छत्तीसगढ़
"पुरातत्वविद पद्मश्री अरुण कुमार शर्मा का निधन: छत्तीसगढ़ का एक अद्वितीय कोषी खो गया"
रायपुर: छत्तीसगढ़ के पुरातत्वविद पद्मश्री अरुण कुमार शर्मा नहीं रहे। बुधवार रात 11.30 बजे के करीब उनका निधन हुआ। उन्होंने 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। अरुण कुमार शर्मा ने राम मंदिर बनवाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी ही मांग पर राम जन्म भूमि में खुदाई की गई थी। खुदाई में मिले अवशेषों पर उन्होंने रिसर्च किया था। इसके आधार पर कोर्ट में सबूत पेश किए गए थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पद्मश्री अरुण कुमार शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए अपने पोस्ट में लिखा, ‘छत्तीसगढ़ के पुरातत्ववेत्ता, पद्मश्री डॉ. अरूण कुमार शर्मा के निधन का समाचार दुखद है। सिरपुर का उत्खनन उनके नेतृत्व में ही हुआ था। रामसेतु और अयोध्या के राममंदिर के पुरातात्विक विषयों पर उनकी राय अहम रही। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और उनके परिजनों और शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
"राष्ट्रीय संगोष्ठी - छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विभाव: शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय इतिहास विभाग के द्वारा आयोजित"
शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय इतिहास विभाग द्वारा 26 ,27फरवरी को दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी -छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक वैभव -आरंग के विशेष संदर्भ में आयोजित की गई ।
संगोष्ठी के द्वितीय दिवस में प्राचार्य डॉ किरण गजपाल के निर्देशन एवं विभागाध्यक्ष व आयोजन संयोजक डॉ शम्पा चौबे के नेतृत्व में महाविद्यालय की छात्राओं को आरंग के पुरातात्विक महत्व के स्थलों का भ्रमण करवाया गया इसमें दिव्यांग छात्राएं भी शामिल थी जिन्होंने स्पर्श के माध्यम से उत्खनन कार्य का अनुभव कियाl
जिसमें आरंग के समीप रीवा में किए जा रहे उत्खनन कार्य का अवलोकन करवाया गया ।छात्राओं ने उत्खनन से प्राप्त एतिहासिक सामग्रियोंका अवलोकन किया। आरंग के प्राचीन भाण्डलदेव मंदिर ,बागेश्वर एवंअन्य मंदिरों की जानकारी संग्रहित की ,जिससे छत्तीसगढ़ में मौर्य व कुषाण शासन का प्रभाव ज्ञात होता है।
इस शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय महाविद्यालय कोंडागाँव के प्राचार्य डॉ सी आर पटेल एवं डॉ देवेश कुमार शर्मा ,डॉ सरिता दूबे डॉ महेंद्र सरवा व नितिनपाण्डे शोधार्थी गण तथा 95 छात्रायें सम्मिलित रहीं।
"राजिम कुंभ कल्प: धार्मिक समारोहों में लेजर लाइट और श्रीराम के जीवन की छवियाँ"
रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के धर्मस्व, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में राजिम कुंभ कल्प को रामोत्सव की थीम पर सजाया गया है। साथ ही विभिन्न धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मेला स्थल के नदी तट पर लेज़र लाइट प्रदर्शन के लिए भी संरचना बनायी गयी है। जिसमें लेजर लाइट के माध्यम से विभिन्न आकृतियां प्रदर्शित की जा रही है। मेला स्थल में लगे बड़े स्क्रीन में भगवान श्रीराम से जुड़ी थ्रीडी प्रेजेंटेशन वाली शॉर्ट फिल्म दिखाई जा रही है। इसमें भगवान श्री राम के जीवन चरित्र और आदर्शों को दिखाया जा रहा है। जिसे देखकर मेला आगंतुक भक्ति में भाव विभोर हो रहे है।
राजिम कुंभ में शॉर्ट वीडियो के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। जिसमें महत्वपूर्ण योजना महतारी वंदन योजना के बारे में वीडियो के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। विवाहित महिलाओं सहित पेंशन प्राप्त करने वाली परित्यकता और विधवा महिला को भी इस योजना में शामिल किया गया है। साथ ही राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इसके माध्यम से मेला आगंतुक छत्तीसगढ़ शासन की योजना का पूरा-पूरा लाभ उठाने के लिए जागरूक हो रहे है। इसी तरह मामा-भांजा मंदिर से लेकर लोमष ऋषि आश्रम तक लक्ष्मण झूला को रंग-बिरंगे लाईट्स के माध्यम से सजाया गया है, जिससे मेला आने वाले श्रद्धालु आकर्षित हो रहे है।
धर्मस्व मंत्री श्री अग्रवाल की माता जी के निधन पर दी गई विनम्र श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की माता जी के निधन की सूचना प्राप्त होने पर समूचे कुंभ कल्प क्षेत्र में सन्नाटा छा गया। मुख्य मंच पर हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम को तत्काल रोककर उपस्थित जनप्रतिनिधि, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी के बहनों, अधिकारी-कर्मचारी एवं जनसमुदाय, कलाकरों एवं आयोजकों द्वारा दुःख व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मृतात्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्य मंच पर कर्मा, ददरिया, देवार गीतों की हुई शानदार प्रस्तुति
राजिम कुंभ कल्प-2024 के चौथे दिन मुख्य मंच पर कर्मा, ददरिया, देवार गीतों की शानदार प्रस्तुति हुई। हमर छत्तीसगढ़ लोक कलामंच के रोशन साहू ने ददरिया, करमा, देवार गीतों के माध्यम से समा बांधा। सुश्री भावना टांक ने शास्त्री गायन के माध्यम से राम भगवान की महिमा को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की। सुश्री गोपा सान्याल के द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी गई। जिसमें गणेश वंदना के साथ प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हुए मंच सहित विशाल दर्शक दीर्घा को भी भक्तिमय माहौल बना दिया।
"आईटीएम यूनिवर्सिटी का नया कोर्स: आतिथ्य और पर्यटन प्रबंधन में रोजगार के नए अवसर"
