छत्तीसगढ़
शिवनाथ एक्सप्रेस व इंटरसिटी एक्सप्रेस गाड़ियों में एलएचबी कोच का प्रावधान |
रायपुर: रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर प्रयास किया जा रहा है | इस तारतम्य में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने/गुजरने वाली सभी गाड़ियों में योजनाबद्ध तरीके से पुराने पारंपरिक कोचों के बदले सुविधाजनक, आरामदायक और ज्यादा सुरक्षित नई तकनीक वाले एलएचबी कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है |
एलएचबी कोच यात्रियों के लिए काफी आरामदायक व सुविधायुक्त होता है । रेल परिचालन की दृष्टि से एलएचबी कोच काफी सुरक्षित भी है । वर्तमान समय की मांग पर अगर स्पीड की बात की जाए तो ये कोच सामान्य कोचों की अधिकतम गति 110-130 कि.मी. की तुलना में 160 से भी अधिक की गति के लिए डिजाईन की गई है | इन कोचों में सामान्य कोचों की तुलना में ज्यादा जगह होती है । आईसीएफ़ कोच की तुलना में एलएचबी कोच में बर्थ की संख्या भी अधिक होती है | इससे रेल यात्रियों को अधिक से अधिक बर्थ की सुविधा प्रदान करने में भी सहायता मिल रही है । एलएचबी कोच में हाइड्रोलिक सस्पेंशन का प्रयोग किया जाता है । वही दाएं बाएं मूवमेंट के लिए भी सस्पेंशन का प्रयोग किया गया है, जिससे सफर आरामदायक हो जाता है ।
उपयुक्त सभी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुये गाड़ी संख्या 18239/18240 कोरबा-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-कोरबा शिवनाथ एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 12855/12856 बिलासपुर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-बिलासपुर, इंटरसिटी एक्सप्रेस में पारंपरिक कोचों के बदले एलएचबी कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है | यह सुविधा 18240 नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-कोरबा एक्सप्रेस में 12 मार्च 2024 से तथा 18239 कोरबा-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस में 13 मार्च 2024 से उपलब्ध रहेगी | इसी प्रकार 12855 बिलासपुर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस में 12 मार्च 2024 से तथा 12856 नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-बिलासपुर एक्सप्रेस में 14 मार्च 2024 से उपलब्ध रहेगी | इससे यात्रियों को बेहतर आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी |
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 5 मार्च को चित्रकोट महोत्सव 2024 का उद्घाटन करेंगे
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 5 मार्च को चित्रकोट महोत्सव-2024 का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के तहत 340 नव दंपत्तियों को आशीर्वाद भी प्रदान करेंगे। साथ ही इस मौके पर वे बस्तर संभाग के लिए 208.32 करोड़ रूपए से अधिक लागत के 643 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री 104 करोड़ 20 लाख रूपए की लागत से 177 विकास कार्यों का लोकार्पण और 104 करोड़ 11 लाख रूपए की लागत से 466 विकास कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण किए जाने वाले कार्यों में बस्तर जिले के 12 करोड़ 40 लाख 69 हजार की लागत से 31 विकास कार्य, सुकमा जिले के 10 करोड़ 27 लाख की लागत के 08 विकास कार्य, नारायणपुर जिले के 35 लाख 24 हजार की लागत के तीन विकास कार्य, बीजापुर जिले के 25 करोड़ 83 लाख 18 हजार की लागत के 104 विकास कार्य, कोण्डागांव जिले के एक करोड़ 08 लाख 46 हजार की लागत के 15 विकास कार्य, कांकेर जिले के 47 करोड़ 10 लाख 70 हजार की लागत के 14 विकास कार्य और दंतेवाड़ा जिले के 07 करोड़ 15 लाख 28 हजार की लागत के 02 विकास कार्य का लोकार्पण करेंगे।
इसी तरह भूमिपूजन-शिलान्यास के कार्यों में बस्तर जिले में 10 करोड़ 45 लाख रूपए की लागत के 108 विकास कार्य, सुकमा जिले में 08 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत के 06 विकास कार्य, नारायणपुर जिले में 08 करोड़ 73 लाख रूपए की लागत के 14 विकास कार्य, बीजापुर जिले में 10 करोड़ 43 लाख रूपए की लागत के 70 विकास कार्य, कोण्डागांव जिले में 04 करोड़ 28 लाख रूपए की लागत के 07 विकास कार्य, कांकेर जिले में 23 करोड़ 47 लाख रूपए की लागत के 29 विकास कार्य और दंतेवाड़ा जिले में 38 करोड़ 22 लाख रूपए की लागत के 232 विकास कार्य शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में वन एवं सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप, उच्च शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद श्री दीपक बैज, विधायक जगदलपुर श्री किरण देव, विधायक बस्तर श्री लखेश्वर बघेल, चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनीराम कश्यप, महापौर श्रीमती सफीरा साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पदमा कश्यप, जनपद पंचायत लोहण्डीगुडा अध्यक्ष श्री महेश कश्यप, सरपंच चित्रकोट श्रीमती बुटकी कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन समारोह में कवि सम्मेलन, स्कूली छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति, लोक नर्तकदलों की प्रस्तुति और ब्लिस डांस ट्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी।
श्री रामलला दर्शन योजना: छत्तीसगढ़ के 850 श्रद्धालु 5 मार्च को अयोध्या धाम की यात्रा पर रवाना होंगे
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय श्रीरामलला दर्शन योजना के लिए छत्तीसगढ़ से अयोध्या तक चलाई जा रही विशेष ट्रेन को 5 मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय श्री रामलला दर्शन के लिए जाने वाली विशेष ट्रेन को कल सुबह 10.30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 07 से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस विशेष ट्रेन में रायपुर संभाग के सभी 05 जिलों के 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम का दर्शन कराया जाएगा।
