे काम हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि 10 वर्ष पहले मोदी ने एक और गारंटी दी थी कि ऐसा भारत बनाएंगे, जिसके सपने हमारी पहले वाली पीढ़ियों ने बहुत आशा के साथ संजोया था। आज देखिए, चारों तरफ हमारे पूर्वजों के संजोए सपने के अनुरूप ही एक नया भारत बन रहा है। क्या 10 वर्ष पहले किसी ने सोचा भी था कि गाँव-गाँव में भी डिजिटल पेमेंट हो सकता है? बैंक का काम हो, बिल जमा कराना हो, कहीं अर्जी भेजनी हो, अब वह घर से संभव हो सकता है। अब आप हिसाब लगाइए, बीते 10 साल में भाजपा सरकार ने 34 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डीबीटी के जरिए पूरा पैसा लाभार्थी के बैंक खातों में पहुँचाया है। भाजपा सरकार ने मुद्रा योजना के तहत भी युवाओं को स्वरोजगार के लिए 28 लाख करोड़ रुपयों की मदद दी है। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को पौने तीन लाख करोड़ रुपए प्रदान किए हैं। अगर आज कांग्रेस की सरकार होती तो इन तमाम पैसों का 85 फीसदी पैसा लोगों तक पहुँच ही नहीं पाता।
छत्तीसगढ़ को दिया गया उपहार विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम है : साय
राजधानी के बलबीरसिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम के मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया हैं। इसमें छत्तीसगढ़ की भी सहभागिता होगी। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की जनता को जो गारंटी दी थी, उस पर छत्तीसगढ़ की जनता ने भरोसा जताया और परिणामस्वरूप विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाई। हमारी सरकार बनते ही 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई। 12 लाख किसानों को धान का दो साल का बकाया बोनस 3716 करोड़ रुपए किसानों के खातों में डाला गया। इस वर्ष 1.57 लाख मीट्रिक टन धान की बम्पर खरीदी की गई है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ 3,100 सौ रुपए की दर से धान सरकार द्वारा खरीदा गया है। प्रदेश की पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत एक हज़ार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विशेष पिछड़ी जातियों को संबल प्रदान किया है। उनको प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। 7.42 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 16 दिसंबर 2023 को प्रारंभ हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा में प्रदेश के सवा सौ करोड़ लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संकल्प यात्रा में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में 66 लाख लोगों ने अपने स्वास्थ का परीक्षण कराया। लगभग 4.37 लाख से ज़्यादा लोगों ने आयुषमान कार्ड बनवाया। छत्तीसगढ़ को दिया गया यह उपहार विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम है।
प्रधानमंत्री ने नेतृत्व विकसित भारत के साथ छत्तीसगढ़ भी विकसित होगा : देव
राजधानी के शंकर नगर बीटीआई मैदान में आहूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि जिस तरह हमारा देश विकसित देशों की श्रेणी की ओर बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित देश की ओर ले जा रहे हैं, उसी क्रम में उन्होंने विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ को जोड़ लिया है। श्री देव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार को छत्तीसगढ़ के विकास से कोई लेना देना नहीं था। 15 साल की भाजपा सरकार के बाद एक इंच भी विकास का कार्य कांग्रेस शासन काल में नहीं हुआ लेकिन मोदी है तो मुमकिन है, मोदी की गारंटी है। छत्तीसगढ़ की जनता ने श्री मोदी योजनाओं व गारंटी पर भरोसा जताया और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बना दी। इसका परिणाम भी मिलना शुरू हो गया है।