रायपुर:आईटीएम यूनिवर्सिटी रायपुर (आईटीएमयूआर) ने छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए विश्व स्तरीय शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता की ओर एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए बुधवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फरेंस में नए शिक्षण सत्र से अंतरराष्ट्रीय आतिथ्य और पर्यटन प्रबंधन (बी.एससी. आईएचटीएम) में बैचलर ऑफ साइंस कार्यक्रम के शुरुआत करने की घोषणा करते हुए हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ प्रदेश के युवाओं के लिए हर सेक्टर में प्लेसमेंट की गारंटी दी। आईटीएम यूनिवर्सिटी की डायरेक्टर जनरल सुश्री लक्ष्मी मूर्ति, आईटीएच आईएचएम, आईटीएमग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूशन्स की डायरेक्टर प्रो. पूर्वा तावड़े, डायरेक्टर एडमिशंस धरम वीर, कौर्टियार्ड बाय मैरियोट के जीएम अनुकम तिवारी एवं जनरल मैनेजर मार्केटिंग डॉ. सौरभ द्विवेदी ने पत्रकारों संबोधित करते हुए कहाकि आईटीएम यूनिवर्सिटी ने अभूतपूर्व वैश्विक प्लेसमेंट के कई द्वार खोले हैं, जो राज्य के शैक्षिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण क्षण है।
नई शिक्षा नीति के परिपेक्ष्य में यह पहल न केवल आईटीएम यूनिवर्सिटी के लिए एक मील का पत्थर है, बल्कि अच्छे सैलरी पैकेज उपलब्ध कराने में छत्तीसगढ़ के छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। आतिथ्य ( हॉस्पिटैलिटी ) और पर्यटन उद्योग में तेजी से वृद्धि के साथ, यह कार्यक्रम आज के परिवेश में अपार संभावनाओं के नए अवसर प्रदान करेगा।
हाल के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में आतिथ्य और पर्यटन उद्योग में 10% की वार्षिक वृद्धि दर देखी गई है और अनुमानों से आने वाले वर्षों में रोजगार के अवसरों में वृद्धि का संकेत मिलता है। छत्तीसगढ़ राज्य में हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म सेक्टर में सालाना 20,000 से अधिक नई नौकरियां सृजित होने का अनुमान लगाया गया है। जबकि भारत में लगभग 85 लाख और वैश्विक स्तर पर 235 मिलियन से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे यह आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र के लिए एक सुनहरा समय बन जाएगा।
आईटीएच आईएचएम, आईटीएमग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूशन्स की डायरेक्टर प्रो. पूर्वा तावड़े के दूरदर्शी नेतृत्व में आईटीएमयूआर छात्रों को एक व्यापक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है जो पारंपरिक सीमाओं से अलग रहा है । बी.एससी. आईएचटीएम कार्यक्रम को उद्योग की उभरती मांगों को पूरा करने के लिए विशेष रुप से डिजाइन किया गया है, जिसमें समग्र छात्र विकास और वैश्विक मानकों के अनुरूप पाठ्यक्रम पर ध्यान केंद्रित किया गया है .
यूएई, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट की पेशकश के अलावा, आईटीएमयूआर यह सुनिश्चित करता है कि प्रत्येक छात्र को पहले दिन से ही अपने प्रशिक्षित प्राध्यापकों का व्यक्तिगत ध्यान और सतत मार्गदर्शन मिलता रहे। आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध करियर के विविध अवसरों के साथ, छात्र शेफ, मैनेजर, यात्रा विशेषज्ञ, इवेंट प्लानर सहित अन्य क्षेत्र में करियर बनाने के लिए कौशल और ज्ञान से लैस हैं। इसके अलावा, क्रूज़ उद्योग, एयरलाइंस और होटल श्रृंखलाओं के तेजी से विस्तार के साथ, छात्रों को इस गतिशील क्षेत्र में अपनी जगह बनाने और फलने-फूलने का अवसर मिलता है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डायरेक्टर जनरल सुश्री लक्ष्मी मूर्ति ने कहाकि प्रदेश के आर्थिक रुप से कमजोर विद्यार्थियों को मेरिट स्कालरशिप सहित शासन से प्रदान की जाने वाली छात्रवृति के लिए सहयोग किया जाता है।
इसके अलावा बीएससी (IHTM) पास होने के बाद स्थानीय स्तर पर प्लेसमेंट योजनाओं और उद्यमिता के क्षेत्र में अपार संभावनाओं से भी अवगत कराया।
आईटीएम यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. पी. वी. रमना, प्रो-चांसलर प्रो. नितिन पुकी जाने वाली त्चा, वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सुमेर सिंह एवं डायरेक्टर जनरल सुश्री लक्ष्मी मूर्ति के सतत मार्गदर्शन में बीएससी (IHTM) का नए सत्र से शुभारंभ उत्कृष्टता और वैश्विक मान्यता की दिशा मेंआईटीएम यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक यात्रा में नया मुकाम तय करेगा।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डायरेक्टर जनरल सुश्री लक्ष्मी मूर्ति ने कहाकि प्रदेश के आर्थिक रुप से कमजोर विद्यार्थियों को मेरिट स्कालरशिप सहित शासन से प्रदान की जाने वाली छात्रवृति के लिए सहयोग किया जाता है।
इसके अलावा बीएससी (IHTM) पास होने के बाद स्थानीय स्तर पर प्लेसमेंट योजनाओं और उद्यमिता के क्षेत्र में अपार संभावनाओं से भी अवगत कराया।
जैसा कि आईटीएम यूनिवर्सिटी रायपुर इस परिवर्तनकारी दौर को अपना रहा है, हम छात्रों, उद्योग भागीदारों और हितधारकों को छत्तीसगढ़ और उसके बाहर आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने हिड़मा के गांव के लोगों को लोकतंत्र का मंदिर दिखाया
रायपुर: टाप नक्सली कमांडर हिड़मा के गांव पूवर्ती के लोगों ने जिनकी आवाज अब तक नक्सली बंदूकों के साये में चुप करा दी जाती थी, उन्होंने पहली बार विधानसभा में जनता की आवाज को जनता के प्रतिनिधियों के माध्यम से लोकतंत्र के मंदिर में गूंजते सुना। सुकमा जिले के पूवर्ती के साथ ही टेकलगुडेम के ग्रामीणों ने विधानसभा में देखा कि किस तरह लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष मुद्दों पर सहमति-असमहति के बावजूद चर्चा कर अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचते हैं और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ते हैं। वे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के आमंत्रण पर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री से देर तक अपने गांव के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल आतंकवाद की वजह से बरसों आपके इलाकों में विकास प्रभावित रहा। बस्तर के विकास के बगैर और आप लोगों तक विकास पहुंचाये बगैर छत्तीसगढ़ का विकास संभव नहीं। हमने इसके लिए नियद नेल्लानार योजना आरंभ की है। न केवल हम आप लोगों को सुरक्षा प्रदान करने वहां नये कैंप लगा रहे हैं अपितु कैंप के 5 किमी के दायरे में इस योजना के अंतर्गत 25 तरह की मूलभूत सुविधाएं 32 तरह की व्यक्तिमूलक योजनाओं के माध्यम से दे रहे हैं।