गौरतलब है कि 12 कोच वाली इस ट्रेन में एक बार में छत्तीसगढ़ के करीब 850 श्रद्धालु श्री रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा सकेंगे। इस विशेष ट्रेन का संचालन 5 मार्च से प्रारंभ हो रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार बड़ी तेजी से मोदी जी की गारंटी को पूरा करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां रहने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी। इस ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री अग्रवाल ने बताया कि सभी जिला कलेक्टरों ने हितग्राहियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्राप्त कर उनकी जांच की है और जिलेवार निर्धारित कोटे के अनुसार यात्रियों की सूची तैयार की है। सूची आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नोडल एजेंसी को भेजी गई। प्रत्येक जिले से 40 यात्रियों पर एक अनुरक्षक भी भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में अयोध्या के साथ-साथ इस ट्रेन के माध्यम से काशी में भगवान विश्वनाथ के दर्शन और प्रयागराज तीर्थ भ्रमण की व्यवस्था भी की जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शासन की किसी भी योजना से वंचित न होने देना हमारी प्राथमिकता है: मंत्री श्री बघेल
रायपुर: खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री और सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल ने जिला प्रशासन के विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को उनके दायित्वों को पूर्ण निष्ठा के साथ करने के निर्देश दिये है। जिससे कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके। आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब व्यक्ति शासन की किसी भी योजना से वंचित न हो सके। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित थी।
खाद्य मंत्री ने सभी उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आमजन की मूलभूत आवश्यकताएं पानी, बिजली, शिक्षा व चिकित्सा की पूर्ति हो यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता में होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिए कहा।
बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता उनके समक्ष अपनी समस्याओं को रखती हैं, जिन्हें समय-समय पर संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाता है, इन समस्याओं का निराकरण संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा निश्चित समयबद्ध अवधि में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि शासन और प्रशासन का सामंजस्य बहुत महत्वपूर्ण है यदि हम एक साथ आगे बढ़ेंगे तो हमारे जिले का सकारात्मक विकास होगा।
समीक्षा बैठक में खाद्य मंत्री ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, एनआरएलएम, खाद्य विभाग अंतर्गत राशन कार्ड नवीनीकरण, महिला एवं बाल विकास अंतर्गत महतारी वंदन योजना, आयुष्मान कार्ड विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत सही मायने में जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता मिली इसके लिए सर्वे सूची का परीक्षण करने के लिए भी निर्देशित किया गया। इसके साथ ही एकल शिक्षक वाले विद्यालय, जल जीवन अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की वस्तु स्थिति और सड़कों की वस्तु स्थिति जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई जिसमें संबंधित अधिकारियों को कार्य में कसावट लाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रेम नगर विधायक श्री भूलन सिंह मराबी, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते श्रीमती रंजनी रवि शंकर, श्री राजेश अग्रवाल, श्री शशिकांत गर्ग, श्री अजय अग्रवाल, श्री थलेश्वर साहू, श्री राम कृपाल साहू, श्रीमती शांति सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, डीएफओ पंकज कमल व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
अभनपुर में खेत में अज्ञात युवक की लाश मिलने से हड़कंप
अभनपुर: राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर में खेत में सोमवार को एक युवक का शव मिला है. संदिग्ध परिस्थिति में अज्ञात युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के अनुसार, आज दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि नगर के गोबरा बस्ती तालाब के पास खेत में अज्ञात युवक की लाश मिली है. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. लाश दो-तीन दिन पुरानी बताई जा रही है. फिलहाल मृतक कौन है अब तक इसका पता नहीं चल पाया है. पुलिस लाश की शिनाख्ती कर रही है.
मोवा अंडर ब्रिज कमांक आर. व्ही. 5 को मरम्मत हेतु सड़क यातायात बंद रहेगा
रायपुर: मोवा अंडर ब्रिज के रोड की मरम्मत करने की आवश्यकता है। जिसके लिये मोवा अंडर ब्रिज से सडक यातायात दिनांकः 06.03.2024 से 20.03.2024 तक बंद रहेगा।
मोवा अंडर ब्रिज के बन्द के दौरान सड़क यातायात मोवा रोड ओवर ब्रिज (ROB), मन्डी गेट (RV-3), तथा आर.व्ही.-6 से जारी रहेगा।
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में योग अध्यात्म विषय पर व्याख्यान का आयोजन
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय अंतर्गत आज दिनांक 4/03/2024 दिन सोमवार को स्वामी विवेकानंद स्मृति तुलनात्मक धर्म ,दर्शन एवं योग अध्ययनशाला में हिमाचल प्रदेश से आये प्रोफेसर श्री सत्य प्रकाश पाठक जी का योग आध्यात्म सम्बन्धी महत्वपूर्ण विषय पर व्याख्यान का आयोजित किया गया !
प्रो .पाठक जी ने छात्र छात्राओं को यौगिक आसान ,मुद्रा ,आत्म अभिप्रेरणा ,आत्मीय चेतना सम्बन्धी विषय पर प्रेरणात्मक बात रखते हुए अपने जीवन में योग को आत्मीय दिशा देते हुए जागरूकता हेतु प्रेरित किया वही प्रो .राजीव चौधरी जी ने सभी छात्र छात्राओं को स्वयं को पहचानने ,अपने सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए पूर्ण ऊर्जा के साथ जीवन के विविध आयामों में संघर्ष से बिना विचलित हुए निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर होने हेतु प्रेरित किया अंत में विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो .जगेलाल गहरे जी ने आये अतिथियों को सम्बोधित करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया !
विभाग में आयोजित व्याख्यान में विभाग के विभागाध्यक्ष श्री जगेलाल गहरे जी ,विधि विभाग के विभागाध्यक्ष ,छात्र अधिष्ठाता एवं शारीरिक अध्ययन शाला के प्रो . श्री राजीव चौधरी जी ,योग अध्ययन शाला के अतिथि शिक्षक श्री डॉ . महेंद्र कुमार प्रेमी जी ,श्री चितरंजन कुमार साहू जी ,श्रीमती कमला नायक जी सहित एम ए ,पी जी डिप्लोमा के सभी छात्र छात्राओं की उपस्थिति रही !