34,427 करोड़ की नौ परियोजनाओं का लोकार्पण, एक का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली कार्यक्रम में शनिवार को विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ संकल्प यात्रा कार्यक्रम के तहत कुल 34,427 करोड़ रुपए की 10 महती परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। श्री मोदी के हाथों रायगढ़ में ऊर्जा मंत्रालय के 15,530 करोड़ रुपए की लागत वाले लारा सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर प्लांट स्टेज-2 का शिलान्यास हुआ। यह परियोजना क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस दौरान 15,799 करोड़ रुपए की लागत वाले लारा सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर प्लांट स्टेज-1 का लोकार्पण भी किया। 211.22 करोड़ की लागत की ओपन कास्ट प्रोजेक्ट दीपका कोल हैंडलिंग प्लांट, 216.53 करोड़ रुपए की लागत के ओपन कास्ट प्रोजेक्ट बरौद कोल हँडलिंग प्लांट, 173.46 करोड़ रुपए की ओपन कास्ट प्रोजेक्ट छाल कोल हैंडलिंग प्लांट रायगढ़ में, 907 करोड़ रुपए की लागत से बने राजनांदगांव जिले के 9 गाँवों के 451 एकड़ क्षेत्र में निर्मित 100 मेगावाट एसी व 155 मेगाबाट डीसी सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट, 1,007 करोड़ रुपए की लागत से अधिकापुर-शिवनगर तक 52.40 किमी और बनारी से मसनिया-कला तक 55.65 किमी सड़क (एनएच-49), 280 करोड़ रुपए की लागत से भिलाई में निर्मित 50 मेगावाट सोलर पावर प्लांट और 303 करोड़ रुपए की लागत से बने रेलवे के बिलासपुर-उसलापुर फ्लाईओवर का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया।
मोदी ने लाभार्थियों से वर्चुअली जुड़कर संवाद किया
इस मौके पर श्री मोदी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से वर्चुअली जुड़कर संवाद भी किया। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जीवंत प्रसारण के जरिए देखा व सुना गया। हर विधानसभा क्षेत्र में 5 हजार से ज्यादा लाभार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने के उद्देश्य से रखे गए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में इनडोर स्टेडियम में मंत्री द्वय रामविचार नेताम व बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अजय चंद्राकर कुरूद में, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत सीएसईबी ग्राउंड गुढ़ियारी में, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक बिल्हा विधानसभा के बिल्हा मंडी में, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता द्वय दीपक म्हस्के व केदारनाथ गुप्ता पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल जांजगीर चांपा के पोड़ी में, प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने, प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, सुरेंद्र पाटनी, लोकेश कावड़िया, प्रमोद साहू, ममता साहू,रायपुर ग्रामीण में विधायक मोती साहू, पूर्व विधायक नंदे साहू भाजपा नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
राजिम कुंभ कल्प 2024 में होगी गोपा सान्याल और टीम की रंगारंग प्रस्तुति
रामोत्सव राजिम कुंभ कल्प 2024 में आगामी 27 फरवरी की सांस्कृतिक संध्या में रायपुर की शास्त्रीय एवम लोकसंगीत की स्थापित गायिका गोपा सान्याल और उनकी टीम द्वारा रंगारंग संगीतमयी प्रस्तुति दी जाएगी।उनके साथ इंदौर किराने घराने के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक पँ पंडित परितोष पोहनकर भी भजनों की प्रस्तुति देंगे जिन्होंने देश विदेश में अनेक मंचो पर गायिकी के ज़रिए दर्शकों में अमिट छाप छोड़ी है।इसके अलावा उनके टीम में रायगढ़ के प्रसिद्ध संगीतकार और गायक मनहरण सिंह ठाकुर छत्तीसगढ़ी भजन पेश करेंगे ।वहीं छत्तीसगढ़ के जाने माने सिंगर और कम्पोज़र संदीप बैनर्जी भी अपनी प्रस्तुति देंगे।संदीप बैनर्जी द्वारा गाये छत्तीसगढ़ी एवम राम भजन पर आधारित एलबम्स इन दिनों बहुत पसंद किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है इससे पूर्व गोपा सान्याल ने भारत सरकार के कार्यक्रम के अलावा हाल ही में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा राम प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत आयोजित कौशल्या धाम चंदखुरी के रामोत्सव में छत्तीसगढ़ी एवम हिंदी भजनों की सफल प्रस्तुति दी है साथ ही खैरागढ़ महोत्सव 2022 एवम चक्रधर समारोह 2023 में भी गुरु पँ परितोष पोहनकर जी के साथ सफल सांस्कृतिक प्रस्तुति दी है।रायपुर की गोपा सान्याल ने हाल ही में छत्तीसगढ़ी गरबा गीत और हाना गीत के ज़रिए बहुत प्रसिद्धि बटोरी है और समय समय पर उनके एलबम्स उनके चैनल में रिलीज़ किये जाते हैं।