मोदी जी का निर्देश है आप लोगों को सारी सुविधाएं मिलनी चाहिए- चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से बस्तर के विकास का ध्यान रखते हैं। उन्होंने हमें निर्देश दिये कि संवेदनशील इलाकों में सारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसलिए हमने नियद नेल्लानार आपका अच्छा गांव योजना आरंभ कराई। इन ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आपकी पहल से हमारे गांव तक बिजली पहुंच गई है। अन्य सुविधाओं का रास्ता भी खुल गया है। अब घर में बिजली आ गई है अब खेतों में बिजली चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी को भटकना नहीं है। अपने प्रदेश और देश के विकास के लिए अपनी ऊर्जा लगानी है। आपके गांव के विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हम हमेशा आपके साथ खड़े हैं। हम सभी सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी इस अवसर पर ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आपके क्षेत्र में विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नियद नेल्लनार योजना के माध्यम से आपके गांव में तेजी से विकास करने हम कृतसंकल्पित हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में हम आपके लिए सारी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय के साथ ही उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी एवं अन्य विधायकों की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ समूह तस्वीर भी ली गई।
ग्रामीण इस यात्रा से बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार आज प्रदेश की विधानसभा देखी। बहुत अच्छा और यादगार अनुभव रहा। मुख्यमंत्री जी ने हमें स्वयं विस्तार से विधानसभा के कार्यों के बारे में बताया, हम सब बहुत खुश हैं।
गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा बतौर गृहमंत्री माओवाद प्रभावित इलाकों में शांति स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्होंने माओवाद प्रभावित इलाकों के युवाओं से संवाद के लिए यह पहल की है। इन इलाकों के लिए विशेष रूप से कार्ययोजना तैयार कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।
अस्पताल और स्कूल की मांग रखी- दोनों ही गांवों के निवासियों ने मुख्यमंत्री से स्कूल और अस्पताल की माँग रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियद नेल्लानार के माध्यम से हम इन्हीं कार्यों के लिए आगे बढ़ेंगे। इन गांवों की नई पीढ़ी विकास का उजाला देखेगी। हम सब मिलकर नियद नेल्लनार के माध्यम से अच्छा गांव तैयार करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय में आप फोन कर बता सकते हैं समस्या- मुख्यमंत्री ने इन ग्रामीणों को कहा कि हम आपकी सभी समस्याओं का हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं स्वयं और मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी इस दिशा में कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय में एक फोन नंबर की व्यवस्था भी की जाएगी जो केवल आप लोगों के फीडबैक के लिए होगा। आप इससे सीधे संवाद कर सकेंगे। मैं आपके सुखदुख में हमेशा साझा करूंगा।
राजिम कुंभ का दर्शन करेंगे ग्रामीण, कृषि महाविद्यालय में उन्नत खेती देखेंगे- ग्रामीण दो दिनों के राजधानी प्रवास पर हैं। आज वे पुरखौती मुक्तांगन, छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र, विमानतल, डीकेएस हास्पिटल, अंबुजा माल के साथ ही रायपुर शहर का भ्रमण करेंगे। कल ग्रामीण राजिम कुंभ का दर्शन करेंगे।
जेसीआई रायपुर: शक्ति वाहिनी ड्राइव विथ हेलमेट - नोबल प्रेजेंट्स
जेसीआई एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है जेसीआई रायपुर नोबल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 10 मार्च 2024 रविवार को प्रातः 7:00 बजे से नेताजी सुभाष स्टेडियम रायपुर से महिलाओं की टू व्हीलर रैली का आयोजन किया जा रहा है । जिसका मुख्य उद्देश्य ड्राइव विथ हैलमेंट को प्रमोट करना है
आप सभी महिलाएं इस कार्य में जुड़ कर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं । ड्राइव विथ हेमलेट जागरूकता रैली में जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे और रायपुर को सुरक्षित बनाए ।
आपके ग्रुप का नाम
ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य
आईटीएम यूनिवर्सिटी का नया कोर्स: रोजगार के अवसरों का खुलेगा द्वार
रायपुर: आईटीएम यूनिवर्सिटी रायपुर आईटी एम यू आर छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए विश्व स्तरीय शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए अपनी प्रतिष्ठा और प्रतिबद्धता साबित की है इसी दिशा में एक कदम और आगे बढ़ते हुए बीएससी आईएचटीएम में बैचलर ऑफ साइंस कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रहा है आईटी एम यू आर ने वैश्विक प्लेसमेंट के द्वार खोल दिए हैं जो राज्य के शैक्षिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण क्षण है आईटी आईएचएम आईटीएम ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन की डायरेक्टर प्रोफेसर पूर्व तावड़े के नेतृत्व में आईटी एम यू आर छात्रों को एक व्यापक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है जो पारंपरिक सीमाओं से अलग रहा है