साहित्य समाज को ऊंचाई देवता है - जस्टिस शर्मा
कवि एवं जस्टिस अनिल कुमार शुक्ला की दो पुस्तकों का विमोचन लोक आयोग के सेमिनार हाल में प्रमुख लोकायुक्त जस्टिस श्री टी पी शर्मा ने किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साहित्य ही समाज को ऊंचाई देता है। मुख्य अतिथि प्रमुख लोक आयुक्त जस्टिस श्री टी पी शर्मा ने कहा कि साहित्य ईश्वर प्रदत्त कृति है। साहित्य समाज को ऊंचाई देता है। तुलसी ने स्वांत सुखाया के लिए रामचरित मानस की रचना की थी लेकिन आज वह लोक के लिए उत्कृष्ट रचना है। साहित्य कमजोर नहीं होता, वह प्रभावी होता है। यह सब का हित करता है। जस्टिस अनिल शुक्ला की दोनों पुस्तकें उनके अनुभवों का सार है, वे अपने परिदृश्य की तमाम विसंगतियों को बेबाकी से प्रस्तुत करते हैं। प्रेम की अनुभूतियों को प्रकट करती हैं।
पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि एक न्यायमूर्ति के रूप में जस्टिस श्री अनिल शुक्ला ने रोचक शब्दों में विसंगतियों को व्यंग शैली में प्रस्तुत किया है। समारोह के अध्यक्ष मैट्स विश्वविद्यालय के कुलपति डा के पी यादव ने कहा कि बड़ी बएबआकई से कवि ने समाज की विसंगतियों पर प्रहार किया । रचनाओं में एक ओर प्रेम की गहरी अनुभूति है तो दूसरी ओर यथार्थ पर प्रतिक्रिया।समीक्षक डॉ चित्तरंजन कर ने कहा कि आसान शैली में लिखना बड़ा कठिन है। इनकी कविताओं में प्रेम की चरम अनुभूति है, गहरी संवेदना है। व्यंगकार गिरीश पंकज ने कवि को व्यंग्यमूर्ति कहते हुए इन रचनाओं को समाज का आइना बताया।
प्रारंभ में अपनी कविताओं के निर्माण की प्रक्रिया और अनुभूतियों पर कवि जस्टिस श्री अनिल कुमार शुक्ला ने बात रखी और चुनी हुई कविताओं का पाठ किया। छत्तीसगढ़ मित्र के संपादक डॉ सुशील त्रिवेदी ने कहा कि ये कविताएं परंपरा से जन्मी हैं। कवि जोखिम उठाकर कविता लिखता है। विसंगतियों पर इतना तेज प्रहार कविताओं में है लेकिन अनेक कविताएं गांधीवादी व्यवस्था के निर्माण का आग्रह करती हैं।श्रीमती मंजू ठाकुर और श्रीमती साधना श्रीवास्तव ने कविताओं का सस्वर पाठ किया।अतिथियों का स्वागत लोक आयोग के उपसचिव के पी भदौरिया, आर पुराम, श्रद्धा द्विवेदी, डॉ सुरेश शुक्ला, डॉ एल एस निगम ने किया। संचालन करते हुए छत्तीसगढ़ साहित्य एवं संस्कृति संस्थान के महासचिव डॉ सुधीर शर्मा ने कवि का परिचय दिया।
रायपुर: 1400 एमएम व्यास की एचएस रा वाटर पाईप लाईन के लीकेज की मरम्मत के लिए 6 मार्च को 14 घंटे का शटडाउन
रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर के कार्यपालन अभियंता फिल्टर प्लांट ने जानकारी देते हुए बताया कि इंटेकवेल के अंतर्गत 1400 एमएम व्यास की एचएस रा वाटर पाईप लाईन के लीकेज की मरम्मत के आवश्यक कार्य हेतु दिनांक 6 मार्च 2024 बुधवार को 14 घंटे का शटडाउन लिया जाना है।
उक्त मरम्मत कार्य के कारण 150 एमएलडी प्लांट से भरने वाली टंकियां भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डी डी नगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मण्डी, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नया, रायपुरा, कुकुरबेड़ा, बैरन बाजार नया, एवं देवेन्द्र नगर नया उक्त सम्बंधित क्षेत्रों के 30 जलागारों से दिनांक 6 मार्च 2024 को सुबह जलप्रदाय होने के पश्चात् शाम को जलप्रदाय नही होगा। दिनांक 7 मार्च 2024 को सुबह जलप्रदाय आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। उपरोक्त के अलावा शहर में स्थित अन्य जलागारों एवं पावर पंपो से जलप्रदाय यथावत रहेगा।
पुलिस ने मंहगी बाइक चोरों को गिरफ्तार किया, 24 बाइक जब्त की गई
जशपुर: छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव क्षेत्र में मंहगी बाइक चोरी करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने नक्सलियों की तरह एम्बुस का जाल बिछाकर गिरोह के सरगना सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पुलिस ने 24 बाइक जब्त की है. सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है.
जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि इन बदमाशों को पकड़ने के लिए चोरी वाले अलग-अलग स्थानों पर 3 मंहगी बाइकों का चारा डालकर आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी पाई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी कुल 24 बाइक जब्त की है.
आगे उन्होंने बताया कि बदमाशों का गिरोह सरगुजा, जशपुर और रायगढ़ जिले मे चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. इन बदमाशों के गिरोह तक पहुंचने के लिए उन्हीं की कार्य योजना का सहारा लिया गया. जिसके बाद सरगना सहित आधा दर्जन बच्चों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस गिरोह में शामिल पत्थलगांव का शातिर बदमाश से 5 मंहगी बाइक भी जप्त की गई हैं.
भाजपा के संयुक्त मोर्चा की बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई
रायपुर: भाजपा के संयुक्त मोर्चा की बैठक आज प्रदेश कार्यालय में हुई, जिसमें आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई. बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा, आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से चर्चा की गई. बैठकों का क्रम निरंतर जारी है. आज पूरे छत्तीसगढ़ के 7 मोर्चा की संयुक्त बैठक हुई है. मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे. लोकसभा चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता जिम्मेदारियां निभाएंगे.
किरण सिंहदेव ने कहा, 11 लोकसभा सीट में विजय सुनिश्चित करने की दृष्टि से काम कर रहे हैं. राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेश से निचले स्तर तक गतिविधियों को संचालित करना है. पिछले एक महीने से कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है. बीजेपी के सभी नेता और कार्यकर्ता लोगों तक जा रहे हैं. मोदी की गारंटी पर काम लगातार हो रहा है. उन्होंने कहा, महतारी वंदन योजना को लेकर अभूतपूर्व उत्साह है. पिछले 5 साल में जो योजनाएं कांग्रेस ने ठप कर रखी थी. भाजपा सरकार में निर्धारित कार्य योजनाओं को लेकर जनसंपर्क अभियान पूर्ण हुआ है. 2047 तक कार्यशील योजनाओं से विकसित भारत बनाएंगे.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने पर कहा, कांग्रेस अपने नेताओं के बीच विश्वास खोती जा रही है. कांग्रेस गठबंधन और ठग बंधन जैसे काम कर रही है. कई क्षेत्रीय संगठन के साथ लड़ने की बात कर रही है. कांग्रेस ने अपनी गतिविधियां समाप्त कर दी है. बीजेपी में सभी वर्गों का विश्वास है.
7 मार्च को होने वाले महतारी वंदन कार्यक्रम पर किरण सिंहदेव ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के साथ विचार विमर्श चल रहा है. प्रधानमंत्री वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे या फिर कोई बड़े नेता पहली किश्त जारी करेंगे. 8 मार्च को शिवरात्रि का बड़ा पर्व है और पूरे छत्तीसगढ़ में मनाया जाता है. क्या जनता से लिए हुए सुझाव को घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा? इस सवाल पर किरण सिंहदेव ने कहा, पूरे देश से सुझाव शामिल होंगे. सभी 90 विधानसभा में पेटियां भेजी गई है. जनता के हित में संवाद निर्मित करने का काम बीजेपी करती है. मोदी जी की सोच है की जनता क्या चाहती है इसलिए सुझाव जनता से आमंत्रित किए गए हैं.