बीएससी आईएचटीएम कार्यक्रम को उद्योग की मांगों को पूरा करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है जिसमें समग्र छात्र विकास और वैश्विक मानकों के अनुरूप पाठ्यक्रम का आकार तैयार किया गया है उन्होंने बताया कि अमेरिका ब्रिटेन कनाडा यूएई जैसे देशों में अंतर्राष्ट्रीय प्लेसमेंट की पेशकश के अलावा आईटी एम यू आर यह सुनिश्चित करता है कि प्रत्येक छात्र को पहले दिन से ही योग्य प्रशिक्षित प्राध्यापकों का व्यक्तिगत ध्यान और मार्गदर्शन मिलता रहे आईटीएम यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉक्टर पीवी रमन्ना वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ समर सिंह डायरेक्टर जनरल सुश्री लक्ष्मी मूर्ति के मार्गदर्शन में बीएससी आईएचटीएम का नए सत्र से शुभारंभ होने जा रहा है वैश्विक मान्यता की दिशा में आईटीएम यूनिवर्सिटी शैक्षणिक यात्रा में एक और मिल का पत्थर रखने जा रही है
रामोत्सव 2024: गोपा सान्याल और पं परितोष पोहनकर की प्रस्तुति से चमका समारोह
राजिम कुंभ कल्प 2024 के भव्य आयोजन रामोत्सव में 27 फरवरी की शाम रायपुर की स्थापित शास्त्रीय एवम लोक गायिका श्रीमति गोपा सान्याल और साथियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई।जिसमें गोपा सान्याल ने रामचरित मानस की चौपाई मंगल भवन अमंगल हारी से कार्यक्रम की शुरुआत की।गोपा सान्याल ने हाना गीत गाकर सबका मन मोह लिया।
इंदौर किराने घराने के प्रतिष्ठित गायक पं परितोष पोहनकर ने हिंदी भजन जय श्री ओंकारा और पालने रघुपति झुलावे से भक्ति मय प्रस्तुति दी। रायगढ़ के वरिष्ठ संगीतज्ञ श्री मनहरण सिंह ठाकुर ने छत्तीसगढ़ी गीत चला चलिन राजिम और राम रघुरैया प्रस्तुत की।वहीं युवा संगीतकार और गायक संदीप बैनर्जी ने अवध में राम आये हैं और अपने अल्बम गीत हर तरफ प्रभू श्री राम जी गीत से समां बांधा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में विनियोग विधेयक पारित: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जारी किया विकास का नया रोडमैप
रायपुर: विधानसभा में आज छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक पारित हुआ. विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, बेस्ट ट्रांसपैरेंट सिस्टम लागू किया जाएगा. पिछली सरकार ने कई ग़लत तरीक़े से काम किया. रिमोट कहीं और से चल रहा था. वही-वही दस्तख़त हुए जहां फ़ैसले ग़लत हुए. छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था स्लो डाउन जैसी थी. राष्ट्रीय औसत से भी कम है. बिहार जैसे पिछड़े राज्य हो या नार्थ ईस्ट के राज्यों से भी खराब स्थिति है. राष्ट्रीय औसत से पीछे हमारी अर्थव्यवस्था है. कृषि क्षेत्र का योगदान 15 फ़ीसदी है. उद्योग का 53 फ़ीसदी है और सर्विस सेक्टर का 31 फ़ीसदी है, जबकि सर्विस सेक्टर में राष्ट्रीय औसत 53 फ़ीसदी है.
मंत्री चौधरी ने कहा, जीडीपी में सर्विस सेक्टर का योगदान बढ़ाना सबसे ज़रूरी है. सर्विस सेक्टर का ग्रोथ रेट सिर्फ़ पांच फ़ीसदी है, जबकि राष्ट्रीय औसत सात फ़ीसदी है. बीते पांच साल में राज्य का विकास पिछड़ा है. सेकंडरी सेक्टर में भी राष्ट्रीय औसत आठ फ़ीसदी है, जबकि हमारा 7.8 फ़ीसदी है. प्राइमरी सेक्टर का ग्रोथ रेट राष्ट्रीय स्तर से थोड़ा ज्यादा है. छत्तीसगढ़ में प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 47 हज़ार और राष्ट्रीय स्तर पर आय 1 लाख 53 हज़ार रुपए है. हमें बहुत ध्यान देकर कम करने की ज़रूरत है. हमें आगामी दस बीस साल की योजना पर काम करने की ज़रूरत है.
चौधरी ने आगे कहा, जैसे प्रधानमंत्री ने विकसित भारत की कल्पना की है, वैसे ही हमने 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ की कल्पना की है. 1 नवम्बर 2024 को हम विजन @2047 की कल्पना जारी करेंगे. छत्तीसगढ़ हमने बनाया है, हम ही सवारेंगे. विजन डक्यूमेंट जो हम बना रहे हैं उसमें छत्तीसगढ़ के पहले वित्त मंत्री रामचंद्र सिंहदेव की विजन को भी शामिल करेंगे. पांच लाख करोड़ की जीडीपी को हम दस लाख करोड़ तक ले जाने का बड़ा लक्ष्य लेकर चलना शुरू किया है. इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए हम राज्य के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे. हमने दस पिलर के आधार पर बजट पेश किया है.
उन्होंने कहा, 2018 में कांग्रेस की सरकार आई थी तब उसी वित्तीय वर्ष में 11 हज़ार करोड़ का कर्ज लिया था. हमारी सरकार आई तो हमने अपने पहले वित्तीय वर्ष में 13 हज़ार करोड़ का लोन लिया है. यह लोन किसानों, महिलाओं और आवास के लिए लिया है. इसी वित्तीय वर्ष में हमने 21 हज़ार करोड़ रुपये खर्च किया है. कृषक उन्नति योजना के लिए अनुपूरक बजट में ही हमने 12 हजार करोड़ का प्रावधान किया था. आज हमारी वित्तीय स्थिति ऐसी है कि जिस दिन मुख्यमंत्री कहेंगे उसी दिन हम महतारी वंदन योजना और कृषक कल्याण योजना की राशि किसानों के खाते में एक साथ देने की स्थिति में हैं.
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा, इंदिरा गांधी के समय महंगाई दर 28 फ़ीसदी तक चली गई थी. मोदी जी के नेतृत्व में देश की सरकार चल रही है उससे यह देश कभी भी महंगाई दर में फंसने वाला नहीं है. महतारी वंदन योजना के लिए साढ़े तीन हज़ार करोड़ रुपये के प्रावधान करने पर कांग्रेस ने खूब दुष्प्रचार किया कि हम देंगे या नहीं. कांग्रेस ने अपनी सरकार के दौरान दस लाख युवाओं को बेरोज़गारी भत्ता देने का वादा किया था. कुल पंद्रह हज़ार करोड़ रुपये की ज़रूरत थी. अपनी सरकार के आख़िरी साल में बजट सिर्फ़ साढ़े पांच सौ करोड़ रुपये का प्रावधान किया. पूरा प्रदेश जानता है कि जन घोषणा पत्र में किसने क्या कहा था और क्या किया. कांग्रेस ने ये भी वादा किया था कि महिलाओं को छह हज़ार रुपये दिया जाएगा, मगर छह रुपये तक का भुगतान नहीं किया गया.
उन्होंने कहा, महिला एवं बाल विकास विभाग में 130 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की गई है, खनिज साधन विभाग में 80 फ़ीसदी बढ़ोतरी की गई है, पीएचई में 90 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की गई है. डीएमएफ के पैसे से जेल रोड की बिल्डिंग से कैसे पूरे राज्य में काम किया जाता था ये सभी जानते हैं. आज़ादी के 70 सालों तक कांग्रेस ने डीएमएफ़ के बारे में सोचा नहीं था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीएमएफ लाकर 30 फ़ीसदी राशि स्थानीय विकास के लिए दिये जाने का नियम बनाया. आवास में हमने आठ हज़ार तीन सौ करोड़ का प्रावधान किया है. इससे पंचायत विभाग के बजट में 70 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की है. स्कूल शिक्षा विभाग में जीतने बिल्डिंग इस बजट में लिया गया इतना इतिहास में कभी नहीं लिया गया. रामलला के दर्शन का प्रावधान भी इस बजट में किया गया है.
मंत्री चौधरी ने आगे कहा, भय, लोभ की आड़ में होने वाले धर्मांतरण को रोकने सरकार प्रतिबद्ध है. तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये की दर पर लेने का वादा हमने पूरा किया है. प्रति मानक बोरा 5500 रुपये की दर पर भुगतान किया जायेगा. आवास प्लस की सूची का अनुमोदन ग्राम सभा ने किया था, लेकिन पिछली सरकार ने उस सर्वे सूची को मानने से इंकार कर दिया था. 2011 की सूची को मानने से इंकार कर दिया था. यूपीए की सरकार ने ये बनाया था. क्या उन्हें अपनी ही सरकार पर भरोसा नहीं था. पीएससी में हुई गड़बड़ी की जांच कराने हम प्रतिबद्ध है. सीबीआई जांच कराई जा रही है. यूपीएससी की तर्ज़ पर पीएससी की परीक्षा कराने की तैयारी हम करने जा रहे हैं. बेस्ट ट्रांसपैरेंट सिस्टम लागू किया जाएगा. पिछली सरकार ने कई ग़लत तरीक़े से काम किया. रिमोट कहीं और से चल रहा था. वही-वही दस्तख़त हुए जहां फ़ैसले ग़लत हुए.
दंतेवाड़ा: लौह अयस्क की चट्टान धंसने से चार मजदूरों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दंतेवाड़ा: दंतेवाड़ा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एनएमडीसी के नए बन रहे एसपी-3 प्लांट में लौह अयस्क की चट्टान धंसने से चार मजदूरों की मौत हो गई. इनमें तीन मजदूर पश्चिम बंगाल और एक मजदूर बिहार के रहने वाले हैं.
हादसे की सूचना के बाद किरंदुल थाना पुलिस, प्रशासन और NMDC के कर्मचारी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं. एसपी गौरव राय ने हादसे की पुष्टि की है. मौके से 3 मजदूरों का शव बरामद कर लिया गया है. एक की बॉडी को निकाला जा रहा है.
इस घटना पर विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि किरंदुल खदान में काम करते हुए मिट्टी धसकने से चार मजदूर दब गए. तीन मजदूरों की बॉडी निकाल ली गई है. एक की बॉडी निकाला जा रहा है. तीन मजदूर पश्चिम बंगाल और एक मजदूर बिहार के रहने वाले हैं. कलेक्टर और एसपी से हमारी बात हो रही है. हर संभव मदद की जाएगी. आगे इस तरह की घटना ना हो, इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं.
राजनांदगांव: 10 लाख रुपए की चोरी में सभी आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवरात सहित 145 किलोग्राम गांजा बरामद
राजनांदगांव: एक सूने मकान में सोने-चांदी के जेवराज सहित 10 लाख रुपए की चोरी मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 5 लाख 63 हजार नगद और लगभग 5 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किया है.
बता दें कि राजनांदगांव शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महेंद्र नगर में बीते 25 फरवरी को अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. जहां अलमारी में रखे नगदी रकम सहित सोने- चांदी के जेवरातों को पार कर दिया था. मामला की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला.
इस दौरान पुलिस को इस वारदात में शामिल तीन अज्ञात आरोपी और दिल्ली पासिंग की कार के संबंध में जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने सभी टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो जानकारी मिली कि आरोपी कवर्धा की ओऱ गए हैं. जिसके बाद बोडला में नाकेबंदी की. इस दौरान आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए थे. जिसके बाद बसंतपुर थाने की पुलिस टीम मंडला जबलपुर की ओर रवाना हुई और जीआरपी पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस के बताए हुलिए के अनुसार जीआरपी पुलिस जबलपुर द्वारा तीन संदेहियों को पकड़ा, जिनके पास से चोरी के रुपए और गहने बरामद किए गए.
मामले में नगर पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के पास से नगदी रकम और सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग साढे़ 9 लाख रुपए की चोरी की गई थी. आरोपी इस क्षेत्र में कोल्हु लगाकर गन्ने से गुड निकालने के बहाने राजनांदगांव पहुंचे थे और इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया. मामले में गिरफ्तार आरोपी राजा खान और शाहरुख खान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला निवासी हैं. वहीं बिलाल खान मुजफ्फरपुर का रहने वाला है.
महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया, 145 किलोग्राम गांजा और एक अंतर्राज्यीय तस्कर को हिरासत में लिया गया
पिथौरा: गांजा तस्करी पर महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 145 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है. जब्त गांजे की कीमत 72 लाख 50 हजार रुपए बताया जा रहा. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, तस्कर भूसा की आड़ में ट्रक से गांजा की तस्करी कर रहा था. ओड़िशा से गांजे का परिवहन कर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था, जिसे सिंघोड़ा पुलिस ने धर दबोचा. आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत की कार्रवाई की गई.
यह मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है. मुखबिर की सूचना पर सिंघोडा पुलिस आज ओड़िशा की ओर से आने वाली संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इस दौरान ओड़िशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक ट्रक क्रमांक MH 40 CM 7102 को रोका गया. वाहन में एक व्यक्ति सवार था. पूछताछ करने पर वह गोलमोल जवाब देने लगा. कड़ाई से पूछताछ करने पर ट्रक वाहन के पीछे डाला में भूसा बोरियों के नीचे गांजा रखना और इसे बरगढ़ के पहले ओड़िशा से नागपुर महाराष्ट्र ले जाना बताया.