कांग्रेस से कई बड़े बड़े चेहरे चुनाव लड़ने से मना कर रहे हैं, इस पर किरण सिंहदेव ने तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस के विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. सभी बड़े चहरों को जनता ने अस्वीकार कर दिया है. कांग्रेस के काम करने का तरीका है. लोकसभा सीटों पर चुनौती वाले सवाल पर उन्होंने कहा, पिछले 5 वर्ष की कांग्रेस की सरकार को जनता ने देखा है. परखा है और समीक्षा भी की है. जनता के बीच से स्वीकारता कांग्रेस की खत्म हो चुकी है.
लोकसभा चुनाव से पहले भी क्या कई चेहरे भाजपा में शामिल होंगे, इस सवाल पर किरण सिंहदेव ने कहा, बीजेपी में सभी का स्वागत है. बड़ी संख्या में बीजेपी का विश्वास व्यक्त करते हुए दूसरे दलों से लोग शामिल हो रहे हैं.
धर्मस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने राजिम कुंभ मेला स्थल का औचक निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री श्री साय के राजिम प्रवास के संबंध में आवश्यक तैयारियों का लिया जायजा
संत समागम क्षेत्र, दंडी स्वामी आवास, वीआईपी भोजनालय, महानदी आरती स्थल, लेजर शो की व्यवस्थाओं का भी किया अवलोकन
रायपुर: धर्मस्व, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार की देर रात्रि राजिम कुंभ मेला स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आज जानकी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के राजिम आगमन के संबंध में की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सभी जगहों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मंत्री श्री अग्रवाल ने मेला स्थल में निर्मित संत समागम क्षेत्र, दंडी स्वामी आवास, वीआईपी भोजनालय, महानदी आरती स्थल एवं लेजर शो की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने दंडी स्वामी सच्चिदानंद सरस्वती महाराज से मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री श्री अग्रवाल ने मुख्य मंच से लेजर एवं लाइट शो का अवलोकन कर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मंच एवं गंगा आरती स्थल में जानकी जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के सुचारू संचालन की जरूरी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजिम विधायक श्री रोहित साहू, मेला सुरक्षा अधिकारी आईपीएस श्री भोजराम पटेल, उप संचालक पर्यटन विभाग श्री प्रताप पारख़ एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
रायपुर: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका, 200 लोगों ने भाजपा में प्रवेश किया
रायपुर: छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. आज कांग्रेस के कई पदाधिकारियों के साथ करीब 200 लोगों ने भाजपा प्रवेश किया है. बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान बीजेपी में शामिल हुए. सीएम विष्णु देव साय ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा प्रवेश कराया.
वहीं पूर्व विधायक मंतूराम पंवार अपने समर्थकों के साथ भाजपा प्रवेश किया. Jccj के अखिलेश पांडेय, मस्तूरी जिला पंचायत सदस्य राहुल सोनवानी ने भी भाजपा की सदस्यता ली. चैंबर ऑफ कामर्स के कुछ सदस्यों ने भी बीजेपी में प्रवेश किया. पार्टी के मुताबिक, करीब 200 लोगों ने भाजपा प्रवेश किया है.
रायपुर: कार चालक ने 4 महीने के पप्पी को जानबूझकर कुचला, मौत… CCTV में कैद हुई पूरी करतूत, पर नहीं हुई FIR,देखिए पशु क्रूरता से जुड़े मामले और कानून
रायपुर: पिछले कुछ महीनों में पशु क्रूरता के कई मामले हमारे सामने आए है। अधिकतर मामलों में आरोपी के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज किया गया और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया। हम उन्हीं प्यारे कुत्तों को प्यार करते हैं प्यार से बस्किट खिलाते तो वें हमेशा के लिए हमारे वफादार हो जाते हैं। रात को चोर-उच्चके भी उनके कारण दूर रहते हैं। पुलिस और सिक्योरिटी फोर्स में भी डॉग्स की अहम भूमिका होती हैं। फिर हम इंसान इन बेज़ुबान प्यारे जीवों के खिलाफ क्यों इतना निर्दय हो जा रहे हैं? क्यों इन्हें चोट पहुंचा रहे हैं। शिवरात्रि आने वाला है कुत्ते को बाबा भैरव का सवारी माना जाता हैं। साथ ही महाभारत में भी कुत्ते का ज़िक्र है। स्वर्ग के रास्ते में जहां धर्मराज युधिष्ठिर का साथ एक कुत्ते नी ही दिया। स्वर्ग में बिना उस कुत्ते के प्रवेश करने से युधिष्ठिर ने साफ इनकार कर दिया था। बात रही कुत्तों की काटने की तो उसका सही और कानूनी इलाज है केवल (ABC) एनिमल बर्थ कंट्रोल इसका मतलब उनका वैक्सिनेशन और बधियाकरण (नसबंदी)। जिसमें कही न कही प्रशासन फेल है।
कार चालक ने जानबूझकर कुत्ते को कुचल कर जान से मारा
ताजा मामला राजधानी रायपुर के गणपति नगर, चंगोराभाठा में एक कार सवार ने बर्बरता पूर्वक रोड पर सोए बेज़ुबान स्ट्रे डॉग (सड़क के कुत्ते) को अपनी कार से जानबूझकर कुचल कर उसे मौत के घाट उतार दिया। ये पूरी घटना CCTV फुटेज में कैद हो गई। जिसमें साफ नजर आ रहा है कि कार चालक चाहे तो ये घटना होने से रोक सकता था। इससे ये साफ है कि कार चालक ने इंटेंशनली बेज़ुबान जानवर की जान ले ली। ये मामला रायपुर के DD नगर थाना क्षेत्र का है।
ये घटना 1 मार्च 2024 की शाम करीबन 6 बजे की बताई रही है। वहां रहने वाले एक रहवासी के अनुसार, गणपति नगर, चंगोराभाठा निवासी विक्रम नाम के एक व्यक्ति ने जानबूझकर अपनी कार (CG 04 HY 9863) ने एक 4 महीने के शांत स्वभाव के पिल्ले के ऊपर चढ़ा दी थी। जो सो रहा था और कार की आवाज सुनकर जाग गया परंतु तब तक बहुत लेट हो चुका था। उस बेज़ुबान पप्पी ने बचने का खूब प्रयास किया पर उस राक्षस रूपी बहराम कार चालक ने पहले सामने चक्के से फिर पीछे के चक्के से भी बेज़ुबान को कुचल कर मार डाला। आवरा कुत्तों को एक जगह से दूसरे जगह ट्रांसफर करन, इन्हें जानबूझकर चोट पहुंचाना और लोगों को इन्हें खाना खिलाने से रोकना क़ानूनन अपराध है ये अवेयरनेस की कमी की वजह से लगातार ऐसे क्राइम हो रहे हैं।
एनिमल एक्टिविस्ट लगा रहे चक्कर पर चक्कर
जैसे ही पशु क्रूरता का ये मामला वहां के रहने वाले योगेश शर्मा के संज्ञान में आया उन्होंने पशु प्रेमियों और एनिमल एक्टिविस्ट की मदद से थाने में FIR दर्ज करवाने का प्रयास किया। परंतु पुलिस की ओर से इस मामले में खबर लिखे जाने तक कोई मदद नहीं मिली हैं। PETA (People for the Ethical Treatment of Animals) इंडिया की डॉ. किरण आहूजा ने संबंधित थाने के TI से FIR करने की गुजारिश। उन्होंने बताया की वहां से उन्हें नकारात्मक रिस्पांस मिला। जिसके बाद उन्होंने रायपुर पुलिस अधीक्षक से भी FIR कराने के लिए रिक्वेस्ट किया और उन्होंने उन्हें ऑफिसियल मेल ID में मेल भी किया पर वहां से भी FIR को लेकर उन्हें कोई पॉजिटिव रिस्पांस नहीं मिला। मेल में उन्होंने SP संतोष सिंह को CrPC के सेक्शन 154 (C) के तहत उनके दखल और TI को FIR का निर्देश देने के किए रिक्वेस्ट किया है।
सीसीटीवी में कैद हो गई घटना
रहवासी ने बताया कि इस हरकत से पहले भी वह कई बार आवारा कुत्तों और उनके पिल्ले को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका है लेकिन नाकाम रहा। लेकिन इस बार वह सफल हो गया और उसने एक मासूम बेज़ुबान को मार डाला। मुझे उस पिल्ले की मौत के बारे में मेरी मां से पता चला, जो शाम करीब 7:30 बजे टहलने गई थी और उन्होंने मुझे उस पिल्ले की मौत का कारण जानने के लिए अपने घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के लिए कहा। यह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि विक्रम ने पिल्ले के सामने अपनी कार रोकी और जानबूझकर उसे पिल्ले के ऊपर चढ़ा दिया और नीचे से भागने की कोशिश की लेकिन वह पिल्ले को लगातार लगभग 4 मीटर तक घसीटता रहा और अपनी कार के अगले पहिये से उसे मार डाला।
पुलिस नहीं लिख रही FIR
रहवासी ने बताया कि इस घटना के बाद 2 मार्च 2024 को मेरी बहन विक्रम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए डीडी नगर पुलिस स्टेशन रायपुर गई, लेकिन उसे अविनाश सिंह (डीडी नगर पुलिस स्टेशन के टीआई, ने एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया। ). फिर हमने सीएसपी योगेश साहू से संपर्क करने की कोशिश की जिन्होंने एफआईआर दर्ज करने से भी इनकार कर दिया और कहा कि सिर्फ टीआई को लिखित शिकायत दो और फोन काट दिया। इसके बाद हमने एसपी रायपुर संतोष सिंह से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने भी एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया और जवाब दिया कि हमने आपकी शिकायत ले ली है और हमें बताया है कि एफआईआर दर्ज करना या न करना हमारा काम है। जबकि IPC की धारा 429 और पशु क्रूरता निवारण कानून की धारा 11 (1) (L) के तहत ये जुर्म है और जेल की सजा का प्रवधान है।
मेनका गांधी को भी रहवासी ने लिखा मेल
उन्होंने PFA (पीपुल्स फॉर एनिमल) की चीफ सांसद मेनका गांधी को भी इस विषय में मेल किया है। उन्होंने सांसद से एफआईआर दर्ज करवाने में मदद और अपराधी को सबक सिखाने के लिए मार्गदर्शन मांगा है।ताकि भविष्य में आरोपी फिर से बेज़ुबान कुत्तों को नुकसान न पहुंचाए। उनके अनुसार, पिल्ले का शव एक भौतिक साक्ष्य है, जो 2 मार्च तक इनके पास था परंतु दिन-ब-दिन सड़ने की वजह से पिल्ले के शव को दफना दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे पास एक वीडियो क्लिप के रूप में सबूत है।
DM टावर से WRS कॉलोनी कुत्ते को रीएलोकेट करने बिरगांव निगम कमिश्नर के खिलाफ शिकायत
एनिमल रेस्क्यूअर मुकेश चन्द्रकुमार ने बताया कि, “26 फरवरी 2024 को मुझे किसी अनजान व्यक्ति द्वारा जानकारी प्राप्त हुई कि राजेश सिंह ठाकुर जो कि नगर निगम में दरोगा के पद पर शासकीय नौकरी पर कार्यरत है जिसके द्वारा डी.एन. यावर में रहने वाले सभी स्ट्रीट डॉग को उसके रहवास से हटाकर डब्लू, आर.एस. कालोनी के रेल्वे की तरफ जहां सुनसार एरिया हे वहां पर छोड़ दिया गया है। राजेश सिंह ठाकुर द्वारा किया गया यह कार्य अपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है क्योकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार किसी भी स्ट्रीट डॉग जहां पर वे रहते है या रहवासी है उसको वहां पर रहने का मूल निवास का अधिकार दिया गया है अगर कोई ऐसे स्ट्रीट डॉग को जिस जगह का वह रहवासी है अगर उन्हें हटाकर दूसरी जगह छोड़ता है तो वह दंडनीय अपराध है। राजेश सिंह ठाकुर के साथ रूपेश साहू जो कि बंजारी मंदिर का डॉक्टर है मंदिर का एम्बुलेंस का उपयोग करके उन सभी स्ट्रीट डॉग को पकड़कर डब्लू, आर. एस. कालोनी के पास सुनसान एरिया में छोड़ दिये है जब मेरे द्वारा राजेश सिंह ठाकुर से मोबाईल के माध्यम से बातचीत हुई और मैने जब इस बारे में पूछताछ किया तो उसके द्वारा मुझे बताया गया कि मैने यह कार्य नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के कहने पर किया है। इसके पहले भी इसी कमिश्नर द्वारा ही 8-10 महीने पहले भी बिरगांव एरिया के स्ट्रीट डॉग एवं गाय-बैल को भी किसी जंगल एरिया में छोड़ा गया था जिसके बारे में स्वयं कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय द्वारा मुझे बताया गया जिसके संबंध में मेनका गांधी के पास शिकायत भी की गई थी तथा मेनका गांधी द्वारा कमिश्नर को चेतावनी भी दी गई थी।”
शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नसबंदी में प्रशासन फेल
छत्तीसगढ़ में कुत्तों की नसबंदी में प्रशासन विफल नजर आता हैं, कुछ शहरों में ही इनका नसबंदी हो पाता है वो भी बहुत छोटे स्केल पर जिससे इनके तादाद में अंकुश नहीं लगाया जा पा रहा है। ज्यादा तादाद होने की वजह से इन्हें खाना नहीं मिलता और लगातार इनके खिलाफ हो रहे क्रूरता की वजह से ये एग्रेसिव भी हो जाते है।कई रिपोर्ट और रिसर्च के अनुसार नसबंदी और वैक्सिनेशन के बाद इनका एग्रेशन कम हो जाता हैं।
बीते कुछ महीनों में पशु क्रूरता से जुड़े मामले…
भिलाई में बुजुर्ग डॉग को डंडे से मारकर किया अधमरा, आरोपी गिरफ्तार
29 फरवरी 2024 को भिलाई में पशु क्रूरता का मामला सामने आया था। दो शख्स अचानक बाइक में आते है और उनमे से एक शख्स सड़क किनारे एक घर के सामने बैठे शांत बैठे हुए कुत्ते पर हत्या की नियत से मोटे डंडे से वार करने लगता है। आरोपी ने बड़े ही निर्मम तरीके से उस बेजुबान डॉगी पर हमला किया। जिससे वो अधमरा हो गया। ये मामला कृष्णा नगर बजरंग चौक वार्ड नं. 08, सुपेला भिलाई की है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत है। मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार 29 फरवरी 2024 की रात करीबन 10 बजे की बताई जा रही है। आरोपी का नाम टी गोपाल राव उर्फ बुज्जी बताया जा रहा है। PFA दुर्ग-भिलाई ने इस मामले में FIR दर्ज करवाई और आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया।
रायपुर के उरला में सोते हुए कुत्ते को व्यक्ति ने पत्थर से कुचल कर मारा, आरोपी गिरफ्तार
24 फरवरी 2024 को रायपुर के ही उरला के शिशु मानस भवन चौक के पास तुकाराम निषाद उर्फ छोटू नामक व्यक्ति ने एक मासूम कुत्ते की सोते समय बड़े पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। उसी इलाके के निवासी पशु प्रेमी खगेश कश्यप ने स्निग्धा चक्रवर्ती और मुकेश के साथ कुत्ते की मौत की जांच की और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों द्वारा जघन्य अपराध के बारे में पता लगाया, जहां तुकाराम सोते हुए कुत्ते की हत्या करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले में उरला थाने में भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 429 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कॉलोनी के व्हाट्सएप चैट में हो रही थी कुत्तों को मारने की प्लानिंग, एक पर डाला एसिड, मौत
कुछ दिनों से ऐसा देखा जा रहा है कि कॉलोनी और रहवासी क्षेत्र में भी बेजुबान जानवरों के प्रति क्रूरता बढ़ती जा रही है। इसी प्रकार की क्रूरता का एक उदाहरण रायपुर के अवंती विहार सेक्टर-2 क्षेत्र में देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार, संभ्रांत परिवार के कुछ लोगों द्वारा उसी एरिया के कुतों के ऊपर एसिड डाला गया और लगतार उनको मारने की प्लानिंग उनके वाट्सऐप ग्रुप में भी सभी के द्वारा मिल कर की जा रही है। इसमें एक एसिड अटैक कुत्ते की मौत हो गैव।
रायपुर में दिन दहाड़े फ्लाइओवर के साइड में बैठे बुजुर्ग कुत्ते को पत्थर से कुचला, आरोपी अरेस्ट
11 फरवरी 2024 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पशु क्रूरता का बेहद ही दर्दनाक मामला सामने आया था। रविवार सुबह तेलघानी नाका ओवर ब्रिज में एक व्यक्ति द्वारा उम्रदराज स्ट्रीट डॉग को बेरहमी से पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। आरोपी ने न सिर्फ बेजुबान जानवर की निर्मम हत्या की बल्कि उसने बेजुबान की हत्या के बाद भी बार-बार पत्थर से उसके शरीर को कुचलता रहा। जब तक वहां से गुजरने वाले लोगों ने उसे रोका नहीं और पुलिस के हवाले नहीं किया तब तक वो शैतान रूपी इंसान दम तोड़ चुके कुत्ते के साथ हैवानियत करता रहा। यह वारदात रायपुर के गंज थाना फाफाडीह की है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी शराबी प्रवत्ति का लग रहा है। आरोपी गुढ़ियारी इलाके का रहने वाला है। राहगीरों ने इसकी जानकारी एनिमल रेस्क्यूअर और NGO को दी। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाया। जो सोशल मीडिया के वायरल हुआ। इस मामले में पशु प्रेमी एवं एनिमल रेस्क्यूअर ने गंज थाना प्रभारी से शिकायत की। इसके बाद कुत्ते के शव का पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। समाज के लिए ऐसे अपराधीक प्रवृत्ति के लोग खतरा है। कल ये किसी के साथ भी ऐसा घिनौना और निर्मम कृत्या कर सकते है। FIR की बाद आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस ने कर ली थी।
बलौदाबाजार में सरपंच पर लगा 26 कुत्तों का नरसंहार का आरोप