नाम पता पूछने पर चालक ने अपना नाम धमेंद्र अहिरवार पिता रमेश अहिरवार मनीनगर मांडवा जिला नागपुर महाराष्ट्र का रहने वाला बताया. ट्रक में कुल 145 किलोग्राम गांजा मिलने पर आरोपी के विरूद्ध थाना सिंघोडा में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत कार्रवाई कर 145 किलोग्राम गांजा और ट्रक को जब्त किया गया.
समाजसेवी रामजीलाल अग्रवाल की धर्मपत्नी एवं बृजमोहन अग्रवाल की माताजी का निधन और अंतिम यात्रा
रायपुर: श्रीमती पिस्ता देवी अग्रवाल का 91 वर्ष की आयु में आज निधन हो गया। अपने पीछे वे भरा पूरा परिवार छोड़ गई। वे अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक एवं समाजसेवी रामजीलाल अग्रवाल की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी गोपालकृष्ण अग्रवाल, शिक्षा,संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल,अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल,योगेश अग्रवाल,यशवंत अग्रवाल की माता, श्री विष्णु अग्रवाल की भाभी एवं पूरनलाल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल,कैलाश अग्रवाल,अशोक अग्रवाल,देवेंद्र अग्रवाल,गणेश अग्रवाल की चाची थी।
श्रीमती पिस्ता देवी अग्रवाल की अंतिम यात्रा रामजी वाटिका मौल श्री विहार, रायपुर से प्रातः 10 बजे निकलेगी। उनका अंतिम संस्कार मारवाड़ी शमशान में संपन्न होगा।
छत्तीसगढ़: बोर्ड परीक्षाएँ दो बार होंगी, प्रथम मार्च में और द्वितीय जून-जुलाई में
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के हित में एक बड़ा निर्णय लिया गया है। राज्य शासन के निर्णय अनुसार एक शैक्षणिक सत्र में दो बार बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा प्रथम मुख्य परीक्षा मार्च माह में एवं द्वितीय मुख्य परीक्षा जून-जुलाई में आयोजित की जायेगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज यहां मंत्रालय से इस आशय का आदेश जारी कर दिया है।
शासन द्वारा जारी आदेश अनुसार प्रथम परीक्षा माह मार्च एवं द्वितीय परीक्षा माह जून-जुलाई में आयोजित की जायेगी। प्रथम परीक्षा में पंजीकृत छात्र ही द्वितीय परीक्षा आवेदन पत्र भरने के लिए पात्र होंगे, किन्तु विषय परिवर्तन मान्य नहीं होगा। प्रथम परीक्षा के पश्चात् द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए छात्रों को पुनः आवेदन पत्र भरना होगा। द्वितीय परीक्षा में वे छात्र जो पूरक के पात्र है तथा वे छात्र जो सभी विषयों में अनुत्तीर्ण है एवं श्रेणी सुधार (सम्पूर्ण विषय) के छात्र भी परीक्षा आवेदन पत्र भर सकते है। उत्तीर्ण छात्र अंक सुधार एक विषय, दो विषय या अधिक विषय में परीक्षा आवेदन भर सकते है। इनमें द्वितीय परीक्षा में वे छात्र भी सम्मिलित हो सकते है जो प्रथम परीक्षा में परीक्षा आवेदन फार्म भरने के बाद अनुपस्थित रहे हों। अवसर परीक्षा की शेष योजना पूर्ववत् रहेगी। द्वितीय परीक्षा का परीक्षा परिणाम दोनों परीक्षाओं में से विषयवार अधिक प्राप्तांक के आधार पर तैयार किया जाएगा।
रायपुर: देशी-अंग्रेजी शराब के आपूर्ति में अनियमितता पर बहस, भाजपा विधायक की सवालों पर मंत्री ने कहा- "प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ होगी जांच"
रायपुर: सदन में मंगलवार को देशी-अंग्रेज़ी शराब की आपूर्ति, ओवर रेट और अवैध विक्रय का मामला उठा. भाजपा विधायक राजेश मूणत ने सवाल किया कि क्या मामले में प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज होगी? इस पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ जांच की जाएगी. अनियमितता सामने आने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा.
भाजपा विधायक राजेश मूणत ने सदन में मामला उठाते कहा कि किस नीति के आधार पर शराब की ख़रीदी की जाती है? मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब देते हुए कहा कि शराब नीति बनी हुई है. मांग के अनुपात में शराब कंपनियों से इसकी आपूर्ति की जाती है. टेंडर के माध्यम से ख़रीदी की जाती है.
राजेश मूणत ने पूछा कि 2019 से 23 तक छत्तीसगढ़ में सिर्फ़ तीन कंपनी ही सप्लाई करती रही? देशी और विदेशी शराब में कितनी कंपनियों ने टेंडर में हिस्सा लिया. श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- राज्य में देशी शराब के तीन ही उत्पादक हैं. इसलिए तीन टेंडर ही आए. राजेश मूणत ने कहा- 2018-19 में 37, 2019-20 में 67 और इसके बाद 21 फ़र्मों ने टेंडर में भाग लिया था. इसके बाद संख्या कम हो गई.
स्पीकर डॉक्टर रमन सिंह ने राजेश मूणत से कहा कि आपको ना देशी से मतलब है और ना विदेशी से फिर क्यों सवाल कर रहे हैं. मूणत ने कहा कि मतलब इसलिए है क्योंकि शराब से ही छत्तीसगढ़ में ईडी की जांच शुरू हुई. मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- शासन की नीति थी कि देशी शराब के लिए छत्तीसगढ़ के डिस्टलरी ही टेंडर में शामिल होगी. जिलो को आठ ज़ोन में बाँटकर तीनों डिस्टलरी से सप्लाई की जाती थी.
राजेश मूणत ने कहा कि पांच साल तक एक ही कंपनी ने सप्लाई की है. ये हाल अंधा बांटे रेवड़ी चुन चुन कर दे वाला मामला है. क्या पांच साल तक सप्लाई के लिए एक ही डिस्टलरी को काम दिया गया. मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- टेंडर में सबसे कम दर की वजह से एक ही कंपनी को सप्लाई का काम दिया गया. दर कम आएगी तो आगे भी कम देंगे.
राजेश मूणत ने कहा कि सरकारी शराब दुकानों में दो तरह की शराब बेची जाती थी. एक वैध और दूसरा अवैध. अवैध बेचने वालों के ख़िलाफ़ प्रकरण दर्ज किए गए, लेकिन एक भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई. प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ एक भी कार्रवाई नहीं हुई. पांच साल में 157 प्रकरण बने और सिर्फ़ दो व्यक्ति के ख़िलाफ़ कार्रवाई हुई. सरकारी दुकानों से अवैध शराब बेचने के पूरे राज्य में 567 प्रकरण बनाये गये, लेकिन कार्रवाई पांच पर ही हुई. क्या इस मामले की जांच कराई जाएगी.
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सदस्य का आँकड़ा सही नहीं है. प्लेसमेंट एजेंसी के 500 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है. राजेश मूणत ने पूछा कि जिन लोगों ने छत्तीसगढ़ के राजस्व में डाका डाला क्या उनके खिलाफ कार्रवाई होगी? मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस मामले में ईडी और एसीबी जांच कर रही है.
इस पर राजेश मूणत ने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसी ने सरकारी दुकानों से अवैध शराब खपाया. डुप्लीकेट होलोग्राम का इस्तेमाल किया गया. छत्तीसगढ़ के राजस्व में योजनाबद्ध तरीक़े से डाका डाला गया. क्या ये प्लेसमेंट एजेंसी आज भी काम कर रही है? मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्लेसमेंट एजेंसी आज भी कार्य कर रही है. इस मामले की जांच अब भी चल रही है. जो जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. मंत्री ने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसी ने अपने कर्मचारियों को बचाने का प्रयास नहीं किया. जब-जब मामले आये, कार्रवाई की जाती रही.
छत्तीसगढ़ में मीसा बंदियों को पेंशन का तोहफा, दुग्ध उत्पादकों के लिए मिल्क रूट और चिलिंग प्लांट का उद्घाटन,जाने अन्य घोषणाएं
रायपुर: छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने मीसा बंदियों को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा तोहफा देने का एलान किया है. दरअसल आज सीएम विष्णुदेव साय ने विधानसभा में मीसा बंदियों की पेंशन को फिर से शुरू करने की घोषणा की है. इसके अलावा राज्य के दुग्ध व्यवसायियों के लिए मिल्क रूट और चिलिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा.
बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से संबद्ध विभागों के लिए आज विधानसभा में 8421 करोड़ 82 लाख 8 हजार रुपए की अनुदान मांगें चर्चा के बाद ध्वनिमत से पारित कर दी गई. सीएम विष्णुदेव साय ने इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की मांग पर कुरूद में मिल्क रूट और चिलिंग प्लांट खोले जाने की घोषणा की है. आज विधानसभा में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मोदी जी की गारंटी पर देश के बच्चे-बच्चे को भरोसा है. उन्होंने जो भी वायदे देश की जनता से किये, वो पूरा किया. मोदी जी ने जो गारंटी छत्तीसगढ़ की जनता को दी थी उसमें बहुत सी महत्वपूर्ण गारंटियों को हमने तीन महीनों में ही पूरा कर लिया है. 18 लाख हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास देने के लिए हमने राज्यांश की व्यवस्था कर ली है.
किसानों को शीघ्र ही होगा अंतर राशि का भुगतान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों को दो साल की बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रुपए हमने दी है. हम किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी की है. किसानों को 3100 रूपए प्रति क्विण्टल के मान से धान की कीमत देंगे. किसानों को अभी समर्थन मूल्य का भुगतान किया गया है. शीघ्र ही उन्हें अंतर की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा. सीएम साय ने बताया कि इस साल राज्य में लगभग 145 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है.
पीएससी भर्ती की जांच करेंगी सीबीआई
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं से वायदा किया गया था कि पीएससी भर्ती में हुई शिकायतों की जांच कराएंगे। इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है. मोदी जी की गारंटी के अनुरूप महतारी वंदन योजना के तहत विवाहित महिलाओं को सालाना राशि 12 हजार रुपए देने के लिए हम महिलाओं से आवेदन ले रहे हैं.
दुर्ग में होगी ACB के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रालय के कार्यों में चिप्स की मदद से डिजीटल सचिवालय परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है. सामान्य प्रशासन विभाग में 134 पदों का सृजन किया जाएगा. एन्टी करप्शन ब्यूरो कार्यालय को अधिक सशक्त बनाने के लिए दुर्ग संभाग में एन्टी करप्शन ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की जाएगी. इसके लिए विभिन्न संवर्गों के 35 पदों, राज्य आर्थिक अपराध ब्यूरो में 6 नवीन पदों के सृजन का प्रावधान किया गया है. मुख्यमंत्री अधोसंरचना संधारण एवं उन्नयन प्राधिकरण के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं आवागमन से संबंधित अधोसंरचनाओं के रख-रखाव एवं उन्नयन संबंधी कार्यों के लिए 50 करोड़ 1 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है.
आबकारी विभाग में पदों की वृद्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि आबकारी विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय उड़नदस्ता के गठन के लिए 188 नवीन पद, आबकारी थानों और जांच चौकियों के गठन के लिए 325 नवीन पदों तथा लिपिकीय श्रेणी के 168 पदों का प्रावधान किया गया है.
किसानों को निःशुल्क बिजली देने 3500 करोड़ का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को निःशुल्क बिजली प्रदान करने के लिए 3 हजार 500 करोड़ रुपए और कृषि पंपों के ऊर्जीकरण के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, इससे 20 हजार कृषि पंपों का ऊर्जीकरण किया जाएगा. घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल में रियायत देने के लिए वर्ष 2024-25 के बजट में 01 हजार 274 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. उन्होंने बताया कि बीपीएल उपभोक्ताओं को दी जा रही रियायतों के लिए 539 करोड़ 60 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है.
प्रदेश सरकार पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए 513.01 करोड़ रूपए का प्रावधान किया है. पशु संवर्धन एवं नस्ल सुधार कार्यक्रम के लिए भी 63 करोड़ 75 लाख 55 हजार रूपए का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए हितग्राही मूलक योजनाओं के लिए बजट में 180 करोड़ 04 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है, जो गतवर्ष की तुलना में 10.93 प्रतिशत अधिक है. मत्स्य पालन को बढ़ावा देने महासमुन्द, सक्ती, राजनांदगांव, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा जशपुर जिले में नवीन मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की स्थापना कर रहे हैं.
दोबारा शुरु की गई ऑनलाईन ई-ट्रांजिट पास की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने खनिजों के परिवहन में पारदर्शिता के लिए खनिज परिवहन हेतु ऑनलाईन ई-ट्रांजिट पास जारी करने की व्यवस्था पुनः आरंभ कर दी है. वित्तीय वर्ष के अंत तक खनिजों के माध्यम से 13 हजार करोड़ रूपए का खनिज राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मकान बनाने के लिए रेत उपलब्ध कराई जा रही है. लीज स्थलों पर छोटी गाड़ी से रेत ले जाने की सुविधा प्रदान की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रिंट मीडिया के लिये वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में प्रदर्शन विज्ञापन हेतु 110 करोड़ रूपए तथा वर्गीकृत विज्ञापन के लिए 22 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है. विभाग के क्षेत्र प्रचार में 120 करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान रखा गया है. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मद से विज्ञापन के लिए 90 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है. न्यू मीडिया के मद में 40 करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान रखा गया है. प्रकाशन मद के तहत 20 करोड़ रूपये का प्रस्ताव रखा गया है. आदिवासी उपयोजना अंतर्गत 10 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है.
परिवहन सुविधा केन्द्रों की संख्या 1 हजार तक करने की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने 25 स्थानों पर एएनपीआर कैमरा, महिलाओं की सुरक्षा हेतु निर्भया फ्रेमवर्क के तहत सार्वजनिक परिवहन की गाड़ियों मे व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस एवं इमरजेंसी बटन लगाने का निर्णय लिया गया है. परिवहन सुविधा केन्द्रों की संख्या 1 हजार तक करने की योजना है. परिवहन विभाग द्वारा अंतर्राज्यीय परिवहन चेकपोस्ट एवं परिवहन उड़नदस्ता के द्वारा ओव्हरलोडिंग की जांच के लिए राज्य में कुल 42 वे-ब्रिज की स्थापना के लक्ष्य के विरूद्ध 19 की स्थापना की जा चुकी है. आरवीएसएफ के माध्यम से स्क्रैप कराने पर पुराने वाहन के बकाया टैक्स में 1 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी. छत्तीसगढ़ के समस्त परिवहन कार्यालयों में ऑटोमेटेड ड्रायविंग टेस्ट ट्रैक का निर्माण किया जाएगा.
ग्रामोद्योग के उत्पादों की मार्केटिंग के लिए यूनिटी मॉल की स्थापना
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए तथा इसके माध्यम से अधिकाधिक लोगों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए हमने 266 करोड़ 13 लाख 65 हजार रूपए का प्रावधान किया है. उन्होंने कहा कि बुनकरों, शिल्पियों की कला को बढ़ावा देने के लिए एवं इनके उत्पादों की मार्केटिंग के लिए 80 करोड़ रूपए की लागत से यूनिटी मॉल की स्थापना का निर्णय लिया है.
हवाई सेवा का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर हवाई पट्टी के लिए 1200 करोड़, जशपुर हवाई पट्टी के लिए 412 करोड़, कोरबा हवाई अड्डे विकास के लिए 250 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है. दिल्ली-जबलपुर विमान सेवा का विस्तार जगदलपुर तक करने के लिए 12 करोड़ का प्रावधान किया गया है. जगदलपुर एयरपोर्ट में खराब मौसम में लैण्डिंग का सफल परीक्षण किया जा चुका है.
सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम प्रयोग के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम प्रयोग के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए हमने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के बजट में इस बार 109 करोड़ रूपए की वृद्धि की है, जो कि लगभग 70 प्रतिशत की वृद्धि है. शासन की विभिन्न योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए हमने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल तैयार किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम वाणी परियोजना केे प्रथम चरण में प्रदेश के 1 हजार ग्राम पंचायतों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी.
राजिम कुंभ मेला: धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में रामोत्सव की थीम पर झांकियों का उद्घाटन
रायपुर: धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की पहल से राजिम कुंभ की भव्यता 5 वर्ष बाद पुनः लौटी है. राजिम कुंभ कल्प 2024 मेला का आयोजन इस वर्ष रामोत्सव की थीम पर मनाया जा रहा है. राजिम कुंभ मेला स्थल में प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र और उनके छत्तीसगढ़ वनवास अवधि पर आधारित जीवंत झांकी का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो मेला में पहुंचने वाले समस्त श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. लोग धार्मिक सद्भाव और मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शाे को अनुभव कर इस झांकी आनंद उठा रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एवं धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के निर्देशन में इस बार कुंभ मेला छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्रीराम को समर्पित किया गया है. इसी तारतम्य में मेले की सारी सजावट में श्री राम की झलक स्पष्ट नजर आ रही है. शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में राम वन गमन पर आधारित चलित झांकी की प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें वनवास के दौरान श्रीराम द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत स्थलों का सचित्र चित्रण किया गया है. इसमें लोमष ऋषि से भेंट, त्रिवेणी संगम में बालू से शिवलिंग की सीता द्वारा किए गए पूजा, माता कौशिल्या सहित श्रृंगी ऋषि, शबरी एवं सुग्रीव से भेंट की झांकी लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है. इस डोम में आने लोग छत्तीसगढ़ के दण्डकारण्य क्षेत्र में राम द्वारा बिताए गए दिनों की झांकी से लोग रोमांचित होकर आनंद उठा रहे हैं.
रामोत्सव तर्ज पर ही मुख्यमंच में आयोध्या में निर्मित श्रीरामलला के मंदिर का प्रतिकात्मक चित्रण किया गया है, जिससे मुख्यमंच पूरी तरह से राममय दिखाई देता है. साथ ही झांकी के प्रदर्शन में लेजर लाईट और साउंड इफेक्ट के माध्यम से छत्तीसगढ़ में श्रीराम के बिताए गए दिनों को दिखाया जा रहा है, जो आने वाले पीढ़ी को राम के चरित्र सहित भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता द्वारा छत्तीसगढ़ के दण्डकारण्य क्षेत्र के बिताए गए दिनों से परिचित करा रहे हैं.
इस झांकी को देखने आए श्रद्धालुओं ने बताया कि हमें इस झांकी से काफी जानकारी प्राप्त हुई है, जिससे हम अंजान थे. युवाओं ने बताया कि जिन बातों को हमने किताबों में पढ़ा था, उसे सचित्र देखकर हमारा मन रोमांच से भर उठा. मेला आगंतुक राज्य शासन की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहे हैं.