जनवरी 2024 में छत्तीसगढ़ में पशु क्रूरता का बड़ा और गंभीर मामला सामने आया है। बलौदाबाजार के कोरदा-लवन में सरपंच पर आरोप है कि, उसने बाहर से शिकार बुलाकर 26 बेजुबानों को मौत के घाट उतरवा दिया। इस घटना से बड़ा सवाल ये उठता है कि, बेजुबानों पर कोई इतना बेरहम कैसे हो सकता है कि हत्या ही करवा दे। वो भी एक-दो नहीं, 26 श्वानों की? मामला कोयदा गांव का बताया जा रहा है। सरपंच हेमंत साहू ने 24 दिन पहले गांव में बाहर से शिकारी बुलवाए थे। उन्हें गांव की गलियों में घूमने वाले आवारा श्वानों को मारने कहा था। शिकारियों ने एक ही दिन में 26 श्वानों को मौत के घाट उतार - दिया। इनके शवों को गांव के तालाब और नदियों के रास्ते में फेंकवाया-गया है।
दुर्ग में डंडे से मारकर व्यक्ति ने ली थी बेज़ुबान की जान, आरोपी गिरफ्तार
24 जनवरी 2024 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अहिवारा से 7 किलोमीटर दूर डूमर गांव में पशु क्रूरता का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया था। 24 जनवरी को एक वीडियो सामने आया जिसमें एक व्यक्ति जिसका नाम अमरनाथ यादव बताया जा रहा है। वह एक डंडे से बेजुबान श्वान यानि कुत्ते की बेरहमी से हत्या करते नजर आ रहा है और वहां खड़े सभी लोग इसका तमाशा देख रहे हैं। दूर से डरे सहमे किसी छात्र ने पुरे मामले का वीडियो बनाया जिसके कारण यह मामला सभी के सामने आ पाया। इस वीडियो को देखकर किसी भी आम इंसान की रूह कांप जाएगी पर क्रूरता करते हुए उसे व्यक्ति के हाथ भी नहीं कांपे। आरोपी के खिलाफ एनिमल लवर आदर्श राय ने FIR दर्ज करवाया था। आरोपी को नंदनी नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
डिग्री गर्ल्स कॉलेज के प्रिंसिपल पर डॉग के बच्चों को फेंकवाने का लगा था आरोप
जनवरी 2024 के अंतिम हफ्ते में राजधानी रायपुर के डिग्री गर्ल्स कॉलेज के प्रिंसिपल पर डॉग के बच्चों को फेंकवाने का आरोप लगा था। पीपल फॉर एनिमल के मेंबर ने इसकी शिकायत भी की थी। उनका कहना है कि बच्चों को उनकी मां से दूर करने पर चार में से 2 बच्चों की मौत हो गई है। उन्होंने प्रशासन से सख्त सजा देने की मांग की है। इस मामले में PETA इंडिया से जुड़ी डॉ. किरण आहूजा ने कोतवाली थाने में FIR भी दर्ज कराई थी।
गया नगर दुर्ग में कुत्ते को जान से मार डाला
16 जनवरी 2024 को दुर्ग जिले में पशु क्रूरता का मामला सामने आया था। गया नगर क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक स्ट्रे डॉग को जान से मार दिया है। वहाँ के लोगों का कहना था कि विगत कुछ दिनों से कुत्ते के आतंक से रहवासी परेशान थे। वहाँ के लोगो निगम को जानकारी दी पर निगम के अधिकारियों द्वारा कोई व्यवस्था नही होने की बात कहते हुए हाथ खड़े कर दिया गया।
पिछले साल बिलासपुर में भी हुआ था ऐसा ही मामला
बेजुबान जानवरों के खिलाफ क्रूरता आये दिन बढ़ते जा रही है। लगातार लोग इन्हें चोट पहुंचाते जा रहे है। बिलासपुर में जहाँ घर के सामने बैठे एक कुत्ते पर दो बार ड्राइवर ने गाड़ी चढ़ा दी थी। जिससे कुत्ता बुरी तरह चोटिल हो गया था। इस मामले में CCTV वीडियो सामने आया है जिसे बिलासपुर की डॉग लवर और निधि जीव आश्रय NGO की निधि तिवारी ने सोशल मीडिया में शेयर किया। जिसमें ड्राइवर जान बूझकर पालतू जानवर पर क्रूरता करते नजर आ रहा है। इस मामले की शिकायत के बाद भी कुछ बड़ी कारवाई पुलिस के द्वारा नहीं की गई। ये मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना का था।
कॉलोनियों में भी बेज़ुबानों को किया जाता है परेशान
बीते साल रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहाँ पूरी वारदात CCTV फुटेज में रिकॉर्ड हुई है। दरहसल एक व्यक्ति द्वारा स्ट्रीट के डॉग्स के क्रूरता करते कई वीडियो सामने आए है। घर के सामने कुत्तों को बैठा देख व्यक्ति डंडा लेकर निकलता है और उनको पीटता और भगाता है। वीडियो में उस घर के बच्चे भी कुत्तों के ऊपर पानी डालते दिखाई दिए है। पुलिस से इस मामले की शिकायत की गई। जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद FIR दर्ज हुआ है। FIR होने के बाद भी कुत्तों को परेशान करने का और पीटने का सिलसिला जारी था। इस साल भी फार्च्यून सोसाइटी तातीबंध मेन ऐसा मामला सामने आया जिसमें कुत्तों को जबरन परेशान किया जा रहा था। इनके अलावा भी कई मामले जैसे रायपुर में एक व्यक्ति द्वारा कुत्तों पर एसिड डालना हो या उनकी हत्या करना हो। ऐसे और भी कई मामले हैं जो जागरूकता की कमी होने की वजह से रिकॉर्ड ही नहीं हो पाते।
5 साल तक की हो सकती है सजा!
IPC की धारा 429 किसी जानवर की हत्या करना या अपाहिज करने को अपराध बनाती है। ये धारा कहती है कि अगर किसी जानवर की हत्या की जाती है, उसे जहर दिया जाता है या फिर अपाहिज किया जाता है, तो दोषी पाए जाने पर 5 साल तक की कैद या जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। वहीं, पशु क्रूरता निवारण कानून की धारा 11 (1) (L) के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति किसी जानवर के हाथ-पैर काटता है या बिना वजह ही क्रूर तरीके से उसकी हत्या करते है, तो ऐसा करने पर दोषी पाए जाने पर तीन महीने तक की कैद या जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है।
संविधान का अनुच्छेद 51 (A) (g)क्या कहता है?
संविधान का अनुच्छेद 51 (A) (g) कहता है कि हर जीवित प्राणी के प्रति सहानुभूति रखना हर नागरिक का मूल कर्तव्य है। यानी, हर नागरिक का कर्तव्य है कि वो पर्यावरण और प्रकृति का संतुलन बनाए रखे।
1960 में लाया गया था पशु क्रूरता निवारण अधिनियम
देश में पशुओं के खिलाफ क्रूरता को रोकने के लिए साल 1960 में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम लाया गया था। साथ ही इस एक्ट की धारा-4 के तहत साल 1962 में भारतीय पशु कल्याण बोर्ड का गठन किया गया। इस अधिनियम का उद्देश्य पशुओं को अनावश्यक सजा या जानवरों के उत्पीड़न की प्रवृत्ति को रोकना है। मामले को लेकर कई तरह के प्रावधान इस एक्ट में शामिल हैं। जैसे- अगर कोई पशु मालिक अपने पालतू जानवर को आवारा छोड़ देता है या उसका इलाज नहीं कराता, भूखा-प्यासा रखता है, तब ऐसा व्यक्ति पशु क्रूरता का अपराधी होगा।
10 पॉइंट्स में समझिए पशु क्रूरता से जुड़े कानून :-
1. प्रिवेंशन ऑन क्रूशियल एनिमल एक्ट 1960 की धारा 11(1) कहती है कि पालतू जानवर को छोड़ने, उसे भूखा रखने, कष्ट पहुंचाने, भूख और प्यास से जानवर के मरने पर आपके खिलाफ केस दर्ज हो सकता है। इसपर आपको 50 रुपए का जुर्माना हो सकता है। अगर तीन महीने के अंदर दूसरी बार जानवर के साथ ऐसा हुआ तो 25 से 100 रुपए जुर्माने के साथ 3 माह की जेल सकती है।
2. भारतीय दंड संहिता की धारा 428 और 429 के तहत अगर किसी ने जानवर को जहर दिया, जान से मारा, कष्ट दिया तो उसे दो साल तक की सजा हो सकती है। इसके साथ ही कुछ जुर्माने का भी प्रावधान है।
3. भारत सरकार के एनिमल बर्थ कंट्रोल रूल (2001) के अनुसार किसी भी कुत्ते को एक स्थान से भगाकर दूसरे स्थान में नहीं भेजा जा सकता। अगर कुत्ता विषैला है और काटने का भय है तो आप पशु कल्याण संगठन में संपर्क कर सकते हैं।
4. भारत सरकार के एनिमल बर्थ कंट्रोल रूल (2001) की धारा 38 के अनुसार किसी पालतू कुत्ते को स्थानांतरित करने के लिए चाहिए कि उसकी उम्र 4 माह पूरी हो चुकी हो। इसके पहले उसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना अपराध है।
5. जानवरों को लंबे समय तक लोहे की सांकर या फिर भारी रस्सी से बांधकर रखना अपराध की श्रेणी में आता है। अगर आप जानवर को घर के बाहर नहीं निकालते तो यह भी कैद माना जाता है। ऐसे अपराध में 3 माह की जेल और जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
6. प्रिवेंशन ऑन क्रूशियल एनिमल एक्ट 1960 की धारा 11(1) के तहत अगर किसी गोशाला, कांजीहाउस, किसी के घर में जानवर या उसके बच्चे को खाना और पानी नहीं दिया जा रहा तो यह अपराध है। ऐसे में 100 रुपए तक का जुर्माना लग सकता है।
7. मंदिरों और सड़कों जैसे स्थानों पर जानवरों को मारना अवैध है। पशु बलिदान रोकने की जिम्मेदारी स्थानीय नगर निगम की है। पशुधन अधिनियम, 1960, वन्य जीवन (संरक्षण) अधिनियम, 1972, भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत ऐसे करना अपराध है।
8. किसी भी जानवर को परेशान करना, छेड़ना, चोट पहुंचाना, उसकी जिंदगी में व्यवधान उत्पन्न करना अपराध है। ऐसा करने पर 25 हजार रुपए जुर्माना और 3 साल की सजा हो सकती है।
9. वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 16 (सी) के तहत जंगली पक्षियों या सरीसृपों को नुकसान पहुंचाना, उनके अंड़ों को नुकसान पहुंचाना, घोंसलों को नष्ट करना अपराध है। ऐसा करने का दोषी पाए गए व्यक्ति को 3 से 7 साल का कारावास और 25,000 रुपये का जुर्माना हो सकता है।
10. ट्रांसपोर्ट ऑफ एनिमल रूल्स, 1978 की धारा 98 के अनुसार, पशु को स्वस्थ और अच्छी स्थिति में ही एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाना चाहिए। किसी भी रोग ग्रस्त, थके हुए जानवर को यात्रा नहीं करानी चाहिए। ऐसा करना अपराध है।
लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के लिए 10 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए
रायपुर: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 11 में 10 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं. आज स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में मुहर लगेगी.
इन नामों पर बन गई है सहमति
- राजनांदगांव- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
- दुर्ग- पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू
- रायपुर- पूर्व विकास उपाध्याय
- महासमुंद- पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू
- जांजगीर- पूर्व मंत्री शिव डहरिया
- कोरबा- सांसद ज्योत्सना महंत (महिला)
- बस्तर- हरीश लखमा या पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज
- कांकेर- बीरेश ठाकुर या पूर्व मंत्री अनिला भेंड़िया
- सरगुजा- शशि सिंह ( महिला )
- रायगढ़- विधायक लालजीत सिंह
वहीं फिलहाल बिलासपुर सीट के लिए अभी नाम तय नहीं हुआ है.
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शंकराचार्य जी के दर्शन किए, राजिम कुंभ के आयोजन में शामिल होंगे
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी तथा शारदा पीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी सदानंद सरस्वती जी के किए दर्शन
आशीर्वाद लेने बोरियाकला स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज सुबह राजधानी रायपुर के बोरियाकला स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचकर ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य जगदगुरु स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी तथा शारदा पीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी सदानंद सरस्वती जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। स्वामी जी राजिम कुंभ के संत समागम में भाग लेने छत्तीसगढ़ पहुंचे हुए हैं। इसके अलावा वे प्रदेश में होने वाले अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वामी जी को राजिम कुंभ आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार राजिम कुंभ कल्प का आयोजन बहुत भव्य तरीके से किया जा रहा है। देश भर से यहां संत समागम हुआ है। छत्तीसगढ़ के लोग बड़े भाग्यशाली हैं कि उन्हें आपका आशीर्वाद इस मौके पर मिला है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वामी जी से कहा कि राजिम कुंभ के माध्यम से संत समागम का उद्देश्य पूरा हो रहा है जिससे सनातन परंपरा के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ेगी।
शंकराचार्य जी ने इस मौके पर मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए जिस तरह से राजिम कुंभ में तैयारी की गई है और संत समागम हुआ है उससे निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में आध्यात्मिक वातावरण और उन्नत होगा। भगवान श्री राजीव लोचन जी और कुलेश्वर महादेव जी की पुण्य भूमि संगम नगरी राजिम में यह सुंदर आयोजन हो रहा है इससे निश्चित रूप से श्रद्धालुओं के लिए उत्साहपूर्ण वातावरण बना है।
इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।
रायपुर: पति ने भोथरे हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या, फिर आत्महत्या
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है. चरित्र शंका के चलते पति ने भोथरे हथियार से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. इस घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. यह मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, कबीर नगर थाना अंतर्गत सोन डोगरी निवासी फल व्यापारी ने अपनी बीवी की हत्या कर दी. इसके बाद वह खुद फांसी के फंदे पर लटकर आत्महत्या कर लिया. यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है. इस खौफनाक वारदात की जानकारी घर वालों को सुबह लगी. प्राथमिक जांच के अनुसार पति अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था. इसलिए उसने पत्नी की हत्या कर दी और खुद को भी मौत को गले लगा लिया